इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 14 जुलाई, 2022

  • 14 Jul 2022
  • 4 min read

फ्राँसीसी बास्तील दिवस 

फ्राँस प्रत्येक वर्ष 14 जुलाई को राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाता है जिसे बास्तील दिवस (Bastille Day) भी कहा जाता है14 जुलाई, 1789 को सैन्य किले और जेल के रूप में मशहूर बास्तील के पतन का प्रतीक है जब गुस्साई भीड़ ने उस पर धावा बोल दिया था, जो फ्राँसीसी क्रांति की शुरुआत का संकेत था और फ्राँसीसी रिपब्लिकन आंदोलन के लिये एक महत्त्वपूर्ण प्रतीक बन गया। फ्राँसीसी राष्ट्रीय दिवस को औपचारिक रूप से फ्राँस में ला फेट नेशनेल (La Fete Nationale) कहा जाता है। फ्राँस के साथ-साथ यह अन्य देशों और विशेष रूप से फ्रेंच भाषी लोगों एवं समुदायों द्वारा भी मनाया जाता है। इस अवसर पर कई सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं लेकिन सबसे प्रसिद्ध कार्यक्रम बास्तील दिवस मिलिट्री परेड है। यह परेड 14 जुलाई की सुबह पेरिस में होती है। पहली परेड वर्ष 1880 में आयोजित की गई थी। प्रसिद्ध साइकिल दौड़ टूर डी फ्राँस (Tour de France) भी बास्तील दिवस के दौरान होती है। बास्तील पेरिस में एक मध्ययुगीन शस्त्रागार, किला और जेल था। कई आम लोगों के लिये यह अनुचित राजशाही का प्रतिनिधित्व करता था और राजशाही सत्ता के दुरुपयोग का प्रतीक था।

सुप्रीम आर्डर क्राईसेंथमम

जापान सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को (मरणोपरांत) ‘सुप्रीम आर्डर ऑफ द क्राईसेंथमम’ से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। शिंजो आबे जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे। वह संविधान के तहत जापान के सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने वाले चौथे पूर्व प्रधानमंत्री हैं। यह जापान का सर्वोच्च सम्मान है। जापान के सम्राट मेजी ने वर्ष 1876 में ग्रैंड कॉर्डन ऑफ द ऑर्डर की स्थापना की थी। बाद में 4 जनवरी, 1888 को इसमें कॉलर ऑफ द ऑर्डर जोड़ा गया। शिंजो आबे की 8 जुलाई, 2022 को उस समय हत्या कर दी गई, जब वह नारा शहर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 41 वर्षीय तेत्सुया यामागामी ने 10 मीटर की दूरी से उन पर गोलियाँ चलाकर इस घटना को अंजाम दिया। 

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन डिफेंस (AIDEf)

हाल ही में रक्षा मंत्री ने पहली “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन डिफेंस (AIDEf) संगोष्ठी और प्रदर्शनी” का उद्घाटन किया। ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत रक्षा मंत्रालय के तहत रक्षा उत्पादन विभाग द्वारा AIDEf संगोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसने रक्षा क्षेत्र में “आत्मनिर्भर भारत” को बढ़ावा देने का प्रस्ताव रखा है। इस प्रदर्शनी के दौरान विभाग AI-सक्षम समाधानों का प्रदर्शन करेगा जिन्हें उद्योग, अनुसंधान संगठनों तथा स्टार्टअप एवं  इनोवेटर्स द्वारा विकसित किया गया है। ये सभी उत्पाद ऑटोमेशन या मानव रहित या रोबोटिक्स सिस्टम, साइबर सुरक्षा, मानव व्यवहार विश्लेषण, लॉजिस्टिक्स और आपूर्ति शृंखला प्रबंधन, निगरानी प्रणाली, भाषण विश्लेषण एवं C4ISR: कमांड, नियंत्रण, संचार, कंप्यूटर तथा खुफिया, निगरानी के क्षेत्र से संबंधित हैं।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow