हरियाणा
अशीम कुमार घोष हरियाणा के राज्यपाल नियुक्त
- 15 Jul 2025
- 8 min read
चर्चा में क्यों?
राष्ट्रपति ने प्रोफेसर अशीम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया। इसके अतिरिक्त पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल और कवींद्र गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल भी नियुक्त किया गया।
मुख्य बिंदु
राज्यपाल के संवैधानिक कार्य:
- राज्यपाल राज्य के मुख्य कार्यकारी प्रमुख के रूप में कार्य करता है। वह नाममात्र प्राधिकारी के रूप में तथा केंद्र सरकार के एजेंट के रूप में भी कार्य करता है।
- अनुच्छेद 154 के अनुसार, राज्य सरकार के सभी कार्यकारी कार्य राज्यपाल के नाम से किये जाते हैं और अनुच्छेद 166 के तहत, राज्यपाल द्वारा व्यवसाय के लेन-देन के नियम तैयार किये जाते हैं।
- इसके अतिरिक्त, राज्यपाल मुख्यमंत्री और उनकी सलाह पर मंत्रिपरिषद की नियुक्ति करता है।
- विधायी भूमिका और विधेयकों पर स्वीकृति: राज्य विधानमंडल और संघ के बीच संवैधानिक कड़ी के रूप में, राज्यपाल अनुच्छेद 174 के तहत राज्य विधानसभा को आहूत करता है, स्थगित करता है और भंग करता है।
- किसी विधेयक को कानून बनने के लिये राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त करनी होती है, जैसा कि संघ स्तर पर राष्ट्रपति की स्वीकृति प्राप्त होती है या इसे अनुच्छेद 200 के तहत राष्ट्रपति के विचार हेतु आरक्षित किया जा सकता है।
- राज्य के वित्तीय शासन में राज्यपाल की भूमिका महत्त्वपूर्ण होती है, क्योंकि अनुच्छेद 207 के तहत उनकी सिफारिश के बिना विधानसभा में कोई भी धन विधेयक प्रस्तुत नहीं किया जा सकता।
- वे यह भी सुनिश्चित करते हैं कि राज्य की वित्तीय व्यवस्था, संवैधानिक तथा राजकोषीय ज़िम्मेदारियों के अनुरूप हो।
त्रिशंकु विधानसभाओं में विवेकाधीन शक्तियाँ और भूमिका:
- राज्यपाल कुछ स्थितियों में विवेकाधीन शक्तियों का प्रयोग करते हैं, जैसे अनुच्छेद 356 के तहत राष्ट्रपति शासन की सिफारिश करना या त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में किसी पार्टी को सरकार बनाने के लिये आमंत्रित करना।
- वे उन मामलों पर भी निर्णय लेते हैं जहाँ संविधान उन्हें मंत्रिपरिषद की सलाह से स्वतंत्र होकर विवेकाधिकार प्रदान करता है।
नियुक्तियों और प्रशासन में भूमिका:
- राज्यपाल अनुच्छेद 165 और 316 के तहत महाधिवक्ता तथा राज्य लोक सेवा आयोग के सदस्यों सहित प्रमुख पदाधिकारियों की नियुक्ति करते हैं।
- वे राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्ति भी करते हैं, जो हाल के वर्षों में एक विवादास्पद मुद्दा रहा है।
- यह कार्य राज्य के सुचारू प्रशासन को सुनिश्चित करता है, परंतु इसे राज्य सरकार के परामर्श से किया जाना चाहिये।
राष्ट्रपति शासन लागू करने में भूमिका:
- अनुच्छेद 356 के तहत, यदि राज्यपाल का मानना है कि किसी राज्य में संवैधानिक तंत्र विफल हो गया है, तो वे राष्ट्रपति शासन की सिफारिश कर सकते हैं।
न्यायिक शक्तियाँ
- राज्यपाल को संविधान के अनुच्छेद 161 के तहत क्षमादान की शक्तियाँ प्राप्त हैं, जिसके तहत वे राज्य के कानूनों के विरुद्ध अपराधों के लिये क्षमादान, विलंबन, राहत या सज़ा में छूट दे सकते हैं।
- हालाँकि, राष्ट्रपति के समान अधिकारों की तुलना में राज्यपाल की यह शक्ति सीमित है, क्योंकि वे मृत्युदंड अथवा कोर्ट मार्शल से संबंधित मामलों में क्षमादान नहीं दे सकते।
अनुसूचित क्षेत्रों एवं जनजातीय कल्याण हेतु विशेष ज़िम्मेदारियाँ:
- असम, मेघालय, त्रिपुरा तथा मिज़ोरम जैसे राज्यों में राज्यपाल को अनुसूचित क्षेत्रों पर विशेष शक्तियाँ प्राप्त हैं।
- इन राज्यों का प्रशासन संविधान की छठी अनुसूची के अंतर्गत स्वायत्त ज़िलों के रूप में किया जाता है।
- राज्यपाल स्वदेशी अधिकारों की रक्षा तथा कल्याणकारी नीतियों को बढ़ावा देने के लिये जनजातीय प्रशासन में हस्तक्षेप कर सकते हैं।
हरियाणा के राज्यपाल
हरियाणा के राज्यपाल |
कार्यकाल |
धर्मवीर |
1 नवंबर 1966 - 14 सितंबर 1967 |
बीरेंद्र नारायण चक्रवर्ती |
15 सितंबर 1967 - 26 मार्च 1976 |
न्यायमूर्ति रणजीत सिंह नरूला |
27 मार्च 1976 -13 अगस्त 1976 |
जय सुखलाल हाथी |
14 अगस्त 1976 - 23 सितंबर 1977 |
सरदार हरचरण सिंह बराड़ |
24 सितंबर 1977 – 9 दिसंबर 1979 |
न्यायमूर्ति सुरजीत सिंह संधावालिया |
10 दिसंबर 1979 – 27 फरवरी 1980 |
गणपतराव देवजी तपासे |
28 फरवरी 1980 – 13 जून 1984 |
सैयद मुज़फ्फर हुसैन बर्नी |
14 जून 1984 – 21 फरवरी 1988 |
हरि आनंद बरारी |
22 फरवरी 1988 – 6 फरवरी 1990 |
धनिक लाल मंडल |
7 फरवरी 1990 – 13 जून 1995 |
महावीर प्रसाद |
14 जून 1995 – 18 जून 2000 |
बाबू परमानंद |
19 जून 2000 - 1 जुलाई 2004 |
ओम प्रकाश वर्मा |
2 जुलाई 2004 - 7 जुलाई 2004 |
डॉ. अखलाक-उर-रहमान किदवई |
7 जुलाई, 2004 - 27 जुलाई, 2009 |
श्री जगन्नाथ पहाड़िया |
27 जुलाई, 2009 - 26 जुलाई, 2014 |
कप्तान सिंह सोलंकी |
27 जुलाई, 2014 - 24 अगस्त 2018 |
सत्यदेव नारायण आर्य |
25 अगस्त, 2018 - 07 जुलाई 2021 |
बंडारू दत्तात्रेय |
7 जुलाई 2021 - जुलाई 2025 |
अशीम कुमार घोष |
जुलाई 2025 - वर्तमान |