-
1. अवधी व्यंजनों की समृद्ध परंपरा, विशेष रूप से कबाब, बिरयानी, कोरमा और शीरमाल के लिये प्रसिद्ध, उस भारतीय शहर की पहचान कीजिये, जिसे यूनेस्को ने वर्ष 2025 के लिये ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ घोषित किया है।
उत्तर : लखनऊ लखनऊ को उसकी समृद्ध अवधी पाक परंपरा, पाक-कला, आतिथ्य और गहरी सांस्कृतिक विरासत को मान्यता देते हुए, यूनेस्को के 43वें महासम्मेलन सत्र में 'क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी' का प्रतिष्ठित दर्जा प्रदान किया गया।
-
2. उस जुड़े हुए बाढ़क्षेत्र-दलदली आर्द्रभूमि तंत्र की पहचान कीजिये, जो लगभग 2.5-3 वर्ग किमी में फैला हुआ है और जिसे अत्यधिक पक्षी विविधता के कारण रामसर स्थल के रूप में प्रस्तावित किया गया है।
उत्तर : रोमारी–डोनडुवा वेटलैंड कॉम्प्लेक्स रोमारी-डोनडुवा वेटलैंड कॉम्प्लेक्स एक महत्त्वपूर्ण आर्द्रभूमि है जो पारिस्थितिक रूप से समृद्ध है। यह अपनी उच्च पक्षी विविधता के लिये जाना जाता है, जो असम के मौजूदा रामसर स्थलों से भी अधिक है। वर्ष 2025 में हुई पक्षी गणना के अनुसार, इस कॉम्प्लेक्स में 75 से 88 प्रजातियों के 47,000 से अधिक पक्षी दर्ज किये गए।
-
3. उस नव-उद्घाटित डिजिटल संग्रहालय की पहचान कीजिये, जिसमें 14 जनजातीय विद्रोहों और स्वतंत्रता सेनानियों को स्थानीय कारीगरों की लकड़ी की नक्काशी और डिजिटल इंस्टॉलेशन के संयोजन से प्रदर्शित किया गया है?
उत्तर : शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय, नवा रायपुर अटल नगर, छत्तीसगढ़ यह भारत का पहला डिजिटल संग्रहालय है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया। संग्रहालय में सरगुजा के कारीगरों द्वारा तैयार किया गया लकड़ी का नक्काशीदार प्रवेश द्वार है। इसके अलावा, इसमें बिरसा मुंडा और गेंदा सिंह जैसे नेताओं की प्रतिमाएँ तथा 14 जनजातीय विद्रोहों को प्रदर्शित करने वाली डिजिटल संरचनाएँ भी शामिल हैं।
-
4. पन्ना और सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व के बीच पारिस्थितिक गलियारे के रूप में कार्य करने वाले तथा एक अन्य अभयारण्य के माध्यम से बांधवगढ़ से अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए संरक्षित क्षेत्र की पहचान कीजिये।
उत्तर : नौरादेही वन्यजीव अभयारण्य, मध्य प्रदेश नौरादेही वन्यजीव अभयारण्य, पन्ना और सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व को जोड़ने वाले एक महत्त्वपूर्ण वन्यजीव गलियारे का निर्माण करता है। यह रानी दुर्गावती अभयारण्य के माध्यम से अप्रत्यक्ष रूप से बांधवगढ़ से भी जुड़ा हुआ है।
-
5. बिहार की उस गोखुर आर्द्रभूमि (Ox-bow Wetland) की पहचान कीजिये, जो महानंदा और गंगा नदियों के बीच स्थित है तथा राज्य का पहला सामुदायिक आरक्षित क्षेत्र होने के साथ-साथ एक महत्त्वपूर्ण पक्षी क्षेत्र (IBA) के रूप में भी घोषित की गई है।
उत्तर : गोगाबिल झील गोगाबिल झील बिहार के कटिहार ज़िले में स्थित है। यह ट्रांस-गंगा मैदानों की एक महत्त्वपूर्ण गोखुर (ऑक्स-बो) आर्द्रभूमि है। यह स्थानीय आजीविका में सहायक है, क्योंकि यह सिंचाई, मत्स्य पालन और पर्यटन का समर्थन करती है। इसके अतिरिक्त, यह आर्द्रभूमि विविध और संकटग्रस्त पक्षी प्रजातियों के लिये एक महत्त्वपूर्ण आवास भी है।