इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

भारत का मैप: सितंबर 2021 (I)

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस राज्य को चिह्नित कीजिये जहाँ भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान स्थित है।

    उत्तर : ओडिशा। भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान में भारत का दूसरा सबसे बड़ा मैंग्रोव वन स्थित है और यह रामसर स्थल है। इसे वर्ष 1988 में भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान के रूप में घोषित किया गया था। यह ओडिशा के केंद्रपाड़ा ज़िले में ब्राह्मणी, बैतरणी, धामरा और महानदी नदी प्रणालियों के मुहाने में स्थित है। यह ओडिशा के बेहतरीन जैव विविधता वाले हॉटस्पॉट में से एक है और अपने मैंग्रोव, प्रवासी पक्षियों, कछुओं, मुहाना के मगरमच्छों तथा अनगिनत खाड़ियों के लिये प्रसिद्ध है। ऐसा कहा जाता है कि यहाँ देश के मुहाना या खारे जल के मगरमच्छों का 70% हिस्सा रहता है, जिसका संरक्षण वर्ष 1975 में शुरू किया गया था।

  • 2. उस चोटी (Peak) की अवस्थिति को दर्शाइये जहाँ से एशिया की सबसे स्वच्छ नदी ‘उमंगोट’ का उद्भव होता है:

    उत्तर : पूर्वी शिलांग पीक (मेघालय) हाल ही में मेघालय सरकार ने उमंगोट नदी पर प्रस्तावित उमंगोट जलविद्युत परियोजना (Umngot Hydroelectric Project) को निष्पादित करने के लिये निजी विद्युत उत्पादकों के साथ एक समझौते को रद्द कर दिया है। दावकी नदी के रूप में लोकप्रिय, मेघालय की उमंगोट नदी निर्विवाद रूप से अपने साफ जल के साथ एशिया की सबसे स्वच्छ नदी है। यह पूर्वी शिलांग पीक (Shillong Peak) से निकलती है, जो समुद्र तल से 1,800 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। यह नदी बांग्लादेश के साथ भारत की सीमा के करीब मेघालय के मावलिननॉन्ग/मावल्यान्नॉंग/मौलिन्नोंग गाँव जिसका अर्थ है ईश्वर का स्वयं का बगीचा (God's Own Garden), में स्थित है, जिसे एशिया का सबसे स्वच्छ गाँव कहा जाता है।

  • 3. ‘नील गगन के लिये अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस’ के अवसर पर भारत के किस शहर में सबसे ऊँचे एयर प्यूरीफायर का उद्घाटन किया गया?

    उत्तर : चंडीगढ़। ‘नील गगन के लिये अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस’ के अवसर पर चंडीगढ़ में भारत के सबसे ऊँचे वायु शोधक/एयर प्यूरीफायर का उद्घाटन किया गया। यह 24 मीटर लंबा बाहरी वायु शोधन टॉवर है और लगभग 1 किमी. के दायरे की हवा को शुद्ध करने में सक्षम है। यह जिस वायु का अंतर्ग्रहण करेगा उसका तथा शोधन के बाहर निकलने वाली वायु दोनों का गुणवत्ता सूचकांक दिखाएगा। यह बिजली के माध्यम से कार्य करता है।

  • 4. उस घाटी को चिह्नित कीजिये जहाँ बाओ-धान (लाल चावल) उगाया जाता है।

    उत्तर : ब्रह्मपुत्र घाटी (असम)। बाओ-धान लौह तत्त्व से भरपूर लाल चावल है जो असम की ब्रह्मपुत्र घाटी में बिना किसी रासायनिक खाद के उगाया जाता है। मार्च 2021 में असम से बाओ-धान की पहली निर्यात खेप अमेरिका को भेजी गई थी।

  • 5. उस स्थान को चिह्नित कीजिये जहाँ से भोगदोई नदी का उद्गम होता है?

    उत्तर : मोकोकचुंग (नगालैंड)। वर्ष 2019 में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने भोगदोई को असम की सबसे प्रदूषित नदियों में से एक और देश की 351वीं प्रदूषित नदी घोषित किया। यह नगालैंड के मोकोकचुंग से निकलती है जहाँ इसे सुजेनयोंग नाला के नाम से भी जाना जाता है और यह ब्रह्मपुत्र नदी की दक्षिण तट की सहायक नदी है। यह एक अंतर-राज्यीय नदी है (असम और नगालैंड के बीच बहती है) तथा ब्रह्मपुत्र के संगम के पास धनसिरी नदी में मिलती है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2