इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

प्रीलिम्स फैक्ट्स: 27 अप्रैल, 2019

  • 27 Apr 2019
  • 6 min read

मंजीरा वन्यजीव अभयारण्य

मंजीरा वन्यजीव अभयारण्य (Manjeera Wildlife Sanctuary) तेलंगाना के मेडक ज़िले में स्थित है।

  • यह मूल रूप से एक मगरमच्छ अभयारण्य है किंतु पक्षियों की 70 से अधिक प्रजातियाँ यहाँ देखी जा सकती हैं।
  • यह अभयारण्य सुभेद्य मगरमच्छ (Mugger Crocodile) का आवास है।
  • मगरमच्छ सबसे अधिक ताज़े जल के वातावरण जैसे-नदियों, झीलों, पहाड़ी नदियों और गाँव के तालाबों में पाए जाते हैं। ये ताज़े पानी और तटीय खारे पानी के लैगून में भी पाए जा सकते हैं।
  • यह मगरमच्छ मानव निर्मित जलाशयों में भी रह सकता है।

Crocodile

  • यह मगरमच्छ मौसम के अनुरूप पलायन नहीं करता है, बरसात और शुष्क दोनों मौसमों में एक ही स्थान पर रहता है।
  • इस मगरमच्छ को IUCN की लाल सूची में सुभेद्य के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।

चक्रवात केनेथ

हाल ही में एक चक्रवात ने अफ्रीकी देश मोज़ाम्बिक में दस्तक दी। इस चक्रवात का नाम केनेथ (Kenneth) रखा गया है।

  • काबो डेलगाडो (Cabo Delgado) तट से टकराने वाले अब तक के सभी चक्रवातों की तुलना में केनेथ अधिक विनाशकारी था।
  • गौरतलब है कि पिछले दिनों मोज़ाम्बिक में चक्रवात इदई ने दस्तक दी थी।

Cabo Delgado

  • नासा के एक्वा उपग्रह के आँकड़ों के मुताबिक, इस उष्णकटिबंधीय चक्रवात की उत्पत्ति दक्षिणी हिंद महासागर (मेडागास्कर के उत्तर और अल्दाबरा एटोल के पूर्व में) में हुई।

कफाला प्रणाली

कतर 2019 के अंत तक अपनी विवादास्पद एक्ज़िट वीज़ा प्रणाली, कफाला को समाप्त करने जा रहा है।

  • कफाला प्रणाली प्रायोजन (Sponsorship) पर आधारित है। दरअसल, इस प्रणाली के अंतर्गत प्रवासी श्रमिकों को अपना काम बदलने या देश छोड़ने के लिये अपने नियोक्ता की अनुमति लेनी आवश्यक होती है।
  • अब, नए कानूनों के तहत प्रयोजन (Sponsorship) के स्थान पर अनुबंध (Contract) की व्यवस्था की जा सकती है।
  • कफाला प्रणाली के तहत हर प्रवासी श्रमिक को एक स्थानीय प्रायोजक(Sponsor) की ज़रूरत होती है।
  • प्रायोजक एक व्यक्ति या संगठन के रूप में हो सकता है। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने कफाला प्रणाली को मौजूदा दौर की गुलामी (Modern-day Slavery) कहा है।
  • उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में कतर में फुटबॉल विश्वकप का आयोजन होने जा रहा है, इसके लिये वहाँ बहुत बड़ी संख्या में बाहर से मज़दूर आकर कार्य कर रहे हैं।
  • मानवाधिकार समूहों के अनुसार, कतर में मज़दूरों की कार्य-दशाएँ कष्टकारी हैं, जिनमें कार्य करते हुए मज़दूरों की मृत्यु तक हो जाती है।

सदर्न रिवर टेरापिन

हाल ही में कंबोडिया ने 20 सदर्न रिवर टेरापिन (कछुओं की एक प्रजाति), रॉयल ​​टर्टल (Royal Turtles) को नदियों में छोड़ा है।

  • शिकार, तस्करी और अवैध रेत खनन के कारण सदर्न रिवर टेरापिन विलुप्ति के कगार पर थे।
  • सदर्न रिवर टेरापिन कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड में पाए जाते हैं।
  • इसे IUCN लाल सूची में गंभीर रूप से विलुप्तप्राय के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।

माइक्रोइंश्योरेंस फ्रेमवर्क की समीक्षा हेतु पैनल

बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (Insurance Regulatory and Development Authority- IRDAI) ने माइक्रोइंश्योरेंस पर नियामक फ्रेमवर्क की समीक्षा के लिये एक समिति का गठन किया है।

  • माइक्रोइंश्योरेंस कम आय वाले परिवारों या उन व्यक्तियों को कवरेज प्रदान करता है जिनकी बचत बहुत कम होती है।
  • इसे विशेष रूप से कम मूल्य की संपत्तियों और बीमारी, चोट या मृत्यु के मुआवजे के लिये तैयार किया गया है।
  • बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) द्वारा गठित इस पैनल में 13 सदस्य होंगे।
  • इस पैनल का उद्देश्य वितरण संरचना में बदलाव का सुझाव देना है, जिसमें मोबाइल-आधारित और प्रौद्योगिकी-संचालित समाधान शामिल होंगे।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2