इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

ग्रेट इंडियन बस्टर्ड

  • 27 Mar 2024
  • 8 min read

स्रोत: द हिंदू 

हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय (SC) ने एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया जिसका उद्देश्य नवीकरणीय/अक्षय ऊर्जा स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा देकर देश की अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के साथ संकटापन्न पक्षी ग्रेट इंडियन बस्टर्ड के संरक्षण और सुरक्षा को संतुलित करना है।

  • ये बड़े पंखों वाले पक्षी विलुप्त होने की कगार पर हैं जिसका एक कारण गुजरात और राजस्थान में इनके मुख्य प्राकृतिक वास के निकट से गुज़रने वाले उच्च ऊर्जा वाले विद्युत तार हैं।

ग्रेट इंडियन बस्टर्ड क्या है?

  • परिचय:
    • ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (Ardeotis nigriceps) राजस्थान का राजकीय पक्षी है और भारत का सबसे गंभीर रूप से संकटापन्न पक्षी माना जाता है।
    • यह घास के मैदान की प्रमुख प्रजाति मानी जाती है, जो चरागाह पारिस्थितिकी का प्रतिनिधित्व  करती है।
    • ये अधिकांशतः राजस्थान और गुजरात में पाए जाते हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक एवं आंध्र प्रदेश में यह प्रजाति कम संख्या में पाई जाती है।

GIB की सुरक्षा के लिये किये गए उपाय:

  • प्रजाति पुनर्प्राप्ति कार्यक्रम:
  • जुगनू पक्षी डायवर्टर:
    • जुगनू पक्षी डायवर्टर बिजली लाइनों पर स्थापित फ्लैप हैं। वे GIB जैसी पक्षी प्रजातियों के लिये रिफ्लेक्टर(परावर्तक) के रूप में कार्य करते हैं।
    • पक्षी इन्हें लगभग 50 मीटर की दूरी से देख सकते हैं और बिजली लाइनों से टकराव से बचने के लिये अपनी उड़ान का रास्ता बदल सकते हैं।
  • कृत्रिम हैचिंग :
    • संरक्षण प्रजनन कार्यक्रम, 2019 में जंगलों से अंडे एकत्र करके और उन्हें कृत्रिम रूप से अंडे सेने का कार्य शुरू हुआ। 21 जून, 2019 को पहला चूज़ा निकला और उसका नाम 'यूनो' रखा गया। उस वर्ष आठ और चूज़े पैदा हुए एवं उनका पालन-पोषण किया गया तथा उनकी निगरानी की गई।
    • राजस्थान के दो प्रजनन केंद्रों में कुल 29 GIB रखे गए हैं।
  • राष्ट्रीय बस्टर्ड पुनर्प्राप्ति योजनाएँ:
    • इसे वर्तमान में संरक्षण एजेंसियों द्वारा कार्यान्वित किया जा रहा है।
  • संरक्षण प्रजनन सुविधा:
    • राजस्थान सरकार और भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) द्वारा जून 2019 में जैसलमेर के डेज़र्ट नेशनल पार्क में एक संरक्षण प्रजनन सुविधा भी स्थापित की गई है।
  • प्रोजेक्ट ग्रेट इंडियन बस्टर्ड:
    • इसे राजस्थान सरकार ने इस प्रजाति के प्रजनन बाड़ों के निर्माण और उनके आवासों पर मानव दबाव को कम करने के लिये एवं बुनियादी ढाँचे के विकास के उद्देश्य से लॉन्च किया है।

डेज़र्ट नेशनल पार्क:

  • यह राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर ज़िलों के भीतर भारत की पश्चिमी सीमा पर स्थित है।
  • ग्रेट इंडियन बस्टर्ड, राजस्थान राजकीय पशु (चिंकारा) और राजकीय वृक्ष (खेज़री) तथा राजकीय पुष्प (रोहिड़ा) इस उद्यान में प्राकृतिक रूप से पाए जाते हैं।
  • इसे 1980 में यूनेस्को द्वारा विश्व विरासत स्थल और 1992 में राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया गया था।

कच्छ बस्टर्ड अभयारण्य:

  • कच्छ बस्टर्ड अभयारण्य भारत के गुजरात के कच्छ ज़िले में नलिया के पास स्थित है।
  • यह देश का सबसे छोटा अभयारण्य है, जो सिर्फ दो वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। अभयारण्य, जिसे लाला-परिजन अभयारण्य (Lala-Parijan Sanctuary) के रूप में भी जाना जाता है, मुख्य रूप से लुप्तप्राय ग्रेट इंडियन बस्टर्ड की सुरक्षा के लिये जुलाई 1992 में घोषित किया गया था।
  • अभयारण्य बस्टर्ड की तीन प्रजातियों का आवास है: ग्रेट इंडियन बस्टर्ड, लेसर फ्लोरिकन और मैक्वीन बस्टर्ड।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रश्न. निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2019)

  1. एशियाई शेर प्राकृतिक रूप से सिर्फ भारत में पाया जाता है। 
  2. दो-कूबड़ वाला ऊँट प्राकृतिक रूप से सिर्फ भारत में पाया जाता है। 
  3. एक-सींग वाला गैंडा प्राकृतिक रूप से सिर्फ भारत में पाया जाता है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

 (a) केवल 1
 (b) केवल 2
 (c) केवल 1 और 3
 (d) 1, 2 और 3

उत्तर: (a)


प्रश्न. निम्नलिखित में से कौन-सा एक प्राणी समूह संकटापन्न जातियों के संवर्ग के अंतर्गत आता है? (2012)

(a) भारतीय सारंग, कस्तूरी मृग, लाल पांडा और एशियाई वन्य गधा
(b) कश्मीरी महामृग, चीतल, नील गाय और भारतीय सारंग
(c) हिम तेंदुआ, अनूप मृग, रीसस बंदर और सारस (क्रेन)
(d) सिंहपुच्छी मेकाक, नील गाय, हनुमान लंगूर और चीतल

उत्तर: (a)


प्रश्न. भारत के 'मरु राष्ट्रीय उद्यान' के संदर्भ में निम्नलिखित में से कौन-से कथन सही हैं ? (2020)

1. यह दो ज़िलों में विस्तृत है।
2. उद्यान के अंदर कोई मानव वास स्थल नहीं है।
3. यह 'ग्रेट इंडियन बस्टर्ड' के प्राकृतिक आवासों में से एक है।

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:

(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 2 और 3
(c) केवल 1 और 3
(d) 1,2 और 3

उत्तर: (c)

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2