उत्तर प्रदेश
नव्या पहल
- 02 Jul 2025
- 3 min read
चर्चा में क्यों?
किशोरियों को सशक्त बनाने के लिये उत्तर प्रदेश के सोनभद्र ज़िले में 'नव्या – युवा किशोरियों के लिये व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आकांक्षाओं का पोषण' कार्यक्रम प्रारंभ किया गया।
मुख्य बिंदु
- सशक्तीकरण के लिये नव्या पहल:
- नव्या, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की एक संयुक्त पहल है।
- इसे 19 राज्यों के 27 आकांक्षी ज़िलों में क्रियान्वित किया जाएगा ताकि हाशिये पर स्थित तथा वंचित क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा सके।
- यह एक पायलट पहल है जिसका उद्देश्य 16–18 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों को, जो कक्षा 10 की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता रखती हैं, मुख्यतः गैर-पारंपरिक रोजगार भूमिकाओं में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।
- यह पहल विकसित भारत@2047 विज़न के अनुरूप है तथा महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देती है।
- यह एक कुशल, आत्मनिर्भर और समावेशी कार्यबल के निर्माण हेतु सरकार की प्रतिबद्धता को मज़बूत करती है और युवा लड़कियों को सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन के वाहक के रूप में स्थापित करती है।
- यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) तथा अन्य प्रमुख कौशल विकास योजनाओं पर आधारित होगा।
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY):
- भारत सरकार द्वारा वर्ष 2015 में कौशल भारत मिशन की शुरुआत की गई थी, जिसके तहत प्रमुख योजना प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) को क्रियान्वित किया गया है।
- इस योजना का उद्देश्य भारतीय युवाओं को बेहतर आजीविका और समाज में सम्मान दिलाने के लिये उन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं प्रमाणन प्रदान करना है।
- PMKVY का कार्यान्वयन कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) द्वारा किया जाता है।