इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire करेंट अफेयर्स (06 April)

  • 06 Apr 2019
  • 8 min read
  • 4 अप्रैल को दुनियाभर में अंतर्राष्ट्रीय खदान जागरूकता दिवस (International Day for Mine Awareness) का आयोजन किया गया। 8 दिसंबर 2005 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने हर साल इस दिन यह दिवस मनाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य खदान सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इसका उद्देश्य उन देशों में राष्ट्रीय खदान-कार्य क्षमता स्थापित करना और विकसित करने में सहायता करना है, जहाँ खदानों और विस्फोटक युद्ध अवशेष सुरक्षा के लिये गंभीर खतरा पैदा करते हैं। इसके लिये संयुक्त राष्ट्र और संबंधित संगठनों के साथ मिलकर सहायता की जाती है। राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य और लोगों के जीवन में सामाजिक और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा दिया जाता है। संयुक्त राष्ट्र की खान कार्रवाई सेवा (UNMAS) पिछले लगभग 20 वर्षों से प्रभावित लोगों की समस्याओं को सुलझाने और आम नागरिकों को विस्फोटक से पैदा हुए खतरों का समाधान करने का प्रयास कर रही है। इस वर्ष इस दिवस की थीम United Nations Promotes SDGs – Safe Ground-Safe Home रखी गई है।
  • सरकारी दूरसंचार कंपनी BSNL को हवा और पानी में भी इंटरनेट सेवा देने का लाइसेंस मिल गया है। BSNL अपने विदेशी सहयोगी इनमारसैट के ज़रिये लोगों को यह सुविधा उपलब्ध कराएगी। BSNL के इंटरनेट का प्रयोग वे सभी एयरलाइंस कर सकेंगी, जो भारत में परिचालन करती हैं या फिर भारतीय हवाई सीमा से उड़ते हुए विदेश जाती हैं। इन्हें BSNL की Ku बैंड, स्विफ्ट ब्रॉडबैंड और फ्लीट ब्रॉडबैंड सेवा लेनी होगी। यह सुविधा भारतीय समुद्री सीमा में परिचालन कर रहे पानी के जहाज़ों को भी मिलेगी। इस वर्ष के अंत तक इसकी शुरुआत होने की संभावना है।
  • उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में महर्षि बादरायण व्यास सम्मान प्रदान किये। आपको बता दें कि हर वर्ष संस्कृत, फारसी, अरबी, पाली एवं प्राकृत, शास्त्रीय ओड़िया, शास्त्रीय कन्नड़, शास्त्रीय तेलुगू और शास्त्रीय मलयालम भाषा के विद्वानों को महर्षि बादरायण व्यास सम्मान प्रदान किया जाता है। 2002 में इस पुरस्कार की शुरुआत हुई और यह 30 से 45 वर्ष के आयु वर्ग में चयनित युवा विद्वानों को दिया जाता है। इस पुरस्कार के तहत एक सम्मान पत्र, एक स्मृति चिह्न और एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाता है। बादरायण एक भारतीय दार्शनिक थे, जिनके बारे में लगभग कोई भी व्यक्तिगत विवरण विश्वसनीय रूप से ज्ञात नहीं है।
  • ओलंपिक रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु और जेवेलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को ईएसपीएन इंडिया मल्टी-स्पोर्ट्स अवॉर्ड में 2018 के लिये साल का सर्वश्रेष्ठ महिला और पुरुष खिलाड़ी चुना गया। पी.वी. सिंधु को इस पुरस्कार के लिये पिछले साल चीन में खेले गए BWF वर्ल्ड टूर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने के लिये चुना गया। नीरज चोपड़ा ने राष्ट्रमंडल खेलों और एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के अलावा पिछले साल 88.06 मीटर भाला फेंककर राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी कायम किया था। लंदन ओलंपिक-2012 में कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल को ‘साल की वापसी करने वाले खिलाड़ी’ के पुरस्कार के लिये चुना गया। भारतीय निशानेबाज़ी टीम के कोच जसपाल राणा को ‘साल का सर्वश्रेष्ठ कोच’ पुरस्कार के लिये चुना गया। राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार गोल्ड जीतने वाली भारतीय महिला टेनिस टीम को ‘साल की सर्वश्रेष्ठ टीम’ के पुरस्कार के लिये चुना गया।
  • भारत के थल सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत को अमेरिकी सेना के कमांड एंड जनरल स्टाफ ने सम्मानित किया है। उन्हें फोर्ट लीवेनवर्थ कॉलेज के प्रतिष्ठित इंटरनेशनल हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। अमेरिका के साथ सैन्य तथा रक्षा सहयोग को और मज़बूती देने के लिये जनरल बिपिन रावत हाल ही में अमेरिका के दौरे पर गए थे।
  • किर्लोस्कर सिस्टम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विक्रम किर्लोस्कर ने देश के प्रमुख उद्योग संगठन भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने संगठन के अध्यक्ष एवं भारती इंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष राकेश भारती मित्तल का स्थान लिया है। इसके साथ ही कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय कोटक नामित-अध्यक्ष मनोनीत किये गए हैं।
  • डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के अधिकारी डेविड मालपास को विश्व बैंक का 13वाँ अध्यक्ष चुना गया है। विश्व बैंक के कार्यकारी बोर्ड ने आम सहमति से उनका अध्यक्ष के रूप में चयन किया। फिलहाल वह अमेरिकी वित्त विभाग में अंतर्राष्ट्रीय मामलों के उपमंत्री है। उनका कार्यकाल 5 साल के लिये होगा। गौरतलब है कि विश्व बैंक के अब तक चुने गए सभी 13 अध्यक्ष अमेरिकी हैं। विश्व बैंक का अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय पुनर्निर्माण एवं विकास बैंक तथा अंतर्राष्ट्रीय विकास संघ के निदेशक मंडल का भी अध्यक्ष होता है।
  • लॉरी लाइटफुट अमेरिका के शिकागो शहर की पहली ट्रांसजेंडर मेयर चुन ली गई हैं। पेशे से वकील लॉरी ने डेमोक्रेट पार्टी की अपनी प्रतिद्वंद्वी टोनी प्रेक्विंकल को सभी 50 वार्डों में हराया। वह शिकागो की 56वीं मेयर के रूप में शपथ लेंगी। लॉरी काफी समय से LGBTQ समुदाय के अधिकारों के लिये लड़ती रही हैं। वह शिकागो की मेयर बनने वाली पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला भी हैं। उनसे पहले 1837 से अब तक केवल एक महिला और एक अश्वेत को ही शिकागो का मेयर बनने का मौका मिला है। 
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2