दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire करेंट अफेयर्स (25 जनवरी)

  • 25 Jan 2019
  • 9 min read
  • 25 जनवरी: राष्ट्रीय मतदाता दिवस (National Voters’ Day)। देशभर में नौवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी और इसलिये 2011 में इसे राष्ट्रीय मतदाता दिवस घोषित किया गया। इसका उद्देश्य मतदाताओं के पंजीकरण में वृद्धि करना, विशेषकर युवा मतदाताओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना और सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार सुनिश्चित करना है। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की दो थीम रखी गई हैं- समावेशी और गुणात्मक भागीदारी तथा कोई मतदाता पीछे न छूटे।
  • 24 जनवरी की देर रात इसरो ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के इमेजिंग सैटेलाइट Microsat R को PSLV-C44 प्रक्षेपण यान से सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किया। इसके साथ कलामसैट (Kalamsat) भी शामिल था, जो एक पेलोड है, जिसे विद्यार्थियों और स्पेस किड्स इंडिया ने मिलकर विकसित किया है। ‘कलामसैट’ नाम भारत के पूर्व राष्ट्रपति और वैज्ञानिक डॉक्टर ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के नाम पर रखा गया है। आपको बता दें कि इस प्रक्षेपण यान को PSLV-DL नाम दिया गया है और यह नए प्रकार के रॉकेट PSLV-C44 का पहला अभियान था।
  • भारतीय वायुसेना ने अपने विमानों में बायो-फ्यूल के इस्तेमाल को मंज़ूरी दे दी है। सेंटर फॉर मिलिट्री एयरवर्दिनेस एंड सर्टिफिकेशन (CEMILAC) की मंज़ूरी मिलने के बाद भारतीय वायुसेना द्वारा बायो-फ्यूल का इस्तेमाल सबसे पहले अपने परिवहन बेड़े और हेलीकॉप्टरों में किये जाने की संभावना है। गौरतलब है कि सभी सैन्य और नागरिक विमानों में बायो-फ्यूल के इस्तेमाल के लिये भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने सभी हितधारकों के साथ मिलकर नए मानदंड बनाए हैं।
  • नौसेनाध्यक्ष सुनील लांबा ने अंडमान के द्वीप पर स्थित तीसरे नौसैनिक केंद्र INS कोहासा को नौसेना में शामिल किया। पोर्ट ब्लेयर से 300 किलोमीटर दूर बने इस केंद्र में नौसैनिक बंदरगाह के अलावा हैलीपैड और बमवर्षक विमानों के लिये हवाई पट्टियाँ बनाई गई हैं। जिस क्षेत्र में यह केंद्र बनाया गया है, वह सामरिक रूप से हिंद महासागर का अहम इलाका है। नौसेना ने अपने शिबपुर हवाई अड्डे का विस्तार कर इसे INS कोहासा नाम दिया है। आपको बता दें कि अंडमान के आस-पास पाए जाने वाले सफेद समुद्री बाज का नाम कोहासा है।
  • भारतीय रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने ओडिशा के तट पर नौसैन्य युद्धपोत INS चेन्नई से सतह से हवा में लंबी दूरी तक मार करने वाली बराक-8 मिसाइल का सफल परीक्षण किया। बराक मिसाइल 2469 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से 70 किमी. तक लक्ष्य को भेदने की क्षमता रखती है। इसे इज़राइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज़ और DRDO ने मिलकर तैयार किया है।
