इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


अंतर्राष्ट्रीय संबंध

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच विमानन सहयोग

  • 31 Aug 2023
  • 9 min read

प्रिलिम्स के लिये:

ग्लोबल रिसर्च एलायंस (GRA), न्यूज़ीलैंड भौगोलिक स्थिति

मेन्स के लिये:

विमानन बाज़ार में बुनियादी ढाँचागत विकास, अपनी कृषि पद्धतियों के लिये ग्लोबल रिसर्च एलायंस (GRA) में भारत की भागीदारी के लाभ

स्रोत: पी.आई.बी.

चर्चा में क्यों? 

हाल ही में भारत और न्यूज़ीलैंड ने नागरिक उड्डयन में सहयोग को बढ़ावा देने के लिये एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किये।

  • इसके अतिरिक्त दोनों देशों के कृषि मंत्रियों के बीच एक बैठक हुई, जिसमें उन्होंने न केवल कृषि सहयोग को बढ़ावा देने के लिये अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की, बल्कि भारत को वैश्विक अनुसंधान गठबंधन (GRA) में शामिल होने के लिये आमंत्रित किया।

नागरिक उड्डयन पर समझौता ज्ञापन की मुख्य विशेषताएँ:

  • हवाई सेवा समझौता, 2016 को आगे बढ़ाते हुए MoU का उद्देश्य भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच विमानन साझेदारी को और मज़बूत करना है।
  • नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में सहयोग में नए मार्गों का निर्धारण, कोड-शेयर सेवाएँ, यातायात अधिकार और क्षमता पात्रता शामिल है।
  • भारत और न्यूज़ीलैंड दोनों को तीसरे और चौथे स्वतंत्रता यातायात अधिकारों का प्रयोग करने का विशेषाधिकार प्राप्त है, जो उन्हें किसी भी प्रकार के विमान का उपयोग करके असीमित सेवाएँ संचालित करने में सक्षम बनाता है।
    • न्यूज़ीलैंड की एयरलाइंस भारत में छह गंतव्यों के लिये उड़ान भर सकती हैं, जबकि भारतीय एयरलाइंस ऑकलैंड, वेलिंगटन, क्राइस्टचर्च और न्यूज़ीलैंड में तीन अतिरिक्त बिंदुओं पर सेवा दे सकती हैं, जैसा कि भारत की सरकार द्वारा निर्धारित किया गया है।
  • दोनों देशों की एयरलाइंस किसी भी प्रकार के विमान का उपयोग करके असीमित कार्गो सेवाओं को स्वतंत्र रूप से संचालित कर सकती हैं, मध्यवर्ती बिंदुओं पर रुकने और निर्दिष्ट मार्ग बिंदुओं द्वारा प्रतिबंधित किये बिना अपनी सेवाओं को भविष्य के लिये विस्तारित करने का अधिकार है।

विमानन में स्वतंत्रता यातायात अधिकार:

  • स्वतंत्रता यातायात अधिकार देशों के बीच हवाई सेवाएँ संचालित करने के लिये अंतर्राष्ट्रीय समझौतों या संधियों द्वारा एयरलाइंस को दिये गए अधिकारों को संदर्भित करता है।
  • ये अधिकार इस बात को रेखांकित करते हैं कि एयरलाइंस किस हद तक किसी देश के अंदर और बाहर उड़ान भर सकती हैं, जिसमें उड़ानों की संख्या, मार्ग और गंतव्यों की सेवा भी शामिल है।
  • यातायात अधिकारों में विभिन्न स्तर अथवा "स्वतंत्रता" शामिल है, पहली स्वतंत्रता (बिना लैंडिंग के किसी देश के ऊपर से उड़ान भरने का अधिकार) से लेकर नौवीं स्वतंत्रता (कैबोटेज, जो विदेशी एयरलाइंस को दूसरे देश के भीतर घरेलू उड़ानें संचालित करने की अनुमति देती है) तक है।
  • देशों के बीच द्विपक्षीय या बहुपक्षीय हवाई सेवा समझौतों में इन अधिकारों पर बातचीत और सहमति होती है।

वैश्विक अनुसंधान गठबंधन (GRA):

  • GRA एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन है जो ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में वृद्धि किये बिना अधिक खाद्यान उत्पादन के तरीके खोजने के लिये देशों को एक साथ लाता है।
  • GRA को वर्ष 2009 में न्यूज़ीलैंड द्वारा लॉन्च किया गया था और तब से इसमें 67 सदस्य देश शामिल हो गए हैं।
  • GRA का लक्ष्य कृषि उत्पादन प्रणालियों की उत्सर्जन तीव्रता को कम करना और मृदा कार्बन पृथक्करण की उनकी क्षमता को बढ़ाना है।
  •  GRA तीन मुख्य कृषि उप-क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करता है: धान-चावल, फसल भूमि और पशुधन।
    • यह इन्वेंट्री और राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (NDCs), मृदा कार्बन तथा नाइट्रोजन चक्रण, एकीकृत अनुसंधान जैसी क्रॉस-कटिंग गतिविधियों का समन्वय भी करता है।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रश्न. सूची I को सूची II से सुमेलित कीजिये और सूचियों के नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये: (2009) 

सूची I                                       सूची II 

(भौगोलिक विशेषता)                    (देश) 

  1. ग्रेट विक्टोरिया रेगिस्तान       1. ऑस्ट्रेलिया
  2.  ग्रैंड कैन्यन                         2. कनाडा
  3.  विन्निपेग झील                     3. न्यूज़ीलैंड 
  4.  दक्षिणी आल्प्स                    4. अमेरिका

कूट: 

    A    B    C    D 

(a) 1   2   4   3
(b) 1   4   2   3
(c) 3   2   4   1
(d) 3   4   2   1

उत्तर: (b) 

  • ग्रेट विक्टोरिया रेगिस्तान ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा रेगिस्तान है। यह पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में स्थित है, जो उत्तर में गिब्सन रेगिस्तान से लेकर दक्षिण में नुल्लरबोर मैदान तक तथा पूर्व की ओर कालगुर्ली-बोल्डर से लगभग स्टुअर्ट रेंज तक फैला हुआ है।
  • ग्रैंड कैन्यन दक्षिण-पश्चिमी के कोलोराडो पठार के हिस्से में स्थित है, जो दक्षिण-पश्चिमी संयुक्त राज्य के एक विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है तथा इसमें अनिवार्य रूप से क्षैतिज स्तरित चट्टानें और लावा प्रवाह शामिल हैं। 
  • विन्निपेग झील का क्षेत्रफल 9,416 वर्ग मील (24,387 वर्ग किलोमीटर) है और यह कनाडा की सबसे बड़ी ताज़े पानी की झीलों में से एक है।
  • दक्षिण आल्प्स, दक्षिण द्वीप समूह, न्यूज़ीलैंड में एक पर्वत शृंखला है। यह आस्ट्रेलिया में सबसे ऊँची श्रेणी है। यह हास्ट दर्रे से वनाका झील के शीर्ष में उत्तर-पूर्व में आर्थर दर्रे तक फैली हुई है। 3,000 फीट (900 मीटर) से 10,000 फीट (3,050 मीटर) से ऊपर 16 चोटियों में इसकी ऊँचाई अलग-अलग है जो माउंट कुक में समाप्त होती हैं, यह लगभग 12,316 फीट (3,754 मीटर) है।
  • अतः  विकल्प (b) सही है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2