इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


जैव विविधता और पर्यावरण

विश्व सतत् विकास शिखर सम्मेलन- 2019

  • 12 Feb 2019
  • 7 min read

चर्चा में क्यों?

नई दिल्ली में विश्व सतत् विकास शिखर सम्मेलन- 2019 (World Sustainable Development Summit- 2019) का आयोजन किया जा रहा है।

sustainable


महत्त्वपूर्ण बिंदु

  • इस शिखर सम्मेलन का आयोजन भारत के अग्रणी विचार मंच ऊर्जा और संसाधन संस्थान (The Energy and Resources Institute-TERI) द्वारा किया जा रहा है।
  • इस वर्ष TERI ने फिजी में सतत् विकास के लिये फिजी के प्रधानमंत्री, फ्रैंक बैनीमारामा (Frank Bainimarama) को सतत् विकास नेतृत्व पुरस्कार 2019 (Sustainable Development Leadership Award 2019) से सम्मानित किया है।
  • इस शिखर सम्मेलन की थीम है- “Attaining the 2030 Agenda: delivering on our promise.”
  • WSDS 2019 जलवायु परिवर्तन की पृष्ठभूमि में विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के सामने आने वाली कुछ प्रमुख चुनौतियों का सामना करने के लिये एक्शन फ्रेमवर्क बनाने की मांग करता है। इस एक्शन फ्रेमवर्क में स्वच्छ महासागर, परिवहन और गतिशीलता, टिकाऊ कृषि, जलवायु वित्त और ऊर्जा संक्रमण शामिल हैं।
  • इसका मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के सतत् विकास लक्ष्यों (SDGs) को पूरा करने के मार्ग में आने वाली प्रणालीगत चुनौतियों, यथा- विकास हेतु वित्तपोषण, नवीकरणीय ऊर्जा, स्थायी मूल्य श्रृंखला और अन्य दूरगामी चुनौतियों का तेज़ी से समाधान करना है।
  • विश्व भर के नीति निर्माताओं शोधकर्त्ताओं, विचारकों, राजनयिकों और कंपनियों सहित 2000 से अधिक प्रतिनिधि इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।

सम्मेलन के बारे में

  • विश्व सतत् विकास शिखर सम्मेलन (WSDS) TERI का एक प्रमुख वार्षिक सम्मेलन है।
  • अपनी 17 वर्षों की अवधि में यह सम्मेलन एक ही मंच पर वैश्विक नेताओं और विभिन्न शोधकर्त्ताओं के एकत्रित होने और व्यापक महत्त्व वाले जलवायु संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श करने का एक प्रमुख केंद्र बन गया है।
  • WSDS ने दिल्ली सतत् विकास शिखर सम्मेलन (Delhi Sustainable Development Summit-DSDS) की विरासत को जारी रखा है जिसकी शुरुआत वर्ष 2001 में 'सतत् विकास' को विश्व स्तर पर साझा लक्ष्य बनाने के उद्देश्य से की गई थी।

ऊर्जा और संसाधन संस्थान (The Energy and Resources Institute-TERI)

  • ऊर्जा और संसाधन संस्थान (TERI) अनुसंधान, नीति, परामर्श और कार्यान्वयन क्षमताओं से युक्त एक स्वतंत्र, बहुआयामी संगठन है।

  • पिछले चार दशकों में TERI ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और स्थिरता के क्षेत्र में एक प्रमुख विचार मंच और अनुसंधान संस्थान के रूप में उभरकर सामने आया है।
  • 1974 में स्थापित इस संस्थान को पूर्व में टाटा ऊर्जा अनुसंधान संस्थान के नाम से जाना जाता था।

एजेंडा 2030 के तहत संयुक्त राष्ट्र के सतत् विकास लक्ष्य

संयुक्त राष्ट्र के इन महत्त्वाकांक्षी सतत् विकास लक्ष्यों का उद्देश्य वर्ष 2030 तक गरीबी और भूख को समाप्त करना तथा लिंग समानता सुनिश्चित करने के अलावा सभी को सम्मानित जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना है।

  1. गरीबी के सभी रूपों की पूरे विश्व से समाप्ति।

  2. भूख की समाप्ति, खाद्य सुरक्षा और बेहतर पोषण तथा टिकाऊ कृषि को बढ़ावा।
  3. सभी आयु के लोगों में स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वस्थ जीवन को बढ़ावा।

  4. समावेशी और न्यायसंगत गुणवत्ता युक्त शिक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही सभी को सीखने का अवसर देना।
  5. लैंगिक समानता प्राप्त करने के साथ ही महिलाओं और लड़कियों को सशक्त करना।
  6. सभी के लिये स्वच्छता और पानी का सतत् प्रबंधन सुनिश्चित करना।
  7. सस्ती, विश्वसनीय, टिकाऊ आधुनिक ऊर्जा तक पहुँच सुनिश्चित करना।
  8. सभी के लिये निरंतर समावेशी और सतत् आर्थिक विकास, पूर्ण और उत्पादक रोज़गार और बेहतर कार्य को बढ़ावा देना।
  9. लचीले बुनियादी ढाँचे, समावेशी और सतत् औद्योगीकरण को बढ़ावा।
  10. देशों के बीच और देश के भीतर असमानता को कम करना।
  11. सुरक्षित, लचीले और टिकाऊ शहर तथा मानव बस्तियों का निर्माण।
  12. स्थायी खपत और उत्पादन पैटर्न को सुनिश्चित करना।
  13. जलवायु परिवर्तन और उसके प्रभावों से निपटने के लिये तत्काल कार्रवाई करना।
  14. स्थायी सतत् विकास के लिये महासागरों, समुद्र और समुद्री संसाधनों का संरक्षण और उपयोग।
  15. सतत् उपयोग को बढ़ावा देने वाले स्थलीय पारिस्थितिकीय प्रणालियों, जंगलों का संरक्षण तथा भूमि क्षरण और जैव विविधता के बढ़ते नुकसान को रोकने का प्रयास करना।
  16. सतत् विकास के लिये शांतिपूर्ण और समावेशी समितियों को बढ़ावा देने के साथ ही सभी स्तरों पर इन्हें प्रभावी, जवाबदेह बनाना ताकि सभी के लिये न्याय सुनिश्चित हो सके।
  17. सतत् विकास के लिये वैश्विक भागीदारी को पुनर्जीवित करने के अतिरिक्त कार्यान्वयन हेतु साधनों को मज़बूत बनाना।

(टीम दृष्टि इनपुट)


स्रोत- TERI वेबसाइट

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow