दृष्टि के NCERT कोर्स के साथ करें UPSC की तैयारी और जानें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

परंपरागत कृषि विकास योजना (PKVY)

  • 11 Oct 2025
  • 38 min read

स्रोत: PIB 

चर्चा में क्यों? 

विगत 10 वर्षों में, परंपरागत कृषि विकास योजना (PKVY) भारत की सतत् कृषि पहलों की आधारशिला बन गई है। 

  • मृदा क्षरण, जल प्रदूषण और रासायनिक अवशेषों के कारण, भारत ने जैविक कृषि को बढ़ावा देने, किसानों की आय बढ़ाने एवं धारणीय कृषि का समर्थन करने के लिये वर्ष 2015 में PKVY शुरू किया। 

परंपरागत कृषि विकास योजना क्या है?

  • परिचय: PKVY राष्ट्रीय सतत् कृषि मिशन (NMSA) के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन (SHM) घटक का हिस्सा है। 
    • इस योजना का उद्देश्य जैविक कृषि को समर्थन और बढ़ावा देना है, जिससे मृदा स्वास्थ्य में सुधार होगा। 
    • भारत के लिये सहभागी गारंटी प्रणाली (PGS) को बढ़ावा देना, जो पारस्परिक विश्वास पर आधारित स्थानीय रूप से प्रासंगिक जैविक प्रामाणीकरण है, जिसमें उत्पादकों और उपभोक्ताओं दोनों को शामिल किया जाता है।  
      • पीजीएस-इंडिया "थर्ड पार्टी सर्टिफिकेशन" प्रणाली से बाहर काम करता है। 
  • वित्तपोषण पैटर्न: 
    • केंद्र और राज्य सरकारें 60:40 के अनुपात में वित्तपोषण साझा करती हैं। 
    • पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों के लिये वित्तपोषण अनुपात 90:10 (केंद्र: राज्य) है। 
    • संघ शासित प्रदेशों के लिये सहायता पूरी तरह से केंद्र सरकार (100%) द्वारा वित्तपोषित है। 
  • पात्रता: सभी किसान और संस्थाएँ आवेदन करने के पात्र हैं। हालाँकि पात्रता के लिये अधिकतम भूमि जोत 2 हेक्टेयर है। 
  • परंपरागत कृषि विकास योजना (PKVY) की प्रमुख विशेषताएँ: 
    • क्लस्टर-आधारित दृष्टिकोण: इसके तहत किसानों को प्रत्येक 20 हेक्टेयर के क्लस्टर में संगठित किया जाना शामिल है, जिससे संसाधनों का साझा उपयोग होने के साथ मानकों की एकरूपता एवं लागत में कमी को संभव बनाया जा सके।  
    • एंड-टू-एंड सपोर्ट: यह योजना किसानों को उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, प्रमाणन एवं विपणन तक प्रत्येक चरण में सहयोग प्रदान करने पर केंद्रित है। 
    • प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण: इसके तहत किसानों को जैविक तकनीकों, मृदा उर्वरता में सुधार तथा फसल विविधीकरण प्रणाली पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाता है। 
    • मार्केट लिंकेज: यह योजना किसानों को स्थानीय एवं राष्ट्रीय बाज़ारों तक प्रत्यक्ष पहुँच प्रदान करने हेतु प्रोत्साहित करती है, जिससे उद्यमिता को बढ़ावा मिलता है। 
      • जैविक खेती पोर्टल एक समर्पित ऑनलाइन प्लेटफाॅर्म है जिसे किसानों एवं उपभोक्ताओं के बीच जैविक उत्पादों की प्रत्यक्ष बिक्री को बढ़ावा देने हेतु विकसित किया गया है। 
  • इस योजना के अंतर्गत प्रदान किये जाने वाले प्रमुख लाभ: 
    • PKVY के तहत जैविक कृषि को अपनाने वाले किसानों को तीन वर्षों की अवधि में प्रति हेक्टेयर ₹31,500 की सहायता प्रदान किया जाना शामिल है। 
    • इस सहायता राशि का काफी अधिक हिस्सा ऑन फार्म एवं ऑफ फार्म जैविक इनपुट्स हेतु समर्पित है। 

भारत में जैविक प्रमाणन के प्रकार क्या हैं? 

  • तृतीय-पक्ष प्रमाणन (NPOP): राष्ट्रीय जैविक उत्पादन कार्यक्रम (NPOP) के अंतर्गत मान्यता प्राप्त एजेंसियों द्वारा प्रबंधित, यह प्रणाली उत्पादन, प्रसंस्करण, व्यापार और निर्यात में अंतर्राष्ट्रीय मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करती है, जिससे भारतीय किसानों को वैश्विक जैविक बाज़ारों तक पहुँच प्राप्त करने में सहायता मिलती है। 
  • सहभागी गारंटी प्रणाली (PGS-इंडिया): कृषि मंत्रालय के अंतर्गत एक किसान-केंद्रित, समुदाय-आधारित प्रमाणन, जहाँ किसान सामूहिक रूप से प्रथाओं का सत्यापन करते हैं और उपज को जैविक घोषित करते हैं, यह मुख्य रूप से घरेलू बाज़ारों के लिये सहायक है तथा लघु एवं सीमांत किसानों को सहायता प्रदान करता है। 

Organic_Certification_in_India 

और पढ़ें: प्राकृतिक कृषि 

UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न   

प्रिलिम्स: 

प्रश्न. स्थायी कृषि (पर्माकल्चर), पारंपरिक रासायनिक कृषि से किस प्रकार भिन्न है? (2021)  

  1. स्थायी कृषि एकधान्य कृषि पद्धति को हतोत्साहित करती है, किंतु पारंपरिक रासायनिक कृषि में एकधान्य कृषि पद्धति की प्रधानता है।   
  2. पारंपरिक रासायनिक कृषि के कारण मृदा की लवणता में वृद्धि हो सकती है किंतु इस तरह की परिघटना स्थायी कृषि में नहीं देखी जाती है।   
  3. पारंपरिक रासायनिक कृषि अर्द्ध-शुष्क क्षेत्रों में आसानी से संभव है किंतु ऐसे क्षेत्रों में स्थायी कृषि इतनी आसानी से संभव नहीं है।   
  4. मल्च बनाने की प्रथा (मल्चिंग) स्थायी कृषि में काफी महत्त्वपूर्ण है किंतु पारंपरिक रासायनिक कृषि में ऐसी प्रथा आवश्यक नहीं है।  

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:  

(a) केवल 1 और 3  
(b) केवल 1, 2 और 4  
(c) केवल 4    
(d) केवल 2 और 3  

उत्तर: (b)  

प्रश्न. निम्नलिखित में से कौन-सी मिश्रित खेती की प्रमुख विशषेता है? (2012) 

(a) नकदी और खाद्य दोनों सस्यों की साथ-साथ खेती। 
(b) दो या दो से अधिक सस्यों को एक ही खेत में उगाना। 
(c) पशुपालन और सस्य-उत्पादन को एक साथ करना। 
(d) उपर्युक्त में से कोई नहीं। 

उत्तर: (c) 

close
Share Page
images-2
images-2