दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप: अप्रैल 2023

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस देश की पहचान कीजिये जहाँ उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) का मुख्यालय स्थित है।

    उत्तर : ब्रुसेल्स (बेल्जियम)। नाटो अथवा उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) एक राजनीतिक और सैन्य गठबंधन है जिसमें 31 सदस्य देश शामिल हैं। इसका गठन वर्ष 1949 में सदस्यों के बीच पारस्परिक रक्षा और सामूहिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य के साथ किया गया था। इसका मुख्यालय ब्रुसेल्स (बेल्जियम) में स्थित है।

  • 2. पूर्वी चीन सागर में स्थित चीन तथा जापान के मध्य विवादित द्वीप की पहचान कीजिये, दोनों देशों ने हाल ही में विवादित द्वीप पर समुद्री और हवाई घटनाओं के प्रबंधन के लिये सैन्य हॉटलाइन भी स्थापित किये हैं।

    उत्तर : सेनकाकू द्वीप। अप्रैल 2023 में, विवादित द्वीपों (सेनकाकू द्वीप) पर समुद्री, हवाई घटनाओं का प्रबंधन करने के लिये चीन तथा जापान ने सैन्य हॉटलाइन (एक विशिष्ट उद्देश्य के लिये स्थापित एक प्रत्यक्ष फोन लाइन) स्थापित की। सेनकाकू द्वीप विवाद निर्जन द्वीपों के समूह के एक क्षेत्रीय विवाद से संबंधित है, इस द्वीपसमूह को जापान में सेनकाकू द्वीपसमूह, चीन में दियाओयू द्वीपसमूह और हॉन्गकॉन्ग में तियायुतई द्वीपसमूह के नाम से जाना जाता है। जापान और चीन दोनों इन द्वीपों पर स्वामित्व का दावा करते हैं।

  • 3. दो मध्य-पूर्व देशों की पहचान कीजिये, जिनके बीच हाल ही में एक गंभीर संघर्ष हुआ था।

    उत्तर : इज़रायल और सीरिया। हाल ही में सीरिया द्वारा इज़रायल पर तीन रॉकेट दागे जाने के बाद इज़रायल ने भी इसके जवाब में रॉकेट दागे। इज़रायल और उसके पड़ोसी देशों में स्थिति पिछले कई महीनों से तनावपूर्ण है, इज़रायल में अति-राष्ट्रवादी सरकार के सत्ता में आने से उसके पड़ोसियों के बीच चिंता बढ़ गई है। इज़रायल को डर है कि कट्टर प्रतिद्वंद्वी ईरान, सीरिया में लंबे समय से चल रहे युद्ध का इस्तेमाल अपने लड़ाकों और हथियारों को इज़रायल की सीमाओं के करीब तैनात करने हेतु कर रहा है। इज़रायल हाल के हफ्तों में दमिश्क और अलेप्पो के हवाई अड्डों सहित ईरान से जुड़े स्थानों एवं बुनियादी ढाँचे को लक्षित करते हुए सीरिया में हमले कर रहा है।

  • 4. भारत किस दक्षिण पूर्व एशियाई देश के साथ मैत्री अभ्यास करता है, जिसमें भारत की एक्ट ईस्ट नीति के साथ एक्ट वेस्ट नीति भी शामिल है?

    उत्तर : थाईलैंड। थाईलैंड और भारत के बीच राजनयिक संबंध वर्ष 1947 से है। भारत की 'लुक ईस्ट' नीति (वर्ष 1993 से) और थाईलैंड की 'लुक वेस्ट' नीति (वर्ष 1996 से), जो अब भारत की 'एक्ट ईस्ट' और थाईलैंड की 'एक्ट वेस्ट' में बदल गई है, ये नीतियाँ आर्थिक एवं वाणिज्यिक संबंधों सहित द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने में दृढ़ता से योगदान दे रही हैं। आसियान क्षेत्र में सिंगापुर, वियतनाम, इंडोनेशिया और मलेशिया के बाद थाईलैंड भारत का 5वाँ सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। दोनों के बीच द्विपक्षीय अभ्यास - अभ्यास मैत्री (सेना), अभ्यास सियाम भारत (वायु सेना) और भारत-थाईलैंड समन्वित गश्ती (नौसेना) हुए हैं।

  • 5. उस अफ्रीकी देश की पहचान कीजिये जिसके लिये भारत ने हाल ही में अपना निकासी अभियान कावेरी शुरू किया।

    उत्तर : सूडान। सूडान में मौजूदा संकट के कारण भारत ने अपने नागरिकों को वहाँ से निकालने के लिये 'ऑपरेशन कावेरी' शुरू किया है। लगभग 3,000 भारतीय सूडान के विभिन्न हिस्सों में फँसे हुए थे, जिनमें राजधानी खार्तूम और दारफुर जैसे दूरस्थ प्रांत भी शामिल हैं। इस ऑपरेशन में भारतीय नौसेना के INS सुमेधा, एक गुप्त अपतटीय गश्ती पोत और जेद्दा में स्टैंडबाय पर दो भारतीय वायु सेना C-130J के विशेष संचालन विमानों की तैनाती शामिल है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow