प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 10 जून से शुरू :   संपर्क करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 19 मार्च, 2022

  • 19 Mar 2022
  • 5 min read

कल्पना चावला

17 मार्च, 2022 को अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला के जन्मदिवस की 60वीं वर्षगाँठ मनाई गई। ध्यातव्य है कि अंतरिक्ष में जाने वाली भारतीय मूल की पहली महिला के रूप में कल्पना चावला का इतिहास में एक विशिष्ट स्थान है। कल्पना चावला का जन्म 17 मार्च, 1962 को हरियाणा के करनाल में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1982 में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से वैमानिकी इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की, जिसके बाद वे अपनी आगे की पढाई के लिये अमेरिका चली गईं। वर्ष 1984 में उन्होंने टेक्सास विश्वविद्यालय से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री प्राप्त की और वर्ष 1988 मे अमेरिका के कोलोराडो विश्वविद्यालय से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में ही पीएचडी (PhD) डिग्री हासिल की। इसके बाद एक शोधकर्त्ता के रूप में उन्होंने वर्ष 1988 में नासा (NASA) के साथ अपने कॅरियर की शुरुआत की। अप्रैल 1991 में अमेरिकी नागरिक बनने के पश्चात् उन्हें वर्ष 1994 में नासा (NASA) में बतौर अंतरिक्ष यात्री चुन लिया गया। नवंबर 1996 में उन्हें अंतरिक्ष शटल मिशन STS-87 में मिशन विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया, जिसके साथ ही वे अंतरिक्ष में उड़ान भरने वाली भारतीय मूल की पहली महिला बन गई। वर्ष 2001 में कल्पना चावला को अंतरिक्ष शटल मिशन STS-107 के चालक दल का सदस्य बनने का अवसर प्राप्त हुआ। इसी मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण कल्पना चावला की मृत्यु हो गई।

35वाँ सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला

हरियाणा के फरीदाबाद में 19 मार्च, 2022 से 35वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन 04 अप्रैल तक किया जाएगा। इस मेले का आयोजन कोविड -19 के कारण दो वर्ष के अंतराल के बाद किया जा रहा है। सूरजकुंड मेला स्वयं में एक विशिष्ट आयोजन है क्योंकि यह भारत के हस्तशिल्प, हथकरघा और सांस्कृतिक ताने-बाने की समृद्धि एवं विविधता को प्रदर्शित करता है तथा यह दुनिया का सबसे बड़ा शिल्प मेला है। यह मेला वर्ष 1987 में कुशल कारीगरों की संख्या को बढ़ावा देने हेतु शुरू किया गया था। इस मेले को वर्ष 2013 में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपग्रेड किया गया। इस मेले का आयोजन सूरजकुंड मेला प्राधिकरण एवं हरियाणा पर्यटन द्वारा केंद्रीय पर्यटन, कपड़ा, संस्कृति और विदेश मंत्रालय के सहयोग से किया जाता है।

दिशांक एप

कर्नाटक सरकार ने बेहतर जल प्रबंधन के उद्देश्य से भारत का पहला डिजिटल वॉटर डेटा बैंक ‘एक्वेरियम’ (AQVERIUM) लॉन्च किया है। डिजिटल वॉटर डेटा बैंक सभी संस्थानों और स्रोतों से जल संबंधी डेटा की एक विशिष्ट सूची प्रदान करता है, जो कि कुछ सामान्य विकासत्मक चुनौतियों से निपटने में मदद कर सकता है। डिजिटल वॉटर डेटा बैंक अनुसंधान एवं विश्लेषण हेतु अंतर्दृष्टि एवं साक्ष्य भी प्रदान करता है, जिससे जल प्रदूषण से निपटने के लिये मौलिक विश्वसनीय सूचना प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। इस पहल का उद्देश्य प्रमाणित साक्ष्यों के आधार पर जल निर्णयन संबंधित प्रक्रिया को मज़बूत करना है, ताकि निर्णय सेवा वितरण में सुधार किया जा सके, जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन हो और जल संसाधनों के प्रयोग के संबंध में लचीलापन सुनिश्चित किया जा सके। 

कैरोलिना बिलाव्स्का

मिस पोलैंड कैरोलिना बिलाव्स्का ने हाल ही में प्रतिष्ठित मिस वर्ल्ड 2021 का खिताब जीता है। ज्ञात हो कि 40 सेमी-फाइनलिस्ट प्यूर्टो रिको में वापस एकत्रित हुए थे, क्योंकि बीते वर्ष दिसंबर माह के फाइनल को कोरोना वायरस महामारी के कारण स्थगित कर दिया गया था। मिस वर्ल्ड ब्यूटी पेजेंट 2019 का खिताब भारतीय मूल की जमैका की टोनी.एन सिंह ने जीता था। ‘मिस वर्ल्ड’ प्रतियोगिता को दुनिया की सबसे पुरानी अंतर्राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता के रूप में जाना जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1951 में एक ब्रिटिश टेलीविज़न होस्ट एरिक मॉर्ले ने की थी।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2