-
हाल ही में टाइफून काजिकी से प्रभावित दक्षिण-पूर्व एशियाई देश की पहचान कीजिये, जो चीन, लाओस और कंबोडिया से घिरा है और जिसमें मेकांग तथा लाल नदियों के प्रमुख डेल्टा हैं।
उत्तर : वियतनाम। टाइफून काजिकी, जो कैटेगरी 2 के तूफान के बराबर एक उष्णकटिबंधीय चक्रवात है, ने हाल ही में वियतनाम और चीन को प्रभावित किया। वियतनाम, जिसकी राजधानी हनोई है, दक्षिण चीन सागर पर अपनी लंबी तटरेखा और दक्षिण में मेकांग नदी तथा उत्तर में लाल नदी के उपजाऊ डेल्टाओं के लिये जाना जाता है।
-
पश्चिम एशिया में इज़रायल और मिस्र की सीमा से लगे उस तटीय क्षेत्र की पहचान कीजिये, जहाँ संयुक्त राष्ट्र ने संघर्ष के कारण क्षेत्र में पहली बार आधिकारिक तौर पर अकाल की घोषणा की है।
उत्तर : गाज़ा पट्टी संयुक्त राष्ट्र ने आधिकारिक रूप से गाज़ा में अकाल घोषित किया है, जिससे पश्चिम एशिया में पहला अकाल दर्ज हुआ है। संघर्ष और भोजन तक सीमित पहुँच के कारण पाँच लाख से अधिक लोग अत्यधिक भुखमरी का सामना कर रहे हैं।
-
पश्चिमी हिंद महासागर में स्थित उस द्वीपसमूह राष्ट्र की पहचान कीजिये, जो क्षेत्रफल के हिसाब से अफ्रीका का सबसे छोटा देश है, जिसने हाल ही में पोर्ट विक्टोरिया में भारतीय नौसेना के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन की मेज़बानी की।
उत्तर : सेशेल्स भारतीय नौसेना के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन (INS तीर, INS शार्दूल और ICGS सारथी) ने दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में एक दीर्घ दूरी के प्रशिक्षण मिशन के दौरान सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया में आगमन किया। यह 155 द्वीपों का द्वीपसमूह है और अफ्रीका का सबसे छोटा देश है। यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और विकास के लिये भारत के महासागर दृष्टिकोण को रेखांकित करती है।
-
दक्षिण चीन सागर में विवादित त्रिकोणीय एटोल स्थित है, जो फिलीपींस के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र में स्थित है, जहाँ प्रकृति रिज़र्व स्थापित करने की चीन की योजना ने क्षेत्रीय तनाव को बढ़ा दिया है।
उत्तर : स्कारबोरो शोल फिलीपींस ने दक्षिण चीन सागर में विवादित स्कारबोरो शोल पर चीन द्वारा प्राकृतिक रिज़र्व स्थापित करने की घोषणा का विरोध किया है, जो लंबे समय से दोनों देशों के बीच तनाव और गतिरोध की स्थितियों का केंद्र रहा है। यह एक त्रिकोणीय एटोल है, जो फिलीपींस तट से 200 किमी. दूर स्थित है। यह क्षेत्र मछली भंडार से समृद्ध है और जहाज़ों के लिये प्राकृतिक आश्रय प्रदान करता है।
-
अफ्रीका के दूसरे सबसे बड़े देश की पहचान कीजिये, जहाँ हाल ही में पूर्वी किवु क्षेत्रों में संघर्ष को हल करने के लिये शांति समझौतों का प्रयास किया गया है और जो विशाल कांगो नदी बेसिन का आवास है।
उत्तर : कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) अमेरिका की मध्यस्थता से हुए शांति समझौते के बावजूद, पूर्वी DRC, खासकर उत्तरी और दक्षिणी किवु क्षेत्रों में संघर्ष जारी है। इसमें खनिज-समृद्ध कटंगा पठार (कोबाल्ट, ताँबा, टिन, यूरेनियम, हीरे) हैं। DRC एक विशाल राष्ट्र है जिसमें खनिज-समृद्ध कटंगा पठार और कांगो बेसिन शामिल हैं, जिसकी राजधानी किंशासा, कांगो नदी पर स्थित है।