इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


प्रारंभिक परीक्षा

NHAI पर पहली धारणीयता रिपोर्ट

  • 09 Jun 2023
  • 8 min read

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हाल ही में वित्त वर्ष 2021-22 के लिये अपनी पहली स्थिरता रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में NHAI की शासन संरचना, हितधारकों, पर्यावरण और सामाजिक ज़िम्मेदारी की पहल पर प्रकाश डाला गया है।

  • यह सस्टेनेबिलिटी रिपोर्ट ग्लोबल रिपोर्टिंग इनिशिएटिव (GRI) के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयार की गई है और यह अवसंरचना वित्तपोषण के लिये 'ग्रीन फाइनेंस' को आकर्षित करने में सहायता प्रदान करेगी।

निष्कर्ष:  

  • राजमार्ग नेटवर्क का डिजिटलीकरण:   
    • NHAI ने भारत में राजमार्ग नेटवर्क को डिजिटाइज़ करने के लिये 'डेटा लेक टूल' विकसित किया है, जिससे NHAI को अपने बुनियादी ढाँचे द्वारा उत्पन्न डेटा की अधिक मात्रा को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने में मदद मिलती है।
  • उत्सर्जन में कमी:  
    •  NHAI ने वित्त वर्ष 2019-20 से 2021-22 तक प्रत्यक्ष उत्सर्जन और ईंधन की खपत में क्रमशः 18.44% एवं 9.49% की कमी की है।
    • ऊर्जा खपत, यातायात और परिवहन से होने वाले ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन में गिरावट देखी गई है, उत्सर्जन का यह प्रतिशत वित्त वर्ष 2020-21 में 9 प्रतिशत था जिसमें वर्ष 2021-22 में 2 प्रतिशत की गिरावट आई है। 
  • पुनर्नवीनीकरण सामग्री का उपयोग:   
    • राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिये NHAI द्वारा पुनर्नवीनीकृत सामग्री का भी उपयोग किया जा रहा है जिसमें फ्लाई-ऐश, प्लास्टिक अपशिष्ट, पुनर्नवीनीकृत डामर (RAP) और पुनर्नवीनीकृत समुच्चय (RA) शामिल हैं।
  • वन्यजीव क्राॅसिंग:   
    • मानव-पशु संघर्ष में कमी लाने के लिये वन्यजीव सुरक्षा और संरक्षण के उपाय के रूप में 20 राज्यों में तीन वर्षों में 100 से अधिक वन्यजीव क्रॉसिंग का निर्माण किया गया है।
  • वृक्षारोपण:  
    • NHAI ने पर्यावरण के अनुकूल राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिये वृक्षारोपण अभियान चलाया है, जिसमें वाहनों से होने वाले प्रत्यक्ष उत्सर्जन की क्षतिपूर्ति के लिये वर्ष 2021-22 तक लगभग 2.74 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।
  • समावेशी कार्यबल:  
    • NHAI में महिलाओं के रोज़गार और सीमांत समुदायों के रोज़गार में पिछले तीन वर्षों में वृद्धि देखने को मिली है।
    • तीन वित्तीय वर्षों में महिलाओं की भर्ती में 7.4% की लगातार वृद्धि के साथ कुल कार्य बल में कुल 3% की वृद्धि हुई है। 

वैश्विक रिपोर्टिंग पहल: 

  • GRI एक स्वतंत्र, अंतर्राष्ट्रीय संगठन है जो व्यवसायों और अन्य संगठनों को पर्यावरण पर उनके प्रभावों की ज़िम्मेदारी लेने में मदद करता है।
  • यह सभी कंपनियों और संगठनों को उनके आर्थिक, पर्यावरणीय, सामाजिक और प्रशासनिक प्रदर्शन की रिपोर्ट करने में सक्षम बनाता है।
  • GRI सचिवालय का मुख्यालय एम्स्टर्डम, नीदरलैंड में है।  

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI): 

  • परिचय: NHAI की स्थापना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण अधिनियम, 1988 के तहत सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के प्रशासनिक नियंत्रण में की गई थी।
  • उद्देश्य: इसे विकास, रखरखाव और प्रबंधन के लिये अन्य छोटी परियोजनाओं के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना (NHDP) सौंपी गई है।
    • NHDP भारत में प्रमुख राजमार्गों को उच्च स्तर पर अपग्रेड करना, नवीनीकरण और चौड़ा करने की एक परियोजना है। परियोजना वर्ष 1998 में शुरू की गई थी।
  • दृष्टिकोण: राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की व्यवस्था एवं अनुरक्षण के लिये राष्ट्र की आवश्यकता तथा भारत सरकार द्वारा निर्धारित महत्त्वपूर्ण नीतिगत ढाँचे के अंतर्गत समयबद्ध एवं लागत प्रभावी तरीके से प्रयोक्ता की आशाओं को पूरा करना और लोगों की आर्थिक समृद्धि एवं उनके जीवन स्तर को उन्नत करना है।

राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highways- NH)

  • NH यात्रियों और वस्तुओं की अंतर-राज्यीय आवाजाही के लिये देश की प्रमुख सड़कें हैं।
  • ये राष्ट्रीय तथा राज्य की राजधानियों, प्रमुख बंदरगाहों एवं रेल जंक्शनों को जोड़ते हुए देश की सीमावर्ती सड़कों और विदेशी राजमार्गों से जुड़े हैं।
  • MoRTH के अनुसार, भारत में 599 राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) हैं।
    • सबसे लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग NH44 है, जो जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर तथा तमिलनाडु में कन्याकुमारी के बीच 3,806 किमी. (2,365 मील) लंबा है।
  • बेसिक रोड स्टेटिस्टिक्स 2018-19 के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग (कुल लंबाई- 1,32,499 किलोमीटर) देश में कुल सड़क नेटवर्क का 2.09% है और सड़क यातायात का लगभग 40% भाग वहन करता है।
    • महाराष्ट्र में राष्ट्रीय राजमार्गों का सबसे बड़ा नेटवर्क (13.4%) है, इसके बाद उत्तर प्रदेश (8.9%) और राजस्थान (7.8%) का स्थान है।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजिये: (2014)

राष्ट्रीय राजमार्ग          जुड़े हुए शहर

  1. NH 4            -  चेन्नई और हैदराबाद
  2. NH 6            -  मुंबई और कोलकाता
  3. NH 15          -  अहमदाबाद और जोधपुर

उपर्युक्त युग्मों में से कौन-सा/से सही सुमेलित है/हैं?

(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 3
(c) 1, 2 और 3
(d) कोई भी नहीं

उत्तर: (d)

व्याख्या:

  • वर्ष 2010 में भारत सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों की नंबरिंग की पुरानी प्रणाली को एक नई प्रणाली के साथ बदल दिया। नई व्यवस्था के अनुसार:
  • NH 4 अंडमान द्वीप समूह में पोर्ट ब्लेयर को मायाबंदर से जोड़ता है। अतः युग्म 1 सही सुमेलित नहीं है।
  • NH 6 जोरबाट (मेघालय) को आइज़ोल (मिज़ोरम) से जोड़ता है। अतः युग्म 2 सही सुमेलित नहीं है।
  • NH 15 बैहाटा-चाराली (असम) को वाकरो (अरुणाचल प्रदेश) से जोड़ता है। अतः युग्म 3 सुमेलित नहीं है।
  • अतः विकल्प (d) सही है।

स्रोत: इकोनॉमिक टाइम्स

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2