इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

भारत का मैप: फरवरी 2023

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. सिंधु घाटी सभ्यता के उस स्थल को चिह्नित कीजिये जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है और G20 प्रतिनिधियों के लिये ग्रामीण एवं पुरातत्त्व पर्यटन का एक हिस्सा थी।

    उत्तर : धोलावीरा (गुजरात)। भारत की G20 अध्यक्षता के हिस्से के रूप में गुजरात 7 से 9 फरवरी, 2023 तक कच्छ के रण में पहले पर्यटन कार्य समूह (TWG) की बैठक की मेज़बानी की गई। इसे ध्यान में रखते हुए, प्रतिनिधियों को हड़प्पा सभ्यता के दक्षिणी केंद्र धोलावीरा के भ्रमण पर ले जाया गया। जुलाई 2021 में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में नामित, धोलावीरा को लगभग 3500 ईसा पूर्व (पूर्व-हड़प्पा) से 1800 ईसा पूर्व (उत्तर-हड़प्पा काल) की अवधि का माना जाता है। यह हड़प्पा, मोहनजोदड़ो, गनेरीवाला, राखीगढ़ी, कालीबंगा, रूपनगर और लोथल सहित आठ प्रमुख हड़प्पा स्थलों में पांचवाँ सबसे बड़ा है।

  • 2. उस राष्ट्रीय उद्यान की पहचान कीजिये जो रामसर साइट के रूप में मान्यता प्राप्त करने वाली पहली आर्द्रभूमि (चिल्का झीलके अलावा) थी और वर्तमान में मॉन्ट्रो रिकॉर्ड के अधीन भी है।

    उत्तर : केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान (राजस्थान)। केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान राजस्थान के भरतपुर में स्थित एक आर्द्रभूमि और पक्षी अभयारण्य है। यह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल और दुनिया के सबसे महत्त्वपूर्ण पक्षी विहारों में से एक है। चिल्का झील (ओडिशा) और केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान (राजस्थान) को वर्ष 1981 में भारत के पहले रामसर स्थलों के रूप में मान्यता दी गई थी। वर्तमान में, केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान और लोकतक झील (मणिपुर) मॉन्ट्रो रिकॉर्ड में शामिल हैं। यह अपनी समृद्ध पक्षी विविधता और जल पक्षियों की बहुलता के लिये प्रसिद्ध है। यह उद्यान पक्षियों की 365 से अधिक प्रजातियों का घर है, जिसमें कई दुर्लभ और संकटग्रस्त प्रजातियाँ शामिल हैं, जैसे कि साइबेरियाई क्रेन। हाल ही में राजस्थान सरकार ने आर्द्रभूमि प्रजातियों को प्रदर्शित करने हेतु भरतपुर पक्षी अभयारण्य के रूप में लोकप्रिय विश्व धरोहर स्थल केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के अंदर एक चिड़ियाघर बनाने का प्रस्ताव किया है।

  • 3. बाघ के आवास वाले विश्व एकमात्र मैंग्रोव की अवस्थिति को चिह्नित कीजिये:

    उत्तर : सुंदरबन (पश्चिम बंगाल)। सुंदरबन पर्यावरण क्षेत्र गंगा-ब्रह्मपुत्र-मेघना (GBM) बेसिन के ज्वारीय रूप से सक्रिय निचले डेल्टा मैदान में स्थित है। यह सबसे बड़े सन्निहित मैंग्रोव वन और विश्व में एकमात्र मैंग्रोव बाघ आवास की मेजबानी करता है। हाल ही में पहले सुंदरबन बर्ड फेस्टिवल के दौरान 145 अलग-अलग पक्षी प्रजातियों को देखा गया था।

  • 4. 1857 के विद्रोह के उस स्थान की पहचान करें जहाँ बेगम हज़रत महल ने आंदोलन का नेतृत्व किया था। उत्तर: लखनऊ (उत्तर प्रदेश)।

    उत्तर : लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। लखनऊ अवध की राजधानी थी, अवध के पूर्व राजा की बेगमों में से एक बेगम हज़रत महल ने विद्रोह का नेतृत्व किया। कानपुर में विद्रोह का नेतृत्व पेशवा बाजी राव द्वितीय के दत्तक पुत्र नाना साहब ने किया था। झाँसी में 22 वर्षीय रानी लक्ष्मीबाई ने विद्रोहियों का नेतृत्व किया क्योंकि उनके पति की मृत्यु के बाद अंग्रेज़ों ने उनके दत्तक पुत्र को झाँसी के सिंहासन पर बैठाने से इनकार कर दिया। ग्वालियर में भी रानी लक्ष्मी बाई ने विद्रोहियों का नेतृत्व किया और नाना साहेब के सेनापति तात्या टोपे के साथ मिलकर उन्होंने ग्वालियर तक मार्च किया और उस पर कब्ज़ा कर लिया। बिहार में विद्रोह का नेतृत्व कुंवर सिंह ने किया, जो जगदीशपुर, बिहार के एक शाही घराने से थे।

  • 5. दुनिया का सबसे बड़ा और अनोखा दिव्यांग पार्क-अनुभूति समावेशी पार्क किस शहर में स्थित है?

    उत्तर : नागपुर (महाराष्ट्र)। हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने महाराष्ट्र के नागपुर में विश्व के सबसे बड़े और अनोखे दिव्यांग पार्क - अनुभूति समावेशी पार्क की आधारशिला रखी। यह विश्व का पहला समावेशी विकलांग पार्क है जो सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा बनाया गया है। विकलांगों के साथ-साथ आम जनता और वरिष्ठ नागरिकों के लिये विभिन्न परियोजनाओं की परिकल्पना की गई है। पार्क में सभी 21 प्रकार की विकलांगताओं के लिये अनुकूलित सुविधाएँ होंगी, इसमें टच एंड स्मेल गार्डन, हाइड्रोथेरेपी यूनिट, वाटर थेरेपी और मानसिक रूप से विकलांग बच्चों व माताओं के लिये स्वतंत्र कक्ष जैसी सुविधाएँ होंगी।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow