दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

भारत का मैप : जुलाई 2021 (I)

मैप आधारित प्रश्न
  • 1 उस स्थल की पहचान कीजिये जिसे हाल ही में यूनेस्को द्वारा भारत के 40वें विश्व धरोहर स्थल के रूप में नामित किया गया है?

    उत्तर : धोलावीरा (गुजरात)। हाल ही में यूनेस्को ने गुजरात के धौलावीरा शहर को भारत के 40वें विश्व धरोहर स्थल के रूप में घोषित किया है। यह प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाली भारत में सिंधु घाटी सभ्यता (Indus Valley Civilisation- IVC) की पहली साइट है। धोलावीरा दक्षिण एशिया में सबसे अनूठी और अच्छी तरह से संरक्षित शहरी बस्तियों में से एक है। इसकी खोज वर्ष 1968 में पुरातत्त्वविद् जगतपति जोशी द्वारा की गई थी।

  • 2 'रामप्पा मंदिर', जिसे हाल ही में यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में अंकित किया गया है, कहाँ स्थित है?

    उत्तर : मुलुगु ज़िला (तेलंगाना)। हाल ही में तेलंगाना के मुलुगु ज़िले में स्थित रुद्रेश्वर मंदिर (जिसे रामप्पा मंदिर के रूप में भी जाना जाता है) को यूनेस्को (UNESCO) की विश्व धरोहर स्थल की सूची में शामिल किया गया है। इस मंदिर को सरकार द्वारा वर्ष 2019 के लिये यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में नामांकन हेतु प्रस्तावित किया गया था। रुद्रेश्वर मंदिर का निर्माण 1213 ईस्वी में काकतीय साम्राज्य के शासनकाल में काकतीय राजा गणपति देव के एक सेनापति रेचारला रुद्र ने कराया था। यहाँ के स्थापित देवता रामलिंगेश्वर स्वामी हैं।

  • 3 उस झील की पहचान कीजिये जो भारत में दूसरा सबसे बड़ा रामसर स्थल है तथा एक एक संकीर्ण द्वीप द्वारा अरब सागर से अलग होती है?

    उत्तर : वेम्बनाड झील (केरल)। वेम्बनाड झील को वेम्बनाड कयाल, वेम्बनाड कोल, पुन्नमदा झील (कुट्टनाड में) और कोच्चि झील (कोच्चि में) के नाम से भी जाना जाता है। यह केरल के कई ज़िलों में फैली हुई है जो 2033.02 किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र को कवर करती है। इस झील का स्रोत चार नदियों मीनाचिल (Meenachil), अचनकोविल (Achankovil), पम्पा (Pampa) और मणिमाला (Manimala) से संबंधित है। यह एक संकीर्ण द्वीप द्वारा अरब सागर (Arabian Sea) से अलग होती है तथा केरल में एक लोकप्रिय लेगून दरार (Backwater Stretch) का निर्माण करती है। वर्ष 2002 में इसे अंतर्राष्ट्रीय महत्त्व की आर्द्रभूमि की सूची में शामिल किया गया था जैसा कि रामसर अभिसमय (Ramsar Convention) द्वारा परिभाषित किया गया था। यह पश्चिम बंगाल में सुंदरबन (Sundarbans) के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा रामसर स्थल है। भारत सरकार ने राष्ट्रीय आर्द्रभूमि संरक्षण कार्यक्रम (National Wetlands Conservation Programme) के तहत वेम्बनाड आर्द्रभूमि की पहचान की है।

  • 4 हाल ही में समाचारों में रहा ‘आमागढ़ किला’ कहाँ स्थित है?

    उत्तर : जयपुर (राजस्थान)। आमागढ़ किले के वर्तमान स्वरूप का निर्माण 18वीं शताब्दी में जयपुर के संस्थापक महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय द्वारा किया गया था। यह माना जाता रहा है कि जय सिंह द्वितीय द्वारा किले के निर्माण से पहले भी इस स्थान पर कुछ संरचनाएँ मौजूद थीं। दावे के मुताबिक, यह नदला गोत्र (जिसे अब बड़गोती मीणा के नाम से जाना जाता है) के एक मीणा सरदार द्वारा बनवाई गई थी। कछवाहा राजवंश के राजपूत शासन से पहले जयपुर और उसके आस-पास के क्षेत्रों में मीणा समुदाय का शासन एवं राजनीतिक नियंत्रण था। गौरतलब है कि मीणा समुदाय के सरदारों ने लगभग 1100 ईस्वी तक राजस्थान के बड़े हिस्से पर शासन किया।

  • 5 भारत का पहला क्रिप्टोगैमिक गार्डन जिसका हाल ही में उद्घाटन किया गया, कहाँ स्थित है?

    उत्तर : देहरादून (उत्तराखंड)। हाल ही में उत्तराखंड के देहरादून के चकराता शहर में भारत के पहले क्रिप्टोगेमिक गार्डन (Cryptogamic Garden) का उद्घाटन किया गया। गार्डन में लाइकेन, फर्न और कवक ( इनके सामूहिक रूप को क्रिप्टोगेमिक के रूप में जाना जाता है) की लगभग 50 प्रजातियाँ दिखाई देगी। पादप समुदाय को दो उप-समुदायों में विभाजित किया जा सकता है- क्रिप्टोगेम (Cryptogams) और फेनरोगेम (Phanerogams)। क्रिप्टोगेम में बीज रहित पौधे और पौधे जैसे जीव होते हैं, जबकि फेनरोगेम में बीज वाले पौधे होते हैं।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow