इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप (I): मई 2020

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उन स्थानों को चिह्नित कीजिये जहाँ यानोमामी नामक स्थानिक जनजाति पाई जाती है:

    उत्तर : ब्राज़ील तथा वेनेज़ुएला। Covid-19 संक्रमण के कारण हाल ही में यानोमामी जनजाति के एक लड़के की मृत्यु हो गई। यानोमामी एक स्थानिक जनजाति है जिन्हें दक्षिण अमेरिकी भारतीय (South American Indians) भी कहा जाता है। ये दक्षिणी वेनेज़ुएला में ओरिनोको (Orinoco) नदी बेसिन के सुदूर वनों और उत्तरी ब्राजील में अमेज़न नदी के बेसिन के सबसे उत्तरी भागों में निवास करते हैं। यह जनजाति शिकार करती है तथा कृषि की काट एवं दाह (Slash-and-Burn) पद्धति का पालन करती है। ब्राज़ील में अनुमानित रूप से 300 से अधिक जातीय समूहों की 8,00,000 स्थानिक जनजातियाँ निवास करती हैं। गुआरानी (Guarani), कैंगांग (Kaingang), यानोमामी (Yanomami), तिकुना (Tikuna) और अकुंत्सू (Akuntsu) अमेज़न की कुछ लोकप्रिय जनजातियाँ हैं।

  • 2. उस देश की पहचान कीजिये जिसने अपना पहला सैन्य उपग्रह ‘नूर’ लॉन्च किया है:

    उत्तर : ईरान। ईरान ने नूर (जिसका अर्थ है प्रकाश) नामक अपना पहला सैन्य उपग्रह कक्षा में लॉन्च किया है। इस उपग्रह को तीन चरणों वाले लॉन्चर की सहायता से 425 किमी की कक्षा में पहुँचाया गया। ईरान और अमेरिका के मध्य परमाणु समझौते की समाप्ति और जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में ईरान के सबसे शक्तिशाली सैन्य कमांडर जनरल कासिम सुलेमानी की मृत्यु के बाद चल रहे तनाव के बीच यह प्रक्षेपण हुआ।

  • 3. ‘पिच ब्लैक’ नामक द्विवर्षीय बहुपक्षीय सैन्य अभ्यास का आयोजन किस देश द्वारा किया जाता है?

    उत्तर : ऑस्ट्रेलिया। ‘पिच ब्लैक’ (Pitch Black) तीन सप्ताह तक चलने वाला एक द्विवार्षिक बहुपक्षीय हवाई युद्धाभ्यास है जिसका आयोजन रॉयल ऑस्ट्रेलियन एयरफोर्स (Royal Australian Air Force- RAAF) द्वारा किया जाया है। यह सुनिश्चित करता है कि इस अभ्यास के दौरान होने वाला बलों का प्रशिक्षण और एकीकरण प्रत्यक्ष रूप से वायु सेना की संचालन क्षमता का समर्थन करे। पिछली बार इसका आयोजन वर्ष 2018 में किया गया था जिसमें भारतीय वायुसेना ने पहली बार भाग लिया था। इस अभ्यास में भाग लेने वाले अन्य देशों देशों में ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्राँस (न्यू कैलेडोनिया), जर्मनी, इंडोनेशिया, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, थाईलैंड, मलेशिया और संयुक्त राज्य अमेरिका शामिल हैं। COVID-19 के कारण ऑस्ट्रेलिया में 27 जुलाई से 14 अगस्त तक होने वाले पिच ब्लैक 2020 (Pitch Black 2020) अभ्यास को रद्द कर दिया गया है तथा इसके अगले संस्करण का आयोजन वर्ष 2022 में किया जाएगा।

  • 4. हाल ही में कौन-सा देश अंतर्राष्ट्रीय पेटेंट के लिये आवेदनों का सबसे बड़ा स्रोत बना है?

    उत्तर : चीन। विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (World Intellectual Property Organization-WIPO) के अनुसार, चीन दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय पेटेंट के लिये आवेदनों का सबसे बड़ा स्रोत बन गया है। चीन इस मामले में संयुक्त राज्य अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान पर पहुँचा है। उल्लेखनीय है कि वैश्विक व्यवस्था के स्थापित होने के बाद पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से अमेरिका इस मामले में शीर्ष पर था। चीन ने अमेरिका द्वारा दायर 57,840 आवेदनों की तुलना में 58,990 आवेदन दायर किए। वर्तमान समय में पेटेंट के लिये आधे से अधिक (लगभग 52.4%) आवेदन एशिया से किये जाते हैं। जर्मनी और दक्षिण कोरिया के बाद जापान तीसरे स्थान पर है। 2,053 आवेदनों के साथ भारत शीर्ष 15 देशों में शामिल है जिसके बाद तुर्की (2,058) का स्थान है।

  • 5. उस देश की पहचान कीजिये जो भारत के साथ कालापानी क्षेत्र विवाद में संलग्न है:

    उत्तर : नेपाल। कालापानी क्षेत्र, भारत और नेपाल के बीच विवाद का कारण बना हुआ है तथा जम्मू-कश्मीर के विभाजन के बाद भारत द्वारा एक नया राजनीतिक मानचित्र जारी करने के कारण यह विवाद पैदा हुआ है। भारत के नवीनतम राजनीतिक मानचित्र में, भारत ने इस क्षेत्र पर अपने दावे को दोहराया है जिसे नेपाल दारचुला ज़िले में स्थित अपना क्षेत्र मानता है। भारत के अनुसार, ऐतिहासिक कालापानी क्षेत्र उत्तराखंड राज्य का हिस्सा है। यह एक घाटी है जिसे भारत द्वारा उत्तराखंड के पिथौरागढ़ ज़िले के एक भाग के रूप में प्रशासित किया जाता है। यह कैलाश मानसरोवर मार्ग पर स्थित है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2