इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप (IV): फरवरी, 2020

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. हाल ही में स्टॉकहोम (स्वीडन) में सड़क सुरक्षा पर तीसरे वैश्विक मंत्रिस्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, स्वीडन के साथ सीमा साझा करने वाले समुद्र की पहचान कीजिये:

    उत्तर : बाल्टिक सागर। बाल्टिक सागर उत्तरी यूरोप में स्थित है और स्वीडन (स्कैंडिनेवियाई प्रायद्वीप का एक हिस्सा), फिनलैंड, रूस, एस्टोनिया, लातविया, लिथुआनिया, पोलैंड, उत्तरपूर्वी जर्मनी और पूर्वी डेनमार्क एवं इसके कई द्वीपों से घिरा है। यह हमारे ग्रह पर सबसे युवा सागर है तथा पृथ्वी पर मौज़ूद खारे पानी के सबसे बड़े निकायों में से एक है।

  • 2. उस जलडमरूमध्य की पहचान कीजिये जो मरमारा सागर को ईजियन सागर से जोड़ता है:

    उत्तर : दार्दानेल्ज़ जलडमरूमध्य। यह काला सागर और भूमध्य सागर के बीच एक महत्वपूर्ण परिवहन पुल तथा जल का एक संकीर्ण प्रवाह है जो ईजियन सागर को मरमारा सागर से जोड़ता है। यह एशियाई तुर्की को यूरोपीय तुर्की (ट्रेस) से अलग करता है, इस प्रकार यह दो महाद्वीपों को भी अलग करता है।

  • 3. हाल ही में अरब जगत का पहला परमाणु ऊर्जा संयंत्र समाचारों में था, यह कहाँ स्थित है?

    उत्तर : संयुक्त अरब अमीरात। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने अपने पहले परमाणु ऊर्जा संयंत्र के लिये परिचालन लाइसेंस जारी किया है, जिससे इस वर्ष के अंत तक उत्पादन शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) परमाणु ऊर्जा प्लांट संचालित करने वाला क्षेत्र का पहला अरब देश बन जाएगा। कोरिया इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन (KEPCO) द्वारा निर्मित और UAE की राजधानी अबु धाबी में स्थित बराक परमाणु ऊर्जा संयंत्र की शुरुआत मूल रूप से वर्ष 2017 में की जानी थी, किंतु अब तक इसके पहले रिएक्टर ने भी काम करना शुरू नहीं किया है। ध्यातव्य है कि अभी इस संयंत्र के मात्र एक रिएक्टर को ही लाइसेंस जारी किया है, पूरी तरह से संचालित होने के पश्चात् संयंत्र के चारों रिएक्टरों से 5,600 मेगावाट विद्युत उत्पन्न की जा सकेगी।

  • 4. पुर्तगाल और स्पेन एक प्रायद्वीप का हिस्सा हैं, विश्व मानचित्र पर इस प्रायद्वीप की पहचान कीजिये:

    उत्तर : इबेरिया प्रायद्वीप। यूरोपीय महाद्वीप के दक्षिण-पश्चिमी सिरे पर स्थित, इबेरिया प्रायद्वीप में अंडोरा, पुर्तगाल, स्पेन और ब्रिटिश क्राउन कॉलोनी ज़िब्राल्टर शामिल हैं। निकटतम बिंदु पर यह अफ्रीका महाद्वीप से केवल 8 किमी. दूर है।

  • 5. उस महासागरीय धारा की पहचान कीजिये जो अफ्रीका महाद्वीप के पूर्वी तट के साथ बहती है:

    उत्तर : अगुलहास धारा। अगुलहास धारा एक गर्म सतह वाली महासागरीय धारा है जो दक्षिणी हिंद महासागर की पश्चिमी सीमा धारा का निर्माण करती है। यह अफ्रीका से ऑस्ट्रेलिया में प्रवाह में शामिल होने के लिये पूर्व की ओर मुड़ने से पहले मोज़ाम्बिक के दक्षिण-पूर्वी तट तथा दक्षिण अफ्रीका के तट के साथ दक्षिण की ओर बहती है। अगुलहास का एक छोटा सा हिस्सा अटलांटिक महासागर में केप ऑफ गुड होप (Cape of Good Hope) के आस-पास पश्चिम की ओर बहता है। मेडागास्कर और अफ्रीका के बीच मोज़ाम्बिक धारा भी अगुलहास धारा के लिये जल उपलब्ध कराती है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2