इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 17 सितंबर, 2021

  • 17 Sep 2021
  • 7 min read

मिशियो सुजिमुरा

वैश्विक सर्च इंजन ‘गूगल’ ने हाल ही में जापानी शिक्षक और बायोकेमिस्ट ‘मिशियो सुजिमुरा’ के 133वें जन्मदिन पर डूडल बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वर्ष 1888 में जापान के सैतामा प्रांत में जन्मी ‘मिशियो सुजिमुरा’ को ‘ग्रीन टी’ के पोषण लाभों से संबंधित अपने अभूतपूर्व शोध के लिये जाना जाता है। अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद मिशियो सुजिमुरा ने अपने प्रारंभिक कॅरियर की शुरुआत विज्ञान के एक शिक्षक के तौर पर की। वर्ष 1920 में उन्होंने ‘होक्काइडो इंपीरियल यूनिवर्सिटी’ में एक वैज्ञानिक शोधकर्त्ता के रूप में कार्य शुरू किया, जहाँ उन्होंने मुख्य तौर पर जापानी रेशम कीट के पोषण गुणों का विश्लेषण किया। कुछ वर्ष पश्चात् ‘मिशियो सुजिमुरा’ का स्थानांतरण ‘टोक्यो इंपीरियल यूनिवर्सिटी’ में कर दिया गया, जहाँ उन्होंने ‘डॉ. उमेतारो सुजुकी’, जो कि  विटामिन B1 की खोज के लिये प्रसिद्ध थे, के साथ ‘ग्रीन टी’ के जैव रसायन पर शोध करना शुरू किया। उनके संयुक्त शोध से ही पता चला था कि ‘ग्रीन टी’ में विटामिन C की महत्त्वपूर्ण मात्रा होती है। अपने शोध के अलावा ‘मिशियो सुजिमुरा’ ने एक शिक्षिका के रूप में भी काफी महत्त्वपूर्ण कार्य किया, वर्ष 1950 में ‘टोक्यो वीमेन्स हायर नॉर्मल स्कूल’ में गृह अर्थशास्त्र संकाय की वह पहली डीन थीं। 

लसिथ मलिंगा

श्रीलंका के तेज़ गेंदबाज ‘लसिथ मलिंगा’ ने हाल ही में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की है। मलिंगा ने श्रीलंका के लिये कुल 226 एकदिवसीय, 84 टी20 अंतर्राष्ट्रीय और 30 टेस्ट मैच खेले, जिनमें उन्होंने क्रमशः 101, 338 और 107 विकेट प्राप्त किये। लसिथ मलिंगा ने अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट कॅरियर की शुरुआत वर्ष 2004 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए की थी। अपनी घातक यॉर्कर के लिये प्रसिद्ध लसिथ मलिंगा ने श्रीलंका को वर्ष 2011 के विश्व कप फाइनल में पहुँचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके पश्चात् वर्ष 2014 के T20 विश्व कप में उन्होंने श्रीलंका का नेतृत्व भी किया। लसिथ मलिंगा ‘इंडियन प्रीमियर लीग’ (IPL) में भी अनुभवी खिलाड़ी थे। उन्होंने मुंबई इंडियंस के ओर से कुल 122 मैच खेले और टीम को लीग में सबसे सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने इस वर्ष जनवरी माह में फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट से संन्यास की भी घोषणा की थी। 

भूपेंद्र पटेल: गुजरात के नए मुख्यमंत्री

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद ‘भूपेंद्र पटेल’ को राज्य का नया मुख्यमंत्री नामित किया है। भूपेंद्र पटेल, घाटलोदिया निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा (MLA) सदस्य हैं और इससे पहले अहमदाबाद में ‘मेमनगर नगर पालिका’ के अध्यक्ष तथा ‘अहमदाबाद नगर निगम’ एवं ‘अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण’ की स्थायी समिति के अध्यक्ष पर रह चुके हैं। भूपेंद्र पटेल ने ‘गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक’ (अहमदाबाद) से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है। 

‘शांतिपूर्ण मिशन’ अभ्यास-2021

भारतीय सैन्य दल ने हाल ही में रूस के ऑरेनबर्ग में ‘शंघाई सहयोग संगठन’ (SCO) के ‘शांतिपूर्ण मिशन’ अभ्यास-2021 के छठे संस्करण में हिस्सा लिया। संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभ्यास ‘शांतिपूर्ण मिशन’ एक बहुपक्षीय अभ्यास है जिसे शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के बीच सैन्य कूटनीति के एक हिस्से के रूप में द्विवार्षिक रूप से आयोजित किया जाता है। इस अभ्यास के छठे संस्करण को 13-25 सितंबर, 2021 के बीच दक्षिण-पश्चिम रूस के ‘ऑरेनबर्ग क्षेत्र’ में आयोजित किया जा रहा है। इस अभ्यास का उद्देश्य शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देना और बहुराष्ट्रीय सैन्य टुकड़ियों का नेतृत्व करने की सैन्य क्षमताओं में वृद्धि करना है। यह अभ्यास, शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के सशस्त्र बलों को सर्वोत्तम प्रथाओं को परस्पर साझा करने में सक्षम बनाता है। यह अभ्यास SCO राष्ट्रों के सशस्त्र बलों को बहुराष्ट्रीय एवं संयुक्त वातावरण के शहरी परिदृश्य में आतंकवाद-रोधी अभियानों में प्रशिक्षित होने का अवसर भी प्रदान करता है। इस अभ्यास के दायरे में पेशेवर आपसी संपर्क, अभ्यास और प्रक्रियाओं की आपसी समझ, संयुक्त कमान एवं नियंत्रण संरचनाओं की स्थापना तथा आतंकवादी खतरों का उन्मूलन करना शामिल है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2