दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

भारत का मैप: अक्तूबर 2022

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. हाल ही में भारत के एक केंद्रशासित प्रदेश (UT) के दो नए समुद्र तटों को ब्लू फ्लैग प्रमाणीकरण प्रदान किया गया है। मानचित्र पर UT को चिह्नित कीजिये।

    उत्तर : लक्षद्वीप। लक्षद्वीप में दो नए समुद्र तटों मिनिकॉय थुंडी बीच और कदमत बीच (Minicoy Thundi Beach and Kadmat Beach) दोनों को ब्लू फ्लैग प्रमाणन दिया गया है। ब्लू फ्लैग समुद्र तटों को दुनिया का सबसे साफ समुद्र तट माना जाता है। यह एक ईको-टूरिज़्म मॉडल है, जो पर्यटकों/समुद्र तट पर आने वालों को नहाने के लिये साफ एवं स्वच्छ जल, सुविधाओं, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के साथ क्षेत्र के सतत् विकास को बढ़ावा देने का प्रयास करता है। यह प्रतिष्ठित सदस्यों- संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP), संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (UNWTO), डेनमार्क स्थित एनजीओ फाउंडेशन फॉर एन्वायरनमेंटल एजुकेशन (FEE) और इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंज़र्वेशन ऑफ नेचर (IUCN) से गठित एक अंतर्राष्ट्रीय जूरी द्वारा प्रदान किया जाता है।

  • 2. राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) के हालिया निर्देश के बाद ओडिशा सरकार द्वारा सुकापईका नदी, जो कि 70 साल पहले सूख गई थी, के पुनरुद्धार योजना पर कार्य शुरू किया गया है। मानचित्र के माध्यम से राज्य को चिह्नित कीजिये।

    उत्तर : ओडिशा। सुकापईका नदी ओडिशा की प्रमुख नदी महानदी की कई नदी शाखाओं में से एक है। यह कटक ज़िले के अयातपुर गाँव में महानदी से अलग होती है और उसी ज़िले के तारापुर में मुख्य नदी में मिलने से पहले लगभग 40 किलोमीटर तक बहती है। सुकापईका नदी बाढ़ के पानी को नियंत्रित करने और नदी के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी में प्रवाह को बनाए रखने के लिये महानदी की एक महत्त्वपूर्ण नदी प्रणाली है।

  • 3. सिंधु घाटी सभ्यता के उस स्थान को चिह्नित कीजिये जो दुनिया का सबसे पुराना ज्ञात बंदरगाह था, तथा यह शहर को सिंध के हड़प्पा शहरों और सौराष्ट्र प्रायद्वीप के बीच व्यापार मार्ग पर साबरमती नदी के प्राचीन मार्ग से जोड़ता था।

    उत्तर : लोथल, गुजरात। हाल ही में प्रधानमंत्री ने गुजरात के लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (National Maritime Heritage Complex-NMHC) साइट के निर्माण की समीक्षा की है। लोथल, सिंधु घाटी सभ्यता (IVC) के सबसे दक्षिणी स्थलों में से एक था, जो अब गुजरात राज्य के भाल क्षेत्र में स्थित है। माना जाता है कि बंदरगाह शहर 2,200 ईसा पूर्व में बनाया गया था। लोथल प्राचीन काल में एक फलता-फूलता व्यापार केंद्र था, जहाँ से मोतियों, रत्नों और गहनों का व्यापार पश्चिम एशिया तथा अफ्रीका तक किया जाता था।

  • 4. मानचित्र पर वह शहर चिह्नित कीजिये जहाँ हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री द्वारा 'श्री महाकाल लोक' गलियारे का उद्घाटन किया गया है।

    उत्तर : उज्जैन, मध्य प्रदेश। महाकाल महाराज मंदिर परिसर विस्तार योजना उज्जैन ज़िले में महाकालेश्वर मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र के विस्तार, सौंदर्यीकरण एवं भीड़भाड़ को कम करने की एक योजना है। योजना के तहत लगभग 2.82 हेक्टेयर के महाकालेश्वर मंदिर परिसर को बढ़ाकर 47 हेक्टेयर किया जा रहा है, जिसे उज्जैन ज़िला प्रशासन द्वारा दो चरणों में विकसित किया जाएगा। इसमें 17 हेक्टेयर की रुद्रसागर झील शामिल होगी। इस परियोजना से शहर में वार्षिक रूप से ग्राहकों की संख्या मौजूदा 1.50 करोड़ से बढ़कर लगभग तीन करोड़ होने की उम्मीद है।

  • 5. मानचित्र पर उस टाइगर रिज़र्व को चिह्नित कीजिये जो हाल ही में प्रस्तावित पखरो टाइगर सफारी परियोजना के लिये 6,000 पेड़ अवैध रूप से काटे गए थे।

    उत्तर : जिम कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व, उत्तराखंड। पखरो टाइगर सफारी 106 हेक्टेयर क्षेत्र में विस्तृत होगा, जब यह पूरा हो जाएगा, तो राज्य का पहला टाइगर सफारी होगा जिसमें बाघों की दर्शनीयता "100% होगी। यह उत्तराखंड के नैनीताल ज़िले में अवस्थित है। वर्ष 1973 में प्रोजेक्ट टाइगर की शुरुआत कॉर्बेट नेशनल पार्क (भारत का पहला राष्ट्रीय उद्यान) में हुई थी, जो कि कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व का एक हिस्सा है। इस राष्ट्रीय उद्यान की स्थापना वर्ष 1936 में हैली नेशनल पार्क के रूप में की गई थी जिसका उद्देश्य लुप्तप्राय बंगाल टाइगर का संरक्षण करना था। इसका नाम जिम कॉर्बेट के नाम पर रखा गया है जिन्होंने इसकी स्थापना में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow