इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 29 जनवरी, 2020

  • 29 Jan 2020
  • 4 min read

असम की झाँकी को प्रथम पुरस्कार

गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित परेड में असम की झाँकी को सर्वश्रेष्ठ झाँकी के रूप में चुना गया है। असम की झाँकी का विषय "अद्वितीय शिल्प कौशल और संस्कृति" (Land of Unique Craftsmanship and Culture) था, जिसमे बाँस और बेंत से निर्मित शिल्प को दर्शाया गया और झाँकी के साथ क्षत्रिय नर्तकियों द्वारा ‘भोर्तल नृत्य’ प्रस्तुत किया गया था। इसके अलावा ओडिशा और उत्तर प्रदेश की झाँकियाँ दूसरे स्थान पर रहीं। ओडिशा की झाँकी में भगवान लिंगराज की रूकना रथ यात्रा प्रदर्शित की गई थी, जबकि उत्तरप्रदेश की झाँकी में राज्‍य की सांस्‍कृतिक और धार्मिक विरासत को दर्शाया गया था। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और जल शक्ति मिशन की झाँकियों को मंत्रालयों एवं विभागों की झाँकियों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) को उसकी झाँकी ‘कश्‍मीर से कन्‍याकुमारी‘ के लिये विशेष पुरस्‍कार दिया गया।

हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस ने ‘संविधान’ शब्द को वर्ष 2019 का हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर चुना है। ऑक्सफोर्ड ने जनवरी 2020 में हिंदीभाषियों से इस संदर्भ में सुझाव माँगा था, जिसके पश्चात् उन्हें कई प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं। हिंदी भाषा विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श करने के पश्चात् ‘संविधान’ शब्द का चुनाव किया गया, क्योंकि यह वर्ष 2019 के स्वरूप को व्यक्त करता है। शाब्दिक अर्थ में संविधान “किसी राष्ट्र या संस्था द्वारा निर्धारित किये गए नियम होते हैं जिनके आधार पर उस राष्ट्र या संस्था का सुचारू रूप से संचालन किया जाता है।”

सरदार वल्‍लभ भाई पटेल केंद्र

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुजरात के केवडिया में स्‍टेच्‍यू ऑफ यूनिटी के पास सरदार वल्‍लभ भाई पटेल केंद्र की आधारशिला रखी है। इस केंद्र का उद्देश्‍य क्षमता निर्माण के विभिन्‍न कार्यक्रमों के जरिये युवाओं, किसानों और स्‍वंय सहायता समूहों को प्रशिक्षण देना है। इस आवासीय केंद्र में एक समय पर लगभग 100 युवाओं के ठहरने सहित सभी आधुनिक बुनियादी ढाँचागत सुविधाएँ उपलब्‍ध होंगी।

तरनजीत सिंह संधू

तरनजीत सिंह संधू को अमेरिका में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे कोलंबो स्थित भारतीय दूतावास में कार्यरत हैं। अमेरिका में वर्तमान राजदूत हर्षवर्धन शृंगला भारत के अगले विदेश सचिव होंगे, जो 31 जनवरी को विजय गोखले का स्थान लेंगे। तरनजीत सिंह संधू इससे पूर्व जुलाई 2013 से जनवरी 2017 तक वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास में मिशन के उप प्रमुख के रूप में कार्य कर चुके हैं। 23 जनवरी, 1963 को पंजाब में जन्मे तरनजीत सिंह संधू वर्ष 1988 बैच के IFS अधिकारी हैं।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2