इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

एजियन सागर

  • 10 Jun 2022
  • 8 min read

हाल ही में तुर्की के राष्ट्रपति ने ग्रीस को एजियन सागर में द्वीपों से अपनी सेना हटाने की चेतावनी दी है। 

विवाद का कारण: 

  •  तुर्की का पक्षः  
    • तुर्की का कहना है कि ग्रीस, एजियन द्वीपों पर किसी भी प्रकार की सैन्य गतिवधियों पर प्रतिबंध की संधियों का उल्लंघन कर रहा है। 
      • तुर्की ने तर्क दिया कि द्वीपों पर किसी प्रकार की सैन्य गतिविधि न करने की शर्त पर इसे ग्रीस को सौंपा गया था 
  • ग्रीस का पक्ष : 
    • ग्रीस का कहना है कि तुर्की ने जान-बूझकर संधियों की गलत व्याख्या की है और उसका यह भी कहना है कि शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों के बाद खुद का बचाव करने के लिये उसके पास कानूनी आधार हैं, जिसमें ग्रीस द्वारा अपने जलीय क्षेत्र की सीमा का विस्तार करने पर लंबे समय तक चलने वाले युद्ध की धमकी भी शामिल है। 
    • ग्रीस और तुर्की के बीच वर्तमान मतभेद उनके स्थल सीमा को लेकर नहीं बल्कि समुद्री क्षेत्र विस्तार को लेकर है। 
  • संबंधित संधि: 
    • ग्रीस ने वर्ष 1912-13 के बाल्कन युद्धों में ओटोमन साम्राज्य से लिम्नोस, समोथ्रेस, लेसवोस, समोस, चियोस और इकारिया के द्वीपों को छीन लिया था। 
      • वर्ष 1923 की लॉज़ेन की संधि में इसे आधिकारिक तौर पर इन क्षेत्रों के लिये संप्रभु   माना गया था। 
    • वर्ष1914 में लंदन में की गई एक अन्य संधि के तहत ग्रीक को द्वीपों पर नियंत्रण को उनके विसैन्यीकरण की शर्त पर सौंपा गया  था। 
      • तुर्की के अनुसार, लॉज़ेनि की संधि वर्ष 1914 की संधि का संदर्भ देती है, इसका तात्पर्य उसी शर्त से है। 
    • ग्रीस उस व्याख्या को खारिज करता है। 

एजियन सागर की मुख्य विशेषताएँ: 

  • एजियन सागर भूमध्य सागर का एक भाग है, जो पश्चिम में ग्रीक प्रायद्वीप और पूर्व में एशिया माइनर के बीच स्थित है। 
  • एजियन डार्डनेल्स, मार्मारा सागर और बोस्पोरस के जलडमरूमध्य के माध्यम से काला सागर से जुड़ा हुआ है, जबकि क्रेते द्वीप दक्षिण की सीमा को निर्धारित करता है।  

Mediterranean-sea

विगत वर्ष के प्रश्न: 

प्रश्न. निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजिये: (2019) 

सागर सीमावर्ती देश 
1. एड्रियाटिक सागर अल्बानिया
2. काला सागर क्रोएशिया
3. कैस्पियन सागर कज़ाखस्तान
4. भूमध्य सागर मोरक्को
5. लाल सागर सीरिया

उपर्युक्त युग्मों में से कौन-से सही सुमेलित हैं? 

(a) केवल 1, 2 और 4 
(b) केवल 1, 3 और 4 
(c) केवल 2 और 5 
(d) 1, 2, 3, 4 और 5 

उत्तर: (b) 

व्याख्या: 

  • एड्रियाटिक सागर भूमध्य सागर का एक हिस्सा है जो इटली के पूर्वी तट और बाल्कन प्रायद्वीप के देशों, स्लोवेनिया, क्रोएशिया, बोस्निया तथा हर्जेगोविना, मोंटेनेग्रो एवं अल्बानिया के बीच स्थित है। अत: युग्म 1 सही सुमेलित है। 
  • काला सागर एक अंतर्देशीय समुद्र है जो सुदूर दक्षिण-पूर्वी यूरोप और एशिया महाद्वीप के सुदूर पश्चिमी किनारों तथा तुर्की देश के बीच स्थित है। इसकी सीमा तुर्की, बुल्गारिया, रोमानिया, यूक्रेन, रूस एवं जॉर्जिया से लगती है। अत: युग्म 2 सही सुमेलित नहीं है। 
  • कैस्पियन सागर एशिया और यूरोप के बीच जल का एक संलग्न निकाय है। इसकी सीमा ईरान, तुर्कमेनिस्तान, कज़ाखस्तान, अज़रबैजान और रूस से लगती है। अत: युग्म 3 सही सुमेलित है। 
  • भूमध्य सागर की सीमा से लगे 21 देश हैं। ये स्पेन, फ्रांँस, मोनाको, इटली, माल्टा, स्लोवेनिया, क्रोएशिया, बोस्निया और हर्जेगोविना, मोंटेनेग्रो, अल्बानिया, ग्रीस, तुर्की, साइप्रस, सीरिया, लेबनान, इज़रायल, मिस्र, लीबिया, ट्यूनीशिया, अल्जीरिया तथा मोरक्को हैं। 
  • मोरक्को का भूमध्यसागरीय तट उत्तरी अफ्रीकी तट के सबसे पश्चिमी किनारे का प्रतिनिधित्व करता है। समुद्र तट में ज़िब्राल्टर जलडमरूमध्य है जो भूमध्य सागर और अटलांटिक महासागर के बीच की कड़ी को चिह्नित करता है। अत: युग्म 4 सही सुमेलित है। 
  • लाल सागर की सीमा से लगे छह देश- सऊदी अरब, यमन, मिस्र, सूडान, इरिट्रिया और ज़िबूती हैं। अत: युग्म 5 सुमेलित नहीं है। अतः विकल्प (B) सही उत्तर है। 

प्रश्न. भूमध्य सागर निम्नलिखित में से किन देशों की सीमा है? (2017) 

  1. जॉर्डन 
  2. इराक 
  3. लेबनान 
  4. सीरिया 

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये: 

(a) केवल 1, 2 और 3 
(b) केवल 2 और 3 
(c) केवल 3 और 4 
(d) केवल 1, 3 और 4 

उत्तर: (c) 

व्याख्या: 

  • भूमध्य सागर पर निम्नलिखित देशों की तटरेखा है: 
    • उत्तरी तट (पश्चिम से पूर्व की ओर): स्पेन, फ्रांँस, मोनाको, इटली, स्लोवेनिया, क्रोएशिया, बोस्निया और हर्जेगोविना, मोंटेनेग्रो, अल्बानिया, ग्रीस, तुर्की। 
  • पूर्वी तट (उत्तर से दक्षिण तक): तुर्की, सीरिया, लेबनान, इज़रायल, मिस्र। अतः 3 और 4 सही हैं। 
  • दक्षिणी तट (पश्चिम से पूर्व तक): मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, लीबिया, मिस्र। 
  • द्वीप राष्ट्र: माल्टा, साइप्रस। अतः  विकल्प (c) सही उत्तर है। 

स्रोत: द हिंदू 

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2