दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप (III): अक्तूबर, 2019

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस देश की पहचान कीजिये जो भारत के साथ ‘एक्स ईस्टर्न ब्रिज-5’ नामक अभ्यास में भाग ले रहा है:

    उत्तर : ओमान। 17-26 अक्तूबर, 2019 तक भारत और ओमान के बीच द्विपक्षीय संयुक्त वायुसेना सैन्य-अभ्यास एक्स ईस्टर्न ब्रिज-5 (EX EASTERN BRIDGE-V) का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय वायु सेना और रॉयल एयर फोर्स ओमान के बीच इस सैन्य-अभ्यास का आयोजन ओमान के वायुसेना बेस मसिराह में किया जा रहा है। भारत और ओमान की वायुसेनाओं के बीच अंतिम सैन्य अभ्यास ब्रिज- 4 (BRIDGE- 4) का आयोजन वर्ष 2017 में गुजरात के जामनगर में आयोजित किया गया था।

  • 2. उस देश की पहचान कीजिये जिसने हाल ही में ‘ऑपरेशन पीस स्प्रिंग’ नामक सैन्य अभियान की शुरुआत की है:

    उत्तर : तुर्की। तुर्की ने उत्तर-पूर्वी सीरिया से अमेरिकी सेना हटाए जाने के कुछ ही समय बाद उस क्षेत्र में सीरियाई कुर्द मिलिशिया (YPG) के खिलाफ ‘ऑपरेशन पीस स्प्रिंग’ नामक एक सैन्य अभियान शुरू किया है। YPG इस्लामिक स्टेट के खिलाफ युद्ध में अमेरिका का सहयोगी था। तुर्की ने कहा कि ऑपरेशन का उद्देश्य तुर्की की दक्षिणी सीमा पर ‘आतंकी गलियारे’ को खत्म करने के साथ-साथ ‘सुरक्षित क्षेत्र’ की स्थापना करना था।

  • 3. उस स्थान को चिह्नित कीजिये जहाँ ‘विश्व मौसम विज्ञान संगठन' का मुख्यालय अवस्थित है:

    उत्तर : जिनेवा, स्विट्ज़रलैंड। 191 सदस्यों वाले विश्व मौसम विज्ञान संगठन का मुख्यालय जिनेवा (Geneva) में है। यह एक अंतर-सरकारी संगठन है, जिसे 23 मार्च, 1950 को मौसम विज्ञान संगठन अभिसमय के अनुमोदन द्वारा स्थापित किया गया है। यह पृथ्वी के वायुमंडल की परिस्थिति और व्यवहार, महासागरों के साथ इसके संबंध, मौसम और परिणामस्वरूप उपलब्ध जल संसाधनों के वितरण के बारे में जानकारी देने के लिये संयुक्त राष्ट्र (UN) की आधिकारिक संस्था है।

  • 4. उस स्थान की पहचान कीजिये जो हाल ही में आए चक्रवात ‘हगीबिस’ के कारण प्रभावित हुआ:

    उत्तर : होन्शु द्वीप, जापान। 12 अक्तूबर, 2019 को ‘हगीबिस’ नामक चक्रवात जापान के प्रमुख द्वीप होन्शु से टकराया। संभवतः वर्ष 1958 के बाद जापान को प्रभावित करने वाला यह सबसे शक्तिशाली चक्रवात है। फिलीपिंस की भाषा में हगीबिस का तात्पर्य गति (Speed) से है।

  • 5. उन जल निकायों की पहचान कीजिये जो इबेरिया प्रायद्वीप के दोनों ओर स्थित हैं:

    उत्तर : अटलांटिक महासागर तथा भूमध्य सागर। इबेरिया प्रायद्वीप जिब्राल्टर के संकीर्ण जलडमरूमध्य द्वारा उत्तरी अफ्रीका से अलग होता है। अटलांटिक महासागर इस प्रायद्वीप के उत्तरी, पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी तटों को छूता है जबकि भूमध्य सागर दक्षिणी एवं पूर्वी तटों को स्पर्श करता है। पुर्तगाल में केप रोका, यूरोप महाद्वीप का सबसे पश्चिमी बिंदु है। कैटेलोनिया उत्तर-पूर्वी स्पेन में इबेरिया प्रायद्वीप में एक अर्द्ध-स्वायत्त क्षेत्र है। कैटेलोनिया क्षेत्र लंबे समय से स्पेन का औद्योगिक क्षेत्र है और कैटेलोनिया की स्वतंत्रता के लिये स्पेन में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow