इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

भारत का मैप (I): दिसंबर, 2019

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. सुरंगा बावड़ी जिसे हाल ही में विश्व स्मारक निगरानी सूची में शामिल किया गया है, कहाँ स्थित है?

    उत्तर : बीजापुर, कर्नाटक। विश्व स्मारक निधि (WMF) ने कर्नाटक के बीजापुर में स्थित प्राचीन भूमिगत जल प्रणाली सुरंगा बावड़ी को विश्व स्मारक निगरानी सूची में शामिल किया है। WMF द्वारा इस बावड़ी का चयन ‘दक्कन के पठार की प्राचीन जल प्रणाली’ (Ancient Water System of the Deccan Plateau) की श्रेणी के तहत किया गया है। यह बावड़ी प्राचीन कारेज़ प्रणाली पर आधारित है। इस बावड़ी का निर्माण 16वीं शताब्दी में आदिल शाह प्रथम ने करवाया था।

  • 2. टैली घाटी वन्यजीव अभयारण्य किस राज्य में स्थित है?

    उत्तर : अरुणाचल प्रदेश। हाल ही में अरुणाचल प्रदेश के ज़ीरो कस्बे के निकट स्थित टैली घाटी वन्यजीव अभयारण्य में एक विषहीन बिल खोदने वाले साँप की खोज की गई है। साँप की इस नई प्रजाति का नाम ट्रेकिसियम आप्टे (Trachischium apteii) रखा गया है।

  • 3. हाल ही में समाचारों में रहा अटापका पक्षी अभयारण्य कहाँ स्थित है?

    उत्तर : कोल्लेरू झील, आंध्र प्रदेश। आंध्र प्रदेश का कोल्लेरू स्थित अटापका पक्षी अभयारण्य (Atapaka Bird Sanctury) प्रवासी पक्षियों की दो प्रजातियों (ग्रे पेलीकल और सारस) का एकमात्र सुरक्षित प्रजनन स्थल बन गया है। ग्रे पेलीकल और सारस दोनों ही पक्षी IUCN के रेडलिस्ट में संकटापन्न के रूप में सूचीबद्ध हैं।

  • 4. हाल ही में समाचारों में रहा ‘विलिंगडन द्वीप’ कहाँ स्थित है?

    उत्तर : कोच्चि, केरल। विलिंगडन द्वीप केरल के कोच्चि शहर में स्थित एक बंदरगाह है। यह भारत का सबसे बड़ा मानव निर्मित/ कृत्रिम द्वीप है और यह बैकवाटर्स (किसी नदी का ऐसा हिस्सा जहाँ बहुत कम या न के बराबर धाराएँ होती हैं) से घिरा हुआ है। वेंडुरूथी ब्रिज द्वारा यह द्वीप मुख्य भूमि से जुड़ा हुआ है। वर्ष 1933 में निर्मित इस द्वीप का नामकरण भारत के तत्कालीन ब्रिटिश वायसराय लॉर्ड विलिंगडन के नाम पर किया गया था। इस कृत्रिम द्वीप के वास्तुकार रॉबर्ट ब्रिस्टो थे और वर्तमान में यह भूमि भारतीय नौसेना और कोचीन पोर्ट ट्रस्ट के अधीन है। इस द्वीप को प्रसिद्ध वेम्बनाड झील को गहरा करने के दौरान खुदाई में निकली मिट्टी से बनाया गया था।

  • 5. उस स्थान की पहचान कीजिये जहाँ भारत का पहला ‘प्लास्टिक पार्क' विकसित किया जा रहा है:

    उत्तर : जगतसिंहपुर, ओडिशा। ओडिशा, जगतसिंहपुर ज़िले में स्थित ’प्लास्टिक पार्क’ के विकास पर काम शुरू करने वाला पहला राज्य बन गया है। सरकार ने असम (तिनसुकिया), मध्य प्रदेश (रायसेन), ओडिशा (जगतसिंहपुर) और तमिलनाडु (थिरुवल्लूर) राज्यों में प्लास्टिक पार्क स्थापित करने की योजना बनाई है। ये योजनाएँ वर्ष 2019-20 तक कार्यान्वयन के लिये स्वीकृत हैं।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow