इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

भारत का मैप (I): जून 2020

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस झील को चिह्नित कीजिये जो हाल ही में भारत-चीन सीमा विवाद के कारण चर्चा में थी:

    उत्तर : पैंगोंग त्सो झील। पूर्वी लद्दाख में अवस्थित पैंगोंग त्सो झील (Pangong Tso lake) प्रायः चीनी सेना के अतिक्रमण के चलते समाचारों में रहती है। लद्दाखी भाषा में ‘पैंगोंग’ का अर्थ है ‘समीपता’ और तिब्बती भाषा में ‘त्सो’ का अर्थ है’ झील’। पैंगोंग त्सो लद्दाख हिमालय में 14,000 फुट से अधिक की ऊँचाई पर स्थित एक लंबी संकरी, गहरी, एंडोर्फिक (लैंडलॉक) झील है। यह विश्व में सबसे अधिक ऊँचाई पर स्थित खारे पानी की झील है। वास्तविक नियंत्रण रेखा (Line of Actual Control- LAC) इस झील से होकर गुजरती है, लेकिन भारत और चीन इसके सटीक स्थान पर सहमत नहीं हैं।

  • 2. उस द्वीप की पहचान कीजिये जिसे चक्रवात अम्फान ने सर्वाधिक क्षति पहुँचाई:

    उत्तर : सागर द्वीप। चक्रवात अम्फान (Amphan) के कारण, पश्चिम बंगाल के तट पर स्थित ‘सागर द्वीप’ को अत्यधिक क्षति पहुँची। सागर द्वीप कोलकाता से लगभग 80 किमी. दक्षिण में स्थित है, मुरी गंगा नदी इसे मुख्य भूमि से अलग करती है। वार्षिक गंगासागर मेले और तीर्थयात्रा का आयोजन सागर द्वीप के दक्षिणी सिरे पर किया जाता है, जहाँ से गंगा बंगाल की खाड़ी में प्रवेश करती है। इस संगम को गंगासागर (Gangasagar or Gangasagara) भी कहा जाता है।

  • 3. उस बंदरगाह शहर की पहचान कीजिये जो स्टाइरीन गैस के लीक होने की घटना के कारण हाल ही में समाचारों में था:

    उत्तर : विशाखापत्तनम (इसे विजाग के नाम से भी जाना जाता है)। विशाखापत्तनम के निकट स्थित एलजी पॉलिमर प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व वाले प्लास्टिक निर्माण संयंत्र से स्टाइरीन नामक विषैली गैस के रिसाव के कारण कई लोगों की मृत्यु हो गई तथा सैकड़ों लोग बीमार हो गए। विशाखापत्तनम का इतिहास 6वीं शताब्दी ईसा पूर्व तक विस्तारित है, जब इसे कलिंग साम्राज्य का हिस्सा माना जाता था और बाद में पल्लव तथा पूर्वी गंगा राजवंशों द्वारा शासित किया गया था। यूरोपीय शक्तियों ने शहर में अपने व्यापारिक हित स्थापित किये और 18वीं शताब्दी के अंत तक यह फ्राँसीसी शासन के तहत आ गया था। वर्ष 1804 में यह नियंत्रण ब्रिटिश राज को दिया गया और वर्ष 1947 में भारत के स्वतंत्र होने तक यह ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के अधीन रहा। सबसे पुराना शिपयार्ड इसी शहर में है और भारत के पूर्वी तट पर स्थित यह एकमात्र प्राकृतिक बंदरगाह है।

  • 4. उस दर्रे (Pass) की पहचान कीजिये जो भारत, नेपाल और चीन के ट्राईजंक्शन पर स्थित है:

    उत्तर : लिपुलेख दर्रा। लिपुलेख भारत के उत्तराखंड राज्य और चीन के तिब्बत क्षेत्र के बीच की सीमा पर एक हिमालयी दर्रा है, जो नेपाल के साथ उनके ट्राईजंक्शन के निकट स्थित है। कालापानी और लिपुलेख पर भारत और नेपाल के बीच हालिया विवाद दोनों देशों के बीच बिगड़ते रिश्तों को अभिव्यक्त करते हैं। कैलाश मानसरोवर यात्रा, कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील के लिये हिंदुओं की एक धार्मिक यात्रा, इस मार्ग से होकर गुजरती है। यह दर्रा वर्ष 1992 में चीन के साथ व्यापार के लिये खोला जाने वाला पहला भारतीय सीमा पोस्ट था।

  • 5. उस नौसैनिक प्रतिष्ठान को चिह्नित कीजिये जहाँ ‘अग्निप्रस्थ’ नामक मिसाइल पार्क स्थापित किया जाएगा:

    उत्तर : आईएनएस कलिंग। हाल ही में आईएनएस कलिंग (INS Kalinga) में मिसाइल पार्क 'अग्निप्रस्थ' की आधारशिला रखी गई। 'अग्निप्रस्थ' का उद्देश्य वर्ष 1981 से लेकर अब तक आईएनएस कलिंग के मिसाइल इतिहास की झलक प्रदर्शित करना है। INS कलिंग पूर्वी नौसेना कमान के तहत विशाखापत्तनम- भीमुनिपटनम बीच रोड पर स्थित एक प्रमुख नौसेना प्रतिष्ठान है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow