इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


अंतर्राष्ट्रीय संबंध

भारत-न्यूज़ीलैंड गोलमेज बैठक

  • 12 Jun 2023
  • 11 min read

प्रिलिम्स के लिये:

न्यूज़ीलैंड की भौगोलिक अवस्थिति, UPI, कार्बन क्रेडिट, वंदे भारत मिशन

मेन्स के लिये:

न्यूज़ीलैंड के साथ भारत के आर्थिक संबंध

चर्चा में क्यों?

हाल ही में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच उद्योग और उद्योग संघों की पहली गोलमेज संयुक्त बैठक नई दिल्ली में संपन्न हुई।

  • इस बैठक की सह-अध्यक्षता वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव और न्यूज़ीलैंड के उच्चायुक्त ने की।

प्रमुख बिंदु 

  • भारत और न्यूज़ीलैंड ने दोनों देशों की साझेदारी में अपार संभावनाएँ तथा पारस्परिक हित के क्षेत्रों में आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने हेतु सामंजस्य स्थापित करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की।
    • साथ ही मुक्त व्यापार समझौते से परे कार्य करने और ऐसे अन्य क्षेत्रों का पता लगाने की आवश्यकता बल दिया जहाँ दोनों एक-दूसरे के पूरक हो सकते हैं।
  • यह चर्चा वर्ष 1986 के द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत गठित संयुक्त व्यापार समिति (Joint Trade Committee- JTC) के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने पर केंद्रित थी।
  • न्यूज़ीलैंड ने निजी क्षेत्रों के साथ व्यापार और सहयोग को सुविधाजनक बनाने पर ज़ोर दिया, जिसमें कुछ प्रमुख क्षेत्रों में यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) प्रणाली को बढ़ावा देना, कार्बन क्रेडिट सहयोग एवं दोनों पक्षों के व्यवसायों को द्विपक्षीय लाभ हेतु गैर-टैरिफ उपायों पर अनुरोध जैसे मुद्दों पर काम करना शामिल है।  
    • दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने पर भी ज़ोर दिया गया।

न्यूज़ीलैंड: 

  • आधिकारिक नाम: न्यूज़ीलैंड/आओटियरोआ (माओरी)
  • सरकार का रूप: संसदीय लोकतंत्र
  • राजधानी: वेलिंगटन
  • आधिकारिक भाषाएँ: अंग्रेज़ी, माओरी
  • मुद्रा: न्यूज़ीलैंड डॉलर
  • प्रमुख पर्वत शृंखलाएँ: दक्षिणी आल्प्स, कैकौरा पर्वतमालाएँ
  • सर्वोच्च पर्वत शिखर: माउंट कुक (3,754 मीटर) - माओरी लोगों द्वारा "क्लाउड पियर्सर" कहा जाता है
  • प्रमुख नदियाँ: वाइकाटो, क्लुरथा, रंगितिकी, वांगानुई, मनवातु, बुलर, राकिया, वेटाकी और वायाउ
  • 2 मुख्य द्वीप: उत्तर और दक्षिण द्वीप - कुक स्ट्रेट द्वारा अलग किये गए

न्यूज़ीलैंड के साथ भारत के संबंध:

  • ऐतिहासिक संबंध: भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। ये संबंध 1800 के दशक से हैं, जब भारतीय 1850 के दशक में क्राइस्टचर्च में बसे थे।
    • 1890 के दशक में पंजाब और गुजरात से बड़ी संख्या में अप्रवासी न्यूज़ीलैंड आए। वर्ष 1915 में गैलीपोली में एंज़ैक के साथ भारतीय सैनिकों ने लड़ाई लड़ी थी।
  • राजनीतिक संबंध: भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच सौहार्दपूर्ण एवं मैत्रीपूर्ण संबंध हैं जो राष्ट्रमंडल, संसदीय लोकतंत्र तथा अंग्रेज़ी भाषा के संदर्भ में निहित हैं। 
    • दोनों देश एक ही वर्ष में स्वतंत्र हुए और भारत का राजनयिक प्रतिनिधित्व वर्ष 1950 में एक व्यापार आयोग के उद्घाटन के साथ स्थापित किया गया, जिसे बाद में उच्चायोग के रूप में अद्यतन किया गया।
    • दोनों देश निरस्त्रीकरण, वैश्विक शांति, उत्तर-दक्षिण वार्ता, मानवाधिकार, पारिस्थितिक संरक्षण और अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद का मुकाबला करने की अपनी प्रतिबद्धता में विश्वास रखते हैं।
      • न्यूज़ीलैंड ने अक्तूबर 2011 में अधिसूचित अपनी "ओपनिंग डोर टू इंडिया" नीति में भारत को एक प्राथमिकता वाले देश के रूप में चिह्नित किया, जिसकी पुनःपुष्टि वर्ष  2015 में की गई थी।
  • कोविड-19 महामारी के दौरान सहयोग: दोनों देशों ने महामारी के दौरान आवश्यक वस्तुओं, दवाओं और टीकों की आपूर्ति शृंखला की निरंतरता सुनिश्चित करके महामारी के खिलाफ लड़ाई में द्विपक्षीय रूप से बड़े पैमाने पर सहयोग किया।
    • भारत और न्यूज़ीलैंड ने कोविड-19 के मद्देनज़र इन देशों में फँसे एक-दूसरे के नागरिकों को वापस लाने में भी मदद की।
  • व्यापार संबंध: भारत सितंबर 2020 में समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष में कुल 1.80 बिलियन अमेरिकी डॉलर मूल्य के दो-तरफा व्यापार के साथ न्यूज़ीलैंड का 11वाँ सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है।
    • भारत के साथ-साथ शिक्षा और पर्यटन भी न्यूज़ीलैंड के विकास क्षेत्र हैं।
    • न्यूज़ीलैंड में सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के रूप में भारतीय छात्र ( महामारी पूर्व समय में 15000) दूसरे स्थान पर आते हैं।
    • भारत मुख्य रूप से न्यूज़ीलैंड से वानिकी उत्पादों, लकड़ी की लुगदी, ऊन तथा खाद्य फल एवं मेवे का आयात करता है। भारत द्वारा न्यूज़ीलैंड को ज़्यादातर फार्मास्यूटिकल्स/दवाएँ, कीमती धातु और रत्न, कपड़ा तथा मोटर वाहन एवं गैर-बुने हुए परिधान व सहायक उपकरणों का निर्यात किया जाता है।
    • भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) है।
  • व्यापारिक गठबंधन: भारत-न्यूज़ीलैंड व्यापार परिषद (INZBC) और भारत न्यूज़ीलैंड व्यापार गठबंधन (INZTA) वे दो प्रमुख संगठन हैं जो भारत-न्यूज़ीलैंड व्यापार तथा निवेश संबंधों को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं।
  • सांस्कृतिक संबंध: दीपावली, होली, रक्षाबंधन, बैसाखी, गुरुपर्व, ओणम, पोंगल, आदि सहित सभी भारतीय त्योहार पूरे न्यूज़ीलैंड में बहुत उत्साह के साथ मनाए जाते हैं।
    • न्यूज़ीलैंड में भारतीय मूल के लगभग 2,50,000 व्यक्ति और NRI हैं, जिनमें से अधिकांश ने न्यूज़ीलैंड को अपना स्थायी निवास बना लिया है।
  • नागरिक उड्डयन सहयोग: न्यूज़ीलैंड में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय और दो-तरफा पर्यटन प्रवाह को देखते हुए दोनों देशों के बीच सीधा हवाई संपर्क द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं के लिये एक गेम-चेंजर साबित हो सकता है।
    • वंदे भारत मिशन के तहत दोनों देशों के बीच संचालित सीधी उड़ानों ने एयरलाइन्स के लिये व्यावसायिक रूप से सीधी साप्ताहिक उड़ान की संभावनाओं को सुदृढ़ किया है।  

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रश्न. सूची I को सूची II से सुमेलित कीजिये और सूचियों के नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये: (2009) 

सूची I                                       सूची II 

(भौगोलिक विशेषता)                    (देश) 

  1. ग्रेट विक्टोरिया रेगिस्तान          1. ऑस्ट्रेलिया
  2. ग्रैंड कैन्यन                         2. कनाडा
  3. विन्निपेग झील                     3. न्यूज़ीलैंड 
  4. दक्षिणी आल्प्स                    4. अमेरिका

कूट: 

   A  B  C  D 

(a) 1 2 4 3 
(b) 1 4 2 3 
(c) 3 2 4 1 
(d) 3 4 2 1 

उत्तर: (b) 

  • ग्रेट विक्टोरिया रेगिस्तान ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा रेगिस्तान है। यह पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में स्थित है, जो उत्तर में गिब्सन रेगिस्तान से लेकर दक्षिण में नुल्लरबोर मैदान तक तथा पूर्व की ओर कालगुर्ली-बोल्डर से लगभग स्टुअर्ट रेंज तक फैला हुआ है।
  • ग्रैंड कैन्यन दक्षिण-पश्चिमी के कोलोराडो पठार के हिस्से में स्थित है, जो दक्षिण-पश्चिमी संयुक्त राज्य के एक विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है तथा इसमें अनिवार्य रूप से क्षैतिज स्तरित चट्टानें और लावा प्रवाह शामिल हैं। 
  • विन्निपेग झील का क्षेत्रफल 9,416 वर्ग मील (24,387 वर्ग किलोमीटर) है और यह कनाडा की सबसे बड़ी ताज़े पानी की झीलों में से एक है।
  • दक्षिण आल्प्स, दक्षिण द्वीप समूह, न्यूज़ीलैंड पर एक पर्वत शृंखला है। यह आस्ट्रेलिया में सबसे ऊँची श्रेणी है। यह हास्ट दर्रे से वनाका झील के शीर्ष में उत्तर-पूर्व में आर्थर दर्रे तक फैला हुआ है। 3,000 फीट (900 मीटर) से 10,000 फीट (3,050 मीटर) से ऊपर 16 चोटियों में इसकी ऊँचाई अलग-अलग है जो माउंट कुक में समाप्त होते हैं, यह लगभग 12,316 फीट (3,754 मीटर) है।
  • अतः  विकल्प (b) सही है।

स्रोत: पी.आई.बी.

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2