दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire करेंट अफेयर्स (08 July)

  • 08 Jul 2019
  • 7 min read
  • यूनेस्को की विश्व धरोहर समिति की बैठक 30 जून से 10 जुलाई तक अज़रबैजान की राजधानी बाकू में आयोजित हुई। विश्व धरोहर समिति के 43वें सत्र के बाद वास्तुकला की बेहतरीन विरासत और जीवंत संस्कृति के लिये राजस्थान की राजधानी जयपुर शहर को यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल के तौर पर चिह्नित किया गया। आईसीओएमओएस स्मारक और स्थल पर अंतर्राष्ट्रीय परिषद ने वर्ष 2018 में जयपुर शहर का निरीक्षण किया था। इससे पहले वर्ष 2018 में मुंबई के विक्टोरियन गोथिक एंड आर्ट डेको इनसेंबल को विश्व धरोहर स्थल के तौर पर चुना गया था। जयपुर के शामिल होने के साथ यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में भारत के विरासत स्थलों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। इसमें 30 सांस्कृतिक संपत्ति, सात प्राकृतिक संपत्ति और एक मिश्रित स्थल है। वर्ष 2017 की ऑपरेशनल गाइडलाइंस के तहत एक राज्य से हर साल सिर्फ एक स्थान को ही विश्व विरासत बनाने के लिये प्रस्तावित किया जा सकता है। यह दर्जा प्राप्त होने से घरेलू अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलता है तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मज़बूती मिलती है और लोगों को रोज़गार भी मिलता
  • जयपुर के अलावा यूनेस्को की विश्व धरोहर समिति ने तीन दशक की जद्दोजेहद के बाद इराक के विशाल क्षेत्र में फैले प्राचीन मेसोपोटामियाई शहर बेबीलोन को विश्व धरोहरों की सूची में शामिल कर लिया है। ज्ञातव्य है कि इराक 10 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस विस्तृत परिसर को यूनेस्को की धरोहर सूची में शामिल करने के लिये वर्ष 1983 से ही कोशिश कर रहा था। इस प्राचीन शहर की अब तक केवल 18 प्रतिशत ही खुदाई हुई है। इराक की राजधानी बगदाद के दक्षिण में करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर फरात नदी के तट पर स्थित यह शहर 4000 साल से भी अधिक प्राचीन बेबीलोनियन साम्राज्य का केंद्र था। इराक की आपत्ति के बाद बेबीलोन को संकट में घिरी विश्व धरोहर घोषित नहीं किया गया।
  • विदेश मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान नेपाल, मालदीव, मॉरीशस और अफ्रीकी देशों के लिये सहायता राशि के आवंटन में वृद्धि की है। इन देशों की कुल सहायता राशि में करीब 2037.79 करोड़ रुपए का इज़ाफा किया गया है और इस वर्ष यह राशि करीब 7,582.79 करोड़ रुपए हो गई है। नेपाल के लिये सहायता राशि वर्ष 2018-19 के 650 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 1050 करोड़ रुपए की गई है। भूटान को कुल 2801.79 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है, जो पिछले वित्त वर्ष में 2650 करोड़ रुपए थी। अफगानिस्तान के लिये अलग से 400 करोड़ रुपए, बांग्लादेश के लिये 175 करोड़ रुपए, श्रीलंका के लिये 250 करोड़ रुपए और मंगोलिया के लिये पांच करोड़ रुपए की सहायता राशि आवंटित की गई है। म्यांमार के लिये सहायता राशि पिछले साल के 280 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 400 करोड़ रुपए की गई है। अफ्रीकी देशों के लिये सहायता राशि में पिछले साल के तुलना में दोगुना इज़ाफा किया गया है। इन्हें वित्त वर्ष 2019-20 के बजट में करीब 450 करोड़ रुपए आवंटित किये गए हैं। लेकिन सामरिक रूप से महत्त्वपूर्ण चाबहार बंदरगाह के लिये सहायता राशि वर्ष 2018-19 के 150 करोड़ रुपए से घटकर इस बार 45 करोड़ रुपए रह गई है।
  • यूरोपीय संघ ने इटली के सोशल डेमोक्रैट डेविड सासोली अपना नया अध्यक्ष चुना। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले प्रमुख पदों पर दो महिलाओं को पहली बार नामित किये जाने के बाद इस शीर्ष पद को भरा गया। डेविड सासोली का मुकाबला जर्मनी की ग्रीन पार्टी की स्का केलर, स्पेन के सीरा रेगो और चेक गणराज्य के ज़ेन से था। फ्राँस के स्ट्रासबर्ग में स्थित 751 सीटों वाली यूरोपीय संसद में गुप्त मतदान के ज़रिये एंतोनिया तज़ानी के उत्तराधिकारी के तौर पर डेविड सासोली को चुना गया। उनका कार्यकाल ढाई साल का रहेगा। यूरोपीय संघ के सदस्‍य देशों की जनसंख्या के हिसाब से हर देश को सीटें आवंटित होती हैं। इसके अध्यक्ष और सदस्यों का कार्यकाल पाँच साल का होता है। यूरोपीय संघ संधि के तहत यूरोपीय परिषद में शामिल सभी 28 सदस्य देशों के नेता यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष का मनोनयन करते हैं, इसके बाद 751 सदस्यीय नई संसद इसे अपनी स्वीकृति देती है।
  • भारत की फर्राटा धाविका हिमा दास ने पोलैंड में पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता। विश्व जूनियर चैंपियन और 400 मीटर में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारक हिमा ने 200 मीटर में 23.65 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस दौड़ में एक अन्य भारतीय वी.के. विसमाया ने 23.75 सेकेंड के व्यक्तिगत समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। गौरतलब है कि हिमा दास की 200 मीटर में इस साल यह पहली प्रतिस्पर्द्धी दौड़ थी। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 23.10 सेकेंड है जो उन्होंने पिछले साल हासिल किया था।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow