इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire करेंट अफेयर्स (23 जनवरी)

  • 23 Jan 2019
  • 8 min read
  • रेटिंग एजेंसी क्रिसिल द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार बिहार, गुजरात और आंध्र प्रदेश सहित सहित कई राज्यों की विकास दर यानी Gross State Domestic Product (GSDP) देश की विकास दर से अधिक है। गुजरात, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों को पीछे छोड़ते हुए बिहार ने 11.3% की दर हासिल की। 17 राज्यों की इस GDP रैंकिंग में आंध्र प्रदेश को दूसरा (11.2%) और गुजरात (11.1%) को तीसरा स्थान मिला। रिपोर्ट के अनुसार इन राज्यों में तेज़ विकास के बावजूद रोजगार में बढ़ोतरी न होने के कारण ‘जॉबलेस ग्रोथ’ की स्थिति बनी हुई है। इस रेटिंग में विशेष राज्य का दर्जा पाने वाले राज्यों को शामिल नहीं किया गया।
  • Lloyd’s द्वारा जारी वैश्विक कंटेनर पोर्ट्स रैंकिंग में विश्व के 30 शीर्ष कंटेनर पोर्ट्स में भारत का जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट भी शामिल है। अपनी पिछली रैंकिंग में 5 स्थानों का सुधार कर इसे 28वीं रैंकिंग मिली है। नवी मुम्बई स्थित जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट को पूर्व में न्हावा शेवा बंदरगाह के नाम से जाना जाता था। यह भारत का शीर्ष कंटेनर पोर्ट है जो भारत में सभी प्रमुख पोर्ट्स का 55 प्रतिशत कंटेनर कार्गों संचालित करता है। इसकी शुरुआत 26 मई, 1989 को हुई थी।
  • चीन की जनसंख्या वृद्धि दर में लगातार गिरावट का क्रम जारी है। 2018 में चीन में 1.53 करोड़ शिशुओं का जन्म हुआ, जो इससे पहले वर्ष की तुलना में 20 लाख कम है। यह पिछले 60 वर्षों में सबसे कम जन्म दर है। वर्तमान में चीन की आबादी 139.5 करोड़ है और जनसंख्या वृद्धि में यदि इसी प्रकार कमी होती रही तो 2030 से चीन की आबादी में गिरावट का क्रम शुरू हो सकता है। गौरतलब है कि चीन ने जनसंख्या दर को बनाए रखने के लिये 2016 में दो बच्चों की नीति अपनाई थी।
  • भारत और चीन ने एक प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किये हैं, जिससे भारतीय तंबाकू के पत्तों का चीन को निर्यात किया जा सकेगा। चीन फिलहाल 350 मिलियन से अधिक धूम्रपान करने वालों के साथ दुनिया में तंबाकू का सबसे बड़ा उपभोक्ता और उत्पादक देश है। इस प्रोटोकॉल के तहत चीन के बाज़ारों तक भारत की पहुँच बनाने के प्रयास किये जाएंगे। भारत में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता वाला तंबाकू प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उपलब्ध है और चीन को भारतीय तंबाकू के निर्यात की अच्छी संभावना है।
  • फेक न्यूज़ और अफवाहों को रोकने के लिये व्हाट्सएप से मैसेज फॉरवर्ड करने की पाबंदी विश्वभर में लागू हो गई है। अब केवल पाँच लोगों को मैसेज फॉरवर्ड करने की सुविधा मिलेगी। इससे पहले व्हाट्सएप का इस्तेमाल करने वाला कोई भी यूज़र 20 ग्रुप्स या लोगों को मैसेज फॉरवर्ड कर सकता था। आपको बता दें कि केंद्र सरकार के आदेश के बाद भारत में यह पाबंदी पिछले वर्ष जुलाई में ही लागू कर दी गई थी।
  • अमेरिका स्थित नॉर्थ वेस्टर्न यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक अनोखा पैच बनाया है। मनुष्य के शरीर पर चिपक जाने वाला यह पैच पसीने का विश्लेषण कर शरीर में होने वाली पानी की कमी तथा डायबिटीज़ का पता लगाने में सक्षम है। इसके अलावा यह शरीर में मौज़ूद सोडियम, पोटैशियम, कार्बोनेट्स के स्तर पर निगरानी रखने का काम करेगा। इस पैच का इस्तेमाल ब्लड शुगर की मात्रा पर नज़र रखने के लिये भी किया जा सकता है।
  • प्रशांत महासागर में स्थित चार कुरील द्वीपों (Kuril Islands) पर रूस और जापान के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद को सुलझाने के लिये जापानी प्रधानमंत्री शिंजो एबी ने मास्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। आपको बता दें कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान इन चार द्वीपों पर सोवियत संघ की सेना ने कब्ज़ा कर लिया था, लेकिन जापान इन पर रूस की संप्रभुता मानने को तैयार नहीं है। इस विवाद के चलते द्वितीय विश्व युद्ध खत्म होने के इतने साल बाद भी दोनों देशों के बीच शांति संधि नहीं हो पाई है।
  • गुजराती कवि सीतांशु यशचन्द्र को 27वाँ सरस्वती सम्मान दिया गया है। सीतांशु यशचंद्र को 2009 में प्रकाशित उनके संग्रह ‘वखार’ पर वर्ष 2017 के लिये यह सम्मान दिया गया। उन्हें पिछले वर्ष इस पुरस्कार के लिये चुना गया था। के.के. बिड़ला फाउंडेशन द्वारा दिये जाने वाले इस पुरस्कार की चयन समिति के अध्यक्ष लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष चंद्र कश्यप थे। 1991 में स्थापित सरस्वती सम्मान हर साल किसी भी भारतीय भाषा में लिखित और पिछले 10 वर्षों में प्रकाशित साहित्यक कृति को दिया जाता है। 2016 का सरस्वती सम्मान कोंकणी के उपन्यासकार महाबालेश्वर सैल को दिया गया था। इस सम्मान के तहत 15 लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र और फलक प्रदान किया जाता है।
  • अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारत के युवा बल्लेबाज रिषभ पंत को 2018 में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के मद्देनजर वर्ष का उभरता हुआ क्रिकेटर (Emerging Cricketer of the Year) चुना है। इससे पहले 2004 में इरफान पठान को और 2013 में चेतेश्वर पुजारा को इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। गौरतलब है कि पिछले वर्ष पाकिस्तान के हसन अली को यह पुरस्कार दिया गया था।
  • हाल ही में तमिलनाडु के पुडुकोट्टई में आयोजित जल्लीकट्टू में सबसे ज्यादा संख्या में सांडों को मैदान में उतारने का विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। सांडों को काबू करने वाले इस खेल में 1354 सांडों को शामिल किया गया था और 424 लोग इन पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे। दो साल पहले 647 सांडों को शामिल करके विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था। जल्लीकट्टू को ''इरुथाझुवुथल' के नाम से भी जाना जाता है और यह तमिलनाडु में मट्टू पोंगल के दिन खेला जाता है, जिसमें निहत्थे लोग खुले छोड़ दिये गए सांडों पर काबू करते हैं।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow