इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 13 मई, 2022

  • 13 May 2022
  • 4 min read

रॉयल गोल्ड मेडल, 2022

अहमदाबाद स्थित ‘बालकृष्ण विट्ठलदास दोशी’ को ‘रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ ब्रिटिश आर्किटेक्ट्स’ (RIBA) द्वारा ‘रॉयल गोल्ड मेडल, 2022 से सम्मानित किया गया है, जो कि वास्तुकला के लिये विश्व का सर्वोच्च सम्मान है। 94 वर्षीय बालकृष्ण दोशी को उनके सात दशकों लंबे कॅरियर के दौरान देश भर में 100 से अधिक परियोजनाओं को पूरा करने के लिये यह सम्मान दिया जा रहा है। गौरतलब है कि ‘रॉयल गोल्ड मेडल’ एक ऐसे व्यक्ति या समूह को प्रदान किया जाता है, जिसका वास्तुकला की उन्नति में महत्त्वपूर्ण योगदान रहा हो। वर्ष 2018 में वह प्रित्ज़कर आर्किटेक्चर पुरस्कार से सम्मानित होने वाले पहले भारतीय बने। इस पुरस्कार को वास्तुकला का नोबल पुरस्कार कहा जाता है। रॉयल गोल्ड मेडल प्राप्त करने के बाद वह दोनों पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्हें वर्ष 2020 में भारत सरकार द्वारा पद्मभूषण से सम्मानित किया गया था। यह देश का तीसरा सबसे बड़ा नागरिक पुरस्कार है। उनकी कुछ महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं में भारतीय प्रबंधन संस्थान, बैंगलोर, अहमदाबाद स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर, अरण्य लो-कॉस्ट हाउसिंग, भारतीय प्रबंधन संस्थान, उदयपुर, टैगोर हॉल और मेमोरियल थियेटर, अहमदाबाद तथा निफ्ट दिल्ली शामिल हैं। 

हंगरी की पहली महिला राष्ट्रपति

कैटलिन नोवाक हंगरी की पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गई हैं। वह 44 साल की उम्र में हंगरी की सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति भी हैं। राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने जेनोस एडर की जगह ली है। नोवाक पाँच साल के कार्यकाल के लिये इस पद पर रहेंगी। वर्ष 2022 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान पीटर रोना उनके प्रतिद्वंद्वी थे। वह Fidesz – हंगेरियन सिविक एलायंस की सदस्य हैं। उन्होंने वर्ष 2018 से 2022 तक नेशनल असेंबली के सदस्य के रूप में भी काम किया है। चौथी विक्टर ओर्बन सरकार के तहत उन्होंने वर्ष 2020 से 2021 तक पारिवारिक मामलों की मंत्री के रूप में भी कार्य किया था।

यूं सुक-योल

10 मई, 2022 को सियोल की नेशनल असेंबली में मुख्य विपक्षी पीपुल्स पावर पार्टी के 60 वर्षीय यूं सुक-योल ने दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। यूं सुक-योल ने दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति के रूप में मून जे-इन की जगह ली है, जो देश के 12वें राष्ट्रपति थे। उन्होंने ऐसे समय में पदभार ग्रहण किया जब देश का उत्तर कोरिया के साथ अत्यधिक तनाव चल रहा है। राष्ट्रपति पद की शपथ लेते ही यूं सुक-योल ने उत्तर कोरिया को परमाणु मुक्त करने का आह्वान किया। हाल ही में भारत और दक्षिण कोरिया व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) के उन्नयन संबंधी वार्ता पर चर्चा को नई गति प्रदान करने और दोनों देशों के उद्योग जगत के नेताओं के बीच व्यापार एवं निवेश पर व्यापक ‘B2B’ (व्यवसाय से व्यवसाय) वार्ता को बढ़ावा देने पर सहमत हुए है तथा भारत ने दक्षिण कोरिया के साथ CEPA पर हस्ताक्षर किये हैं।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow