दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप (II): जून 2020

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस स्थान को चिह्नित कीजिये जहाँ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) का मुख्यालय स्थित है:

    उत्तर : न्यूयॉर्क, संयुक्त राज्य अमेरिका। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (United Nations Security Council-UNSC), संयुक्त राष्ट्र चार्टर द्वारा स्थापित संयुक्त राष्ट्र के छह मुख्य अंगों में से एक है। UNSC का प्राथमिक उत्तरदायित्व अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को बनाए रखना है। हाल ही में भारत को औपचारिक रूप से दो साल के कार्यकाल के लिये संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य (8वीं बार) के रूप में चुना गया है।

  • 2. पृथ्वी पर ज्ञात सबसे गहरे बिंदु को चिह्नित कीजिये:

    उत्तर : चैलेंजर्स डीप (मारियाना ट्रेंच)। चैलेंजर डीप (Challenger Deep), पृथ्वी के महासागरों के तल में सबसे गहरा ज्ञात बिंदु है, जिसकी गहराई 10,902 से 10,929 मीटर है। चैलेंजर डीप पश्चिमी प्रशांत महासागर में, मारियाना ट्रेंच (Mariana Trench) के दक्षिणी छोर पर मारियाना द्वीप समूह (Mariana Islands) के निकट स्थित है। हाल ही में अंतरिक्ष यात्री और समुद्र विज्ञानी कैथी सुलिवन (Kathy Sullivan), जो वर्ष 1984 में अंतरिक्ष में चहलकदमी करने वाली पहली अमेरिकी महिला बनी थीं, मारियाना ट्रेंच में विश्व के महासागरों में सबसे गहरे ज्ञात स्थान- चैलेंजर डीप पर पहुँचने वाली पहली महिला और इतिहास में पाँचवीं व्यक्ति बनीं।

  • 3. उस देश को चिह्नित कीजिये जिसने हाल ही में जेट ज़ीरो प्लान लॉन्च किया है:

    उत्तर : यूनाइटेड किंगडम। यूनाइटेड किंगडम (U.K.) ने अपने विमानन उत्सर्जन को कम करने के लिये हाल ही में 'जेट ज़ीरो' (Jet Zero) योजना की घोषणा की है। जेट ज़ीरो योजना का उद्देश्य विमानन से होने वाले ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम कर एक पीढ़ी के भीतर कार्बन-मुक्त पारगमन उड़ानों को संभव बनाना है। विमानन क्षेत्र, पर्यावरण समूहों और सरकार के नेताओं को एक साथ लाते हुए UK सरकार द्वारा ‘जेट ज़ीरो काउंसिल’ (Jet Zero Council) नामक एक समूह का गठन किया गया है।

  • 4. उस स्थान को चिह्नित कीजिये जहाँ एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) का मुख्यालय अवस्थित है:

    उत्तर : बीजिंग, चीन। एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (Asian Infrastructure Investment Bank- AIIB) एक बहुपक्षीय विकास बैंक है जिसका उद्देश्य एशिया में सामाजिक और आर्थिक परिणामों को बेहतर बनाना है। इसकी स्थापना 25 दिसंबर, 2015 को लागू हुई बहुपक्षीय संधि AIIB आर्टिकल्स ऑफ एग्रीमेंट (AIIB Articles of Agreement) के तहत की गई है। वर्ष 2016 में भारत एक क्षेत्रीय सदस्य के रूप में AIIB में शामिल हुआ। हाल ही में एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (AIIB) ने गरीब और कमज़ोर परिवारों पर कोविड-19 महामारी के प्रतिकूल प्रभाव के खिलाफ लड़ाई को मज़बूती प्रदान करने के लिये भारत को 750 मिलियन डॉलर के ऋण को मंज़ूरी दी है।

  • 5. उस नदी की पहचान कीजिये जिसकी घाटी भारत और चीन के बीच विवाद के कारण हाल ही में समाचारों थी:

    उत्तर : गलवान नदी। हाल ही में भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (Line of Actual Control- LAC) के कम-से-कम चार बिंदुओं पर गतिरोध देखने को मिला, जिसमें पैंगोंग त्सो झील, लद्दाख में डेमचोक और गलवान नदी घाटी तथा सिक्किम में नाथू ला शामिल हैं। गलवान नदी का उद्गम स्थल अक्साई चीन में है और यह पूर्व से लद्दाख की ओर बहती है, जहाँ यह श्योक नदी से मिलती है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow