इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप (II): अप्रैल, 2019

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस देश की पहचान कीजिये जो हाल ही में सबसे लंबी नमक की गुफा के कारण चर्चा में रहा।

    उत्तर : इज़राइल : इज़राइली शोधकर्त्ताओं ने दुनिया की सबसे लंबी नमक की गुफा खोजने का दावा किया है। माल्हम नामक यह गुफा माउंट सोडोम से मृत सागर के दक्षिण-पश्चिम कोने तक फैली हुई है। गौरतलब है कि इस गुफा की लंबाई 10 किलोमीटर से ज़्यादा है। इससे पहले ज्ञात दुनिया की सबसे लंबी नमक की गुफा ईरान में थी। हिब्रू विश्वविद्यालय के गुफा अनुसंधान केंद्र (CRC), इज़राइली गुफा खोजकर्त्ता क्लब और बुल्गारिया के सोफिया स्पेलियो क्लब ने नौ देशों के 80 खोजकर्त्ताओं के साथ मिलकर इस गुफा का मानचित्रण किया है।

  • 2. उस देश की पहचान कीजिये जिसने हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री को अपने देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान से नवाज़ा है।

    उत्तर : UAE : हाल ही संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भारत के प्रधानमंत्री को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'जायेद मेडल' से नवाज़ने का ऐलान किया। उन्हें यह सम्मान भारत और UAE के आपसी संबंधों को मज़बूत करने के लिये दिया जा रहा है। इससे पहले महारानी एलिजाबेथ, जॉर्ज डब्ल्यू. बुश, ब्लादिमीर पुतिन, निकोलस सरकोजी, शी जिनपिंग और एंजेला मर्केल को यह सम्मान मिल चुका है। UAE का यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को ही दिया जाता है।

  • 3. हाल ही में अमेरिका ने नॉर्दर्न ट्रायंगल को सहायता बंद करने की घोषणा की थी, नॉर्दर्न ट्रायंगल में शामिल देशों की पहचान कीजिये।

    उत्तर : अल सल्वाडोर, ग्वाटेमाला और होंडुरास : हाल ही में अमेरिकी सरकार ने ‘नॉर्दन ट्रायंगल’ के देशों को की जाने वाली सहायता में कटौती करने का निर्णय लिया है। अल सल्वाडोर, ग्वाटेमाला और होंडुरास को नॉर्दन ट्रायंगल (विशेष रूप से उनके आर्थिक एकीकरण के संदर्भ में) के रूप में जाना जाता है। वर्तमान में इस क्षेत्र को दुनिया के सबसे घातक क्षेत्रों में से एक माना जाता है, जहाँ हिंसक मौतों की दर कुछ युद्ध क्षेत्रों के मुकाबले बहुत अधिक है। ये तीनों देश ट्रिफिनियों (Trifinio) बायोस्फीयर रिज़र्व में अपनी सीमा साझा करने के साथ ही संस्कृति, इतिहास, समाज और राजनीति के विभिन्न पहलुओं पर विचारों को साझा करते हैं।

  • 4. आर्थिक संकट से जूझ रहे उस देश की पहचान कीजिये जिसे रेड क्रॉस ने मानवीय सहायता देने की घोषणा की है।

    उत्तर : वेनेज़ुएला : हाल ही में रेड क्रॉस ने संकट से जूझ रहे वेनेज़ुएला में राहत सामग्री वितरित करने की घोषणा की है। वेनेज़ुएला में राजनीतिक दखलंदाज़ी के खतरे के बावजूद रेड क्रॉस निष्पक्षता से राहत सामग्री का वितरण कर रहा है। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेज़ुएला इस समय अभूतपूर्व राजनीतिक संकट के दौर से गुज़र रहा है और यह वहाँ लंबे समय से जारी आर्थिक संकट की देन है। पिछले दिनों वेनेज़ुएला में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए थे जिसके पश्चात् प्रमुख विपक्षी नेता जुआन गाइदो ने स्वयं को अंतरिम राष्ट्रपति घोषित कर दिया। वेनेज़ुएला के इस संकट ने विश्व को भी दो हिस्सों में बाँट दिया और धीरे-धीरे यह संकट वैश्विक रूप लेने की ओर अग्रसर हो चला।

  • 5. उस G7 सदस्य देश की पहचान कीजिये जो चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव से जुड़ने वाला पहला G7 देश बन गया है।

    उत्तर : इटली व्याख्या: चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव से जुड़ने वाला पहला G7 देश इटली है। G7 में कनाडा, फ्राँस, जर्मनी, इटली, जापान, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका शामिल हैं। ये देश दुनिया की सबसे उन्नत अर्थव्यवस्थाएँ हैं जिनकी कुल वैश्विक संपदा में 58% की हिस्सेदारी है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow