इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

इज़रायल-लेबनान: समुद्री सीमा समझौता

  • 29 Oct 2022
  • 8 min read

हाल ही में इज़रायल और लेबनान ने एक यू.एस. ब्रोकर्ड मैरीटाइम बॉर्डर डील पर हस्ताक्षर किये, जो तकनीकी रूप से युद्ध में संलिप्त पड़ोसियों द्वारा अपतटीय गैस निष्कर्षण का मार्ग प्रशस्त करता है।

Lebanon

समझौता:

  • पृष्ठभूमि:
    • लेबनान और इज़रायल वर्ष 1948 में इज़रायल के निर्माण के बाद से आधिकारिक तौर पर युद्ध में रहे हैं और दोनों देश भूमध्य सागर के लगभग 860 वर्ग किलोमीटर (330 वर्ग मील) पर दावा करते हैं।
    • इस क्षेत्र में अपतटीय गैस क्षेत्रों पर इज़रायल और लेबनान के प्रतिस्पर्द्धी दावों के बीच एक दशक पुराना तनाव रहा है, जिसमें करिश गैस क्षेत्र और काना, एक संभावित गैस क्षेत्र का हिस्सा शामिल है।
      • इज़रायल द्वारा विकसित किये जा रहे करिश गैस क्षेत्र को ईरान द्वारा समर्थित लेबनान के शक्तिशाली राजनीतिक और आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह से खतरा था। दोनों देशों ने वर्ष 2011 में भूमध्य सागर में अतिव्यापी सीमाओं की घोषणा की थी।
    • चूँकि दोनों देश तकनीकी रूप से युद्ध में रहे हैं, इसलिये संयुक्त राष्ट्र को मध्यस्थता करने के लिये कहा गया था।
    • इज़रायल द्वारा दो गैस क्षेत्रों की खोज के बाद इस मुद्दे ने महत्त्व प्राप्त किया,जो इसे ऊर्जा निर्यातक में बदलने में मदद कर सकता है।
  • परिचय:
    • यह पूर्वी भूमध्य सागर में उस क्षेत्र के क्षेत्रीय विवाद को हल करता है जहाँ लेबनान प्राकृतिक गैस की खोज करना चाहता है।
    • यह गैस क्षेत्र दोनों देशों के बीच समुद्री सीमा पर स्थित है और यह समझौता दोनों देशों को गैस से रॉयल्टी प्राप्त करने की अनुमति देगा।
    • सौदे के तहत इज़रायल को करिश क्षेत्र का पता लगाने का पूरा अधिकार प्राप्त है।
    • लेबनान को निकटवर्ती काना क्षेत्र में पूर्ण अधिकार प्राप्त है और यह इज़रायल को रॉयल्टी का हिस्सा देने की अनुमति देने के लिये सहमत हो गया है।
    • यह पहली बार लेबनानी और इज़रायली जल के बीच सीमा निर्धारित करता है, जिसे लाइन 23 के रूप में संदर्भित किया जाता है।
    • यह समझौता इज़रायल और लेबनान के बीच साझा भूमि सीमा को नहीं छूता है, जो अभी भी विवादित है।
      • इस सीमा को ब्लू लाइन भी कहा जाता है, ऐसी सीमा जो संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2000 में दक्षिणी लेबनान से इज़रायल के हटने के बाद खींची गई थी।
  • महत्त्व:
    • इस समझौते से लेबनान में इज़रायल और हिज़्बुल्लाह आतंकवादियों के बीच संघर्ष के तत्काल खतरे के टालने की भी उम्मीद है।
    • यह समझौता दोनों देशों के लिये ऊर्जा और आय के नए स्रोत पैदा करेगा, विशेष रूप से यह लेबनान के लिये महत्त्वपूर्ण है, जो कि ऊर्जा एवं वित्तीय संकट का सामना कर रहा है।
    • यह यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के कारण ऊर्जा की कमी के बीच यूरोप को गैस का संभावित नया स्रोत प्रदान कर सकता है।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा पिछले वर्ष के प्रश्न  

प्रश्न. निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजिये: (2019)

     समुद्र सीमा                    देश

  1. एड्रियाटिक सागर:          अल्बानिया
  2. काला सागर:                क्रोएशिया
  3. कैस्पियन सागर:            कज़ाखस्तान
  4. भूमध्य सागर:               मोरक्को
  5. लाल सागर:                 सीरिया

उपर्युक्त युग्मों में से कौन-से सही सुमेलित हैं?

(a) केवल 1, 2 और 4
(b) केवल 1, 3 और 4 
(c) केवल 2 और 5
(d) 1, 2, 3, 4 और 5

उत्तर: (b)

व्याख्या:

  • एड्रियाटिक सागर भूमध्य सागर का एक हिस्सा है जो इटली के पूर्वी तटरेखा और बाल्कन प्रायद्वीप के देशों के बीच स्लोवेनिया से क्रोएशिया, बोस्निया और हर्जेगोविना, मोंटेनेग्रो तथा अल्बानिया तक विस्तृत है। अत: युग्म 1 सही सुमेलित है।
  • काला सागर एक अंतर्देशीय समुद्र है जो सुदूर दक्षिणपूर्वी यूरोप और एशिया महाद्वीप के सुदूर पश्चिमी किनारों तथा तुर्किये के बीच स्थित है। इसकी सीमा तुर्किये, बुल्गारिया, रोमानिया, यूक्रेन, रूस तथा जॉर्जिया से लगती है। अत: युग्म 2 सही सुमेलित नहीं है।
  • कैस्पियन सागर एशिया और यूरोप के बीच जल का एक बंद निकाय है। इसकी सीमा ईरान, तुर्कमेनिस्तान, कज़ाखस्तान, अज़रबैजान तथा रूस से लगती है। अत: युग्म 3 सही सुमेलित है।
  • भूमध्य सागर की सीमा से 21 देश लगे हैं। ये स्पेन, फ्राँस, मोनाको, इटली, माल्टा, स्लोवेनिया, क्रोएशिया, बोस्निया व हर्जेगोविना, मोंटेनेग्रो, अल्बानिया, ग्रीस, तुर्किये, साइप्रस, सीरिया, लेबनान, इज़रायल, मिस्र, लीबिया, ट्यूनीशिया, अल्जीरिया और मोरक्को हैं।
  • मोरक्को का भूमध्यसागरीय तट उत्तरी अफ्रीकी तट के पश्चिमीतम किनारे का प्रतिनिधित्व करता है। समुद्र तट में जिब्राल्टर जलडमरूमध्य है जो भूमध्य सागर और अटलांटिक महासागर के बीच की कड़ी को चिह्नित करता है। अत: युग्म 4 सही सुमेलित है।
  • लाल सागर की सीमा से छह देश (सऊदी अरब, यमन, मिस्र, सूडान, इरिट्रिया और जिबूती) लगे हैं। अत: युग्म 5 सुमेलित नहीं है।

अतः विकल्प (B) सही उत्तर है।


प्रश्न. भूमध्य सागर निम्नलिखित में से किन देशों की सीमा है? (2017)

  1. जॉर्डन 
  2. इराक
  3. लेबनान
  4. सीरिया

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:

(a) केवल 1, 2 और 3
(b) केवल 2 और 3
(c) केवल 3 और 4
(d) केवल 1, 3 और 4

उत्तर:(c)

स्रोत: हिंदू

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2