  • सामान्य वर्ग को दिये गए 10 फीसदी आरक्षण पर तत्काल रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया है। लेकिन जनहित याचिका को सुनवाई के लिये स्वीकार करते हुए केंद्र सरकार से 4 सप्ताह में जवाब देने को कहा है। इसके अलावा एक अन्य मामले में सुप्रीम कोर्ट ने SC/ST संशोधित कानून पर यह कहते हुए रोक लगाने से इनकार कर दिया कि ऐसे मामलों में रोक नहीं लगाई जा सकती। इस मामले पर सुनवाई के लिये अभी न्याय पीठ का गठन नहीं हुआ है।
  • टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने डीटीएच यूज़र्स के लिये नए नियम बनाए हैं। इनके तहत हर यूज़र को चैनल सलेक्ट करने की सुविधा दी गई है और उसे केवल उन्हीं चैनल्स के लिये पैसा देना होगा, जो उसने चुने हैं। यूज़र्स की सुविधा के लिये TRAI ने नया वेब एप लॉन्च किया है जिसे चैनल सेलेक्टर नाम दिया गया है। यूज़र्स इसकी सहायता से अपने मनपसंद चैनल्स चुन सकते हैं और यह पता लगा सकते हैं कि चुने हुए पैकेज के लिये उन्हें कितने पैसे चुकाने होंगे।
  • मुस्लिम बहुल देश मलेशिया के राज परिवार ने खेलों में रुचि रखने वाले सुल्तान अब्दुल्ला सुल्तान अहमद शाह को नया राजा चुना है। वह अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल संघ और एशियाई हॉकी एसोसिएशन सहित कई खेल संगठनों से जुड़े हैं। गौरतलब है कि पिछले माह सुल्तान मुहम्मद पंचम ने अपना पाँच साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही राजगद्दी छोड़ दी थी। मलेशिया के संवैधानिक राजतंत्र में हर पाँच साल पर देश का नया राजा चुनने की व्यवस्था है। इसके तहत देश के नौ राज्यों के शासकों को ही रोटेशन प्रणाली के तहत बारी-बारी से राजगद्दी पर बैठने का मौका मिलता है। सुल्तान अब्दुल्ला सुल्तान अहमद शाह मलेशिया के 16वें राजा हैं।
  • मिस्र का कहना है कि पुरातत्त्वविदों को नील नदी के डेल्टा में 1782-1570 ईसा पूर्व की द्वितीय मध्यकालिक इंटरमीडिएट अवधि की प्राचीन कब्रों का पता चला है। इनमें प्राचीन जानवरों के अवशेष, पत्थर की कलाकृतियाँ और चित्र के साथ मिट्टी के बर्तनों के टुकड़े मिले हैं, लेकिन इन्हें संभाल कर नहीं रखा गया। मिस्र के पुरातात्त्विक मंत्रालय ने कहा कि पुरातत्त्वविदों को काहिरा के उत्तर में लगभग 140 किलोमीटर की दूरी पर कोम अल-खोलगन (Kom al-Kholgan) पुरातात्त्विक स्थल में 20 कब्रिस्तान भी मिले, जो प्री-डायनेस्टिक काल (3100 वर्ष ईसा पूर्व) के प्रतीत होते हैं।
  • हिंदी की वरिष्ठ साहित्यकार कृष्णा सोबती का 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। 1950 में कहानी ‘लामा’ से उन्होंने अपना साहित्यिक सफर शुरू किया था। 1966 में प्रकाशित हुए उनके उपन्यास ‘मित्रो मरजानी’ और ‘ज़िंदगीनामा’ को हिंदी साहित्य की कालजयी रचनाओं में गिना जाता है। ‘ज़िंदगीनामा’ के लिये उन्हें 1980 के साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाज़ा गया था। इनके अलावा ‘सूरजमुखी अंधेरे के’, ‘दिलोदानिश’, ‘ऐ लड़की’, ‘समय सरगम’, ‘जैनी मेहरबान सिंह’, ‘हम हशमत’, ‘बादलों के घेरे’, ‘बुद्ध का कमंडल लद्दाख’ और ‘गुजरात पाकिस्तान से गुजरात हिंदुस्तान’ जैसी रचनाओं को उन्होंने कलमबद्ध किया। उन्हें 1996 में अकादमी के सर्वोच्च सम्मान साहित्य अकादमी फेलोशिप भी दिया गया था। इसके अलावा कृष्णा सोबती को पद्मभूषण, व्यास सम्मान और शलाका सम्मान से भी नवाज़ा गया था। 2017 में उन्हें ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow