दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 20 जनवरी, 2020

  • 20 Jan 2020
  • 4 min read

एस. के. सैनी- सेना के नए उपप्रमुख

भारतीय सेना के दक्षिणी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एस. के. सैनी को भारतीय सेना के नए उपप्रमुख के रूप में चुना गया है। लेफ्टिनेंट जनरल एस. के. सैनी आगामी गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले यानी 25 जनवरी को पदभर संभालेंगे। इससे पूर्व जनरल मनोज मुकुंद नरवणे इस पद पर कार्यरत थे, जिन्हें हाल ही में सेना प्रमुख के पद पर नियुक्त कर दिया गया। कपूरथला में सैनिक स्कूल और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र लेफ्टिनेंट जनरल सैनी को जून 1981 में जाट रेजिमेंट में कमीशन किया गया था। अपनी अब तक की कार्यावधि के दौरान उन्हें वीरता और विशिष्ट सेवा के लिये कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

भारतीय तीरंदाजी संघ के नए अध्यक्ष

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को भारतीय तीरंदाजी संघ (AAI) के नए अध्यक्ष के रूप में चुना गया है। इसी के साथ AAI में लंबे समय से चली आ रही तनातनी पर भी विराम लग गया है। ज्ञात हो कि इसी तनातनी के कारण ही AAI पर विश्व तीरंदाजी (World Archery) ने प्रतिबंध लगा रखा है जिसके कारण भारतीय खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तटस्थ खिलाड़ियों के तौर पर हिस्सा लेना पड़ता था। अर्जुन मुंडा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1980 से की थी और अपने राजनीतिक जीवन में वे कुल तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए।

प्रिंस हैरी और मेघन मार्कल ने छोड़ा शाही परिवार

ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेघन मार्कल ने शाही परिवार को छोड़ने के औपचारिक समझौते पर हस्‍ताक्षर कर दिये हैं। इसके परिणामस्‍वरूप उन्‍हें अपने हिज़ और हर रॉयल हाइनेस का सम्‍मान छोड़ना होगा और साथ ही उन्हें उन्‍हें करदाता के राजस्‍व से धन नहीं मिलेगा। इस समझौते के प्रभावी होने के परिणामस्‍वरूप वे आधिकारिक तौर पर महारानी का प्रतिनिधित्‍व नहीं कर पाएंगे।

दिव्‍यांगजनों के लिये स्टॉल

उत्तर प्रदेश सरकार दिव्‍यांगजनों के कल्‍याण हेतु राज्‍य के प्रमुख स्‍थलों पर दिव्‍यांगों को दुकानों के लिये स्‍टॉल उपलब्‍ध कराएगी। प्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्‍थान के पूर्व छात्रों द्वारा चलाए जा रहे गैर सरकारी संगठन की मदद से 100 बस स्टैंडों पर यह स्‍टॉल उपलब्‍ध कराएगी। इसका उद्देश्‍य दिव्‍यांगों को आत्‍मनिर्भर बनाना और सम्‍मान के साथ जीने का अवसर प्रदान करना है।

लोकगायिका सुनंदा पटनायक का निधन

मशहूर लोकगायिका सुनंदा पटनायक का 19 जनवरी, 2020 को निधन हो गया। 85 वर्षीय सुनंदा पटनायक ने उड़िया संगीत की दुनिया में विशेष स्थान बनाया था। प्रसिद्ध उड़िया कवि बैकुंठनाथ पटनायक की बेटी सुनंदा पटनायक का जन्म 7 नवंबर, 1934 को हुआ था और वर्ष 1948 में 14 वर्ष की उम्र में उन्होंने कटक के ऑल इंडिया रेडियो से गायन में अपने कॅरियर की शुरुआत की थी।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow