इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 12 अक्तूबर, 2023

  • 12 Oct 2023
  • 7 min read

लोकनायक जयप्रकाश नारायण जयंती

हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी है।

  • 11 अक्तूबर 1902 को सिताबदियारा, बिहार में जन्मे जयप्रकाश नारायण, जिन्हें जे.पी. अथवा लोकनायक (पीपुल्स लीडर) के नाम से जाना जाता है, एक भारतीय स्वतंत्रता कार्यकर्त्ता, समाज सुधारक व राजनेता थे।
  • वर्ष 1929 में वह भारतीय राष्ट्रीय कॉन्ग्रेस में शामिल हुए और सविनय अवज्ञा आंदोलन तथा भारत छोड़ो आंदोलन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
  • विनोबा भावे से प्रेरणा लेकर उन्होंने भूमिहीनों को भूमि पुनर्वितरण की वकालत करते हुए, भूदान यज्ञ आंदोलन के लिये अपना जीवन समर्पित कर दिया।
  • उन्होंने चुनावी कानून के उल्लंघन के जवाब में इंदिरा गांधी शासन के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्त्व किया, वर्ष 1974 में 'संपूर्ण क्रांति' अथवा टोटल रेवोलुशन के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।
    • 'संपूर्ण क्रांति' के सात घटक थे: राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक, वैचारिक, शैक्षिक और आध्यात्मिक।
  • जयप्रकाश नारायण उद्देश्य सर्वोदय के आदर्शों के अनुरूप सामाजिक परिवर्तन लाना था, यह एक गांधीवादी दर्शन है तथा सभी की प्रगति पर केंद्रित है।
  • जयप्रकाश नारायण को वर्ष 1999 में मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया। 8 अक्तूबर, 1979 को उनका निधन हुआ।

नानाजी देशमुख की जयंती

हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री ने नानाजी देशमुख को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी है।

  • 11 अक्तूबर, 1916 को महाराष्ट्र के हिंगोली ज़िले में जन्में नानाजी देशमुख एक प्रमुख सामाजिक कार्यकर्त्ता, राजनीतिज्ञ और भारत के राजनीतिक परिदृश्य में एक प्रमुख व्यक्ति थे।
  • उन्होंने आचार्य विनोबा भावे के भूदान आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया।
  • उन्होंने सामाजिक सुधार, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित किया।
  • उन्होंने गरीबी विरोधी और न्यूनतम आवश्यकता कार्यक्रम की दिशा में काम किया।
  • उन्होंने चित्रकूट में भारत के पहले ग्रामीण विश्वविद्यालय, चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय की स्थापना की और इसके कुलाधिपति के रूप में कार्य किया।
  • वर्ष 1999 में उन्हें राज्यसभा केलिये नामित किया गया था।
  • वर्ष 1999 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया और वर्ष 2019 में भारत के राष्ट्रपति द्वारा मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
  • मृत्यु: 27 फरवरी, 2010

और पढ़ें: जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख की जयंती

विश्व दृष्टि दिवस

विश्व दृष्टि दिवस (World Sight Day) एक वैश्विक कार्यक्रम है प्रत्येक वर्ष अक्तूबर माह के दूसरे गुरुवार को आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य अंधापन और दृष्टि बाधिता की ओर ध्यान आकर्षित करना है।

  • वर्ष 2023 में, यह दिवस 12 अक्तूबर को मनाया जा रहा है और इसकी थीम है “Love your eyes at work” अर्थात्  "काम करते समय अपनी आँखों से प्यार करें।"
    • इस वर्ष लोगों को कार्यस्थल पर अपनी दृष्टि की सुरक्षा के बारे में शिक्षित करने पर ज़ोर दिया जा रहा है।
  • विश्व स्तर पर, कम-से-कम 1 बिलियन लोगों को निकट या दूर दृष्टि दोष है जिसे रोका जा सकता है या अभी तक इसका समाधान नहीं किया जा सका है (विश्व स्वास्थ्य संगठन)।

और पढ़ें: विश्व दृष्टि दिवस

ऑपरेशन अजय

भारत ने इज़राइल से लौटने के इच्छुक अपने नागरिकों की सहायता के लिये "ऑपरेशन अजय" शुरू किया है। उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिये विशेष चार्टर उड़ानें और व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

  • इजराइल और फिलिस्तीन की स्थिति पर नज़र रखने और जानकारी एवं सहायता प्रदान करने के लिये विदेश मंत्रालय में 24 घंटे उपलब्ध का नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
  • यह घोषणा गाजा पट्टी में हमास उग्रवादियों को लक्षित करने के उद्देश्य से इजराइल द्वारा चलाए जा रहे सैन्य अभियानों को देखते हुए की गई थी।
    • इजराइल द्वारा यह कार्रवाई उसकी सीमाओं के भीतर हुए एक गंभीर और हिंसक हमले के जवाब में की गई थी।

और पढ़ें: इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष

बॉण्ड निवेशकों के लिये 'SUGAM REC' मोबाइल एप 

विद्युत मंत्रालय के अधीन एक महारत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम REC लिमिटेड ने 'SUGAM REC' नामक एक मोबाइल एप्लीकेशन पेश किया है, जिसे विशेष रूप से REC के 54EC पूंजीगत लाभ कर छूट बॉण्ड में वर्तमान और संभावित निवेशकों के लिये डिज़ाइन किया गया है।

  • यह एप REC 54EC बॉण्ड में निवेश के बारे में व्यापक जानकारी प्रदान करता है, जो एक प्रकार का निश्चित आय वाला वित्तीय साधन है और आयकर अधिनियम की धारा 54EC के तहत पूंजीगत लाभ पर कर छूट प्रदान करता है।
    • पूंजीगत लाभ शब्द किसी भी लाभ को संदर्भित करता है जो पूंजीगत परिसंपत्ति की बिक्री से प्राप्त होता है।
  • REC लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1969 में की गई थी। यह एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) के रूप में काम करती है तथा पूरे भारत में विद्युत क्षेत्र के वित्तपोषण एवं विकास पर ध्यान केंद्रित करती है।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2