इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 21 अप्रैल, 2022

  • 21 Apr 2022
  • 7 min read

“क्रिप्टो-समर्थित” भुगतान कार्ड

क्रिप्टो ऋणदाता नेक्सो (Nexo) ने विश्व का पहला “क्रिप्टो-समर्थित” भुगतान कार्ड लॉन्च करने के लिये मास्टरकार्ड के साथ सहयोग किया है। इस लॉन्च ने वित्तीय और क्रिप्टो नेटवर्क द्वारा सहयोग करने के कदम को संकेत दिया है क्योंकि डिजिटल संपत्ति अधिक प्रचलन में आ रही है। क्रिप्टो-समर्थित क्रेडिट कार्ड का उपयोग विश्व भर के 92 मिलियन व्यापारियों में किया जा सकता है जहाँ मास्टरकार्ड स्वीकार किया जाता है। इस कार्ड के माध्यम से निवेशक क्रिप्टो उनके पास की संपत्ति के कानूनी मूल्य के 90% हिस्से को खर्च करने में सक्षम होंगे। प्रारंभ में यह कार्ड चयनित यूरोपीय देशों में उपलब्ध होगा। यह उपयोगकर्त्ताओं को बिटकॉइन जैसी अपनी डिजिटल संपत्ति को बेचे बिना खर्च करने की अनुमति देगा, क्योंकि डिजिटल संपत्ति का उपयोग दिये गए क्रेडिट/ऋण को वापस करने के लिये संपार्श्विक (collateral) के रूप में किया जाता है।

इनविक्टस गेम्स

हाल ही में इनविक्टस गेम्स 2022 की शुरुआत नीदरलैंड में हुई है। इन खेलों का आयोजन 16 से 22 अप्रैल तक किया जा रहा है। इनविक्टस गेम्स का पहला संस्करण वर्ष 2014 में लंदन में आयोजित किया गया था। यह खेल 2016 में अमेरिका के ऑरलैंडो, 2017 में टोरंटो, कनाडा और 2018 में सिडनी, ऑस्ट्रेलिया में आयोजित किये जा चुके हैं। यह एक अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता है जो पैरालिंपिक के समान है लेकिन यह घायल और बीमार सैन्य युद्ध के पूर्व सैनिकों और सेवा कर्मियों के लिये ही होती है। इन खेलों ने कवि विलियम अर्नेस्ट हेनले की कविता ‘इनविक्टस’ से प्रेरणा ली गई है। हेग में वर्तमान में चल रहे खेलों का आयोजन वर्ष 2020 में होना था लेकिन COVID-19 महामारी के कारण उन्हें स्थगित कर दिया गया था। 20 देशों से 500 से अधिक प्रतियोगी तीरंदाजी, एथलेटिक्स, इनडोर रोइंग, साइकिलिंग, वॉलीबॉल, पावरलिफ्टिंग, व्हीलचेयर बास्केटबॉल, तैराकी और व्हीलचेयर रग्बी में भाग ले रहे हैं। डसेलडोर्फ, जर्मनी इन खेलों के वर्ष 2023 संस्करण की मेजबानी करेगा।

 विश्व रचनात्मकता और नवाचार दिवस

प्रत्येक वर्ष 21 अप्रैल को संयुक्त राष्ट्र द्वारा विश्व रचनात्मकता और नवाचार दिवस (World Creativity and Innovation Day) के रूप में मनाया जाता है। यह दिन संयुक्त राष्ट्र के सतत् विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु नवाचार और रचनात्मकता के महत्त्व के बारे में लोगों के मध्य जागरूकता पैदा करता है। ‘पर्यावरण तथा विकास पर विश्व आयोग’ (1983) के अंतर्गत बर्टलैंड कमीशन द्वारा जारी रिपोर्ट (1987) के अनुसार–‘आने वाली पीढ़ी की अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने की क्षमता से समझौता किये बिना वर्तमान पीढ़ी की आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु विकास ही सतत् विकास है।’ संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम, यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन) और UNOSSC (दक्षिण-दक्षिण के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय) द्वारा प्रकाशित ‘Creative Economy Report’ के अनुसार 21वीं शताब्दी में रचनात्मकता और नवाचार किसी देश की दो मुख्य संपत्तियाँ  हैं। इस समय जब वैश्विक स्तर पर COVID-19 के कारण अंतर्राष्ट्रीय लॉकडाउन की स्थिति बनी हुई है तब वैश्विक अर्थव्यवस्था को चालू रखने हेतु प्रमुख आर्थिक भागीदारियों का  रचनात्मक रूप से सक्रिय होना महत्त्वपूर्ण है।

'सिविल सेवा दिवस' 

प्रत्येक वर्ष 21 अप्रैल को 'सिविल सेवा दिवस' (Civil Services Day) के रूप में मनाया जाता है। यह दिन उन लोक सेवकों को समर्पित है जो कि देश की प्रगति के लिये कार्य करते हैं, साथ ही नीति निर्माण में भी अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। इस दिन लोक प्रशासन में विशिष्टता हेतु प्रधानमंत्री पुरस्कार भी दिये जाते हैं। इस प्रकार का पहला समारोह 21.04.2006 को विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था।प्रधानमंत्री ने इस समारोह का शुभारंभ किया। सभी सिविल सेवाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले भारत सरकार के वरिष्ठ अधिका‍रीगण इस समारोह में भाग लेते हैं। सिविल सेवा दिवस के रूप में 21 अप्रैल की तारीख इसलिये महत्त्वपूर्ण है क्योंकि 21 अप्रैल, 1947 को स्वतंत्र भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने दिल्ली के मेटकाॅफ हाउस में प्रशासनिक सेवा के प्रोबेशनरी अधिकारियों को संबोधित करते हुए सिविल सेवकों को 'भारत का स्टील फ्रेम ' कहा था। भारत में सिविल सेवा की नींव वॉरेन हेस्टिंग्स द्वारा रखी गई थी किंतु बाद में चार्ल्स कॉर्नवॉलिस द्वारा इसमें अधिक सुधार किये गए इसलिये उन्हें ‘भारत में नागरिक सेवाओं के पिता’ के रूप में जाना जाता है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow