इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 21 अगस्त, 2023

  • 21 Aug 2023
  • 6 min read

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 

भारतीय रिज़र्व बैंक (Reserve Bank of India) के नवीनतम आँकड़ों के अनुसार, 11 अगस्त, 2023 को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) 708 मिलियन अमेरिकी डॉलर बढ़कर 602.16 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया है।

  • विदेशी मुद्रा भंडार का आशय एक केंद्रीय बैंक द्वारा विदेशी मुद्राओं में रिज़र्व पर रखी गई परिसंपत्ति से है, जिसमें बाॅण्ड, ट्रेज़री बिल और अन्य सरकारी प्रतिभूतियाँ शामिल हो सकती हैं।
  • भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में शामिल हैं:
    • विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति, स्वर्ण भंडार, विशेष आहरण अधिकार (Special Drawing Rights) और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (International Monetary Fund- IMF) के पास आरक्षित स्थिति।
      • FCA ऐसी परिसंपत्तियाँ हैं जिनका मूल्यांकन देश की अपनी मुद्रा के अलावा किसी अन्य मुद्रा के आधार पर किया जाता है।
  • अक्तूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserves) 645 बिलियन अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुँच गया।

तूफान हिलेरी

  • तूफान हिलेरी, श्रेणी- 4 का एक प्रमुख तूफान है जो 16 अगस्त, 2023 को पूर्वी प्रशांत महासागर में देखा गया था।
  • तूफानों को सैफिर-सिम्पसन तूफान विंड स्केल पर वर्गीकृत किया जाता है तथा हवा की गति के आधार पर 1 से 5 के पैमाने पर उनकी श्रेणी तय की जाती है।
    • जो तूफान श्रेणी तीन या उससे ऊपर तक पहुँचते हैं उन्हें प्रमुख तूफान के रूप में वर्गीकृत किया जाता है।
  • वर्ष 1939 के बाद दक्षिणी कैलिफोर्निया में आने वाला यह पहला उष्णकटिबंधीय तूफान है।
    • तूफान हिलेरी कई कारकों के संयोजन के कारण कैलिफोर्निया की ओर बढ़ रहा है, जैसे कि पश्चिमी अमेरिका में उच्च दबाव प्रणाली, पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में कम दबाव प्रणाली और एक अल नीनो घटना जो भूमध्य रेखा के पास समुद्र के पानी को गर्म करती है।
    • ये कारक उष्णकटिबंधीय चक्रवातों के बनने और मैक्सिको तथा मध्य अमेरिका के तट के साथ उत्तर की ओर बढ़ने के लिये अनुकूल वातावरण बनाते हैं।
  • हालाँकि अमेरिका के पश्चिमी तट पर ठंडे पानी, ठंडी धाराओं और प्रतिकूल हवाओं के कारण इनमें से अधिकांश तूफान कैलिफोर्निया पहुँचने से पहले कमज़ोर हो जाते हैं या पश्चिम की ओर मुड़ जाते हैं।
  • हिलेरी एक अपवाद है क्योंकि उसने अपनी ताकत बरकरार रखी है और सामान्य से अधिक उत्तरी ट्रैक का पालन किया है।

स्पेन ने जीता महिला फीफा विश्व कप 2023 

ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड की संयुक्त मेज़बानी में 32 टीमों की भागीदारी वाला महिला फीफा विश्व कप 2023 हाल ही में संपन्न हुआ।

  • फाइनल मैच 20 अगस्त, 2023 को आयोजित किया गया था जहाँ स्पेन ने इंग्लैंड को 1-0 से हराकर अपनी पहली विश्व कप ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के साथ स्पेन, जर्मनी के बाद पुरुष और महिला दोनों विश्व कप जीतने वाला दूसरा देश बन गया।
  • प्रतियोगिता के चार पिछले चैंपियन हैं: संयुक्त राज्य अमेरिका, जर्मनी, जापान और नॉर्वे।

और पढ़ें फीफा विश्व कप कतर 2022

ओणम

केरल में रोमांचक और जीवंत ओणम त्योहार शुरू हो गया है, जो एकता, सांस्कृतिक उत्सव और खुशियों का पर्व है। यह त्योहार 10 दिनों तक चलता है, जो अथम (ओणम का पहला दिन) से शुरू होता है तथा थिरुवोनम (अंतिम दिन) पर समाप्त होता है।

  • यह केरल का एक प्रमुख फसल उत्सव है और असुर राजा महाबलि के पुनः घर आगमन का भी प्रतीक है, जो केरल में शांति एवं समृद्धि लेकर आए थे।
  • यह केरल के तीन प्रमुख त्योहारों में से एक है, जो मलयालम कैलेंडर, कोल्लावर्षम (Kollavarsham) के पहले महीने चिंगम (Chingam) के दौरान मनाया जाता है।
    • राज्य के अन्य दो प्रमुख त्योहार- विशु (Vishu) और तिरुवथिरा (Thiruvathira) हैं।
  • ओणम के एक केंद्रीय पहलू में पुक्कलम (Pookkalam), जटिल फूलों की रंगोली बनाना शामिल है। इसके साथ-साथ विभिन्न प्रकार के अनुष्ठान इस उत्सव को समृद्ध करते हैं, जिनमें वल्लम काली (नाव दौड़), पुलिकली (बाघ नृत्य), कुम्मट्टिकाली (मुखौटा नृत्य) और ओनाथल्लू (मार्शल आर्ट) सहित अन्य मनोरम परंपराएँ शामिल हैं।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2