दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें - 9654-770-770
ध्यान दें:

भारत का मैप (I) : अप्रैल 2021

मैप आधारित प्रश्न
  • 1 उस वन्यजीव अभयारण्य को चिह्नित कीजिये जहाँ बाँस के वृक्षों पर रहने और चिपचिपे डिस्क (पंजों का आंतरिक हिस्सा) वाला चमगादड़ पाया गया है?

    उत्तर : नोंगखिल्लेम वन्यजीव अभयारण्य (मेघालय)। हाल ही में मेघालय के नोंगखिल्लेम वन्यजीव अभयारण्य (Nongkhyllem Wildlife Sanctuary) के पास भारत के पहले बाँस के वृक्षों पर रहने और चिपचिपे डिस्क (पंजों का आंतरिक हिस्सा) वाले चमगादड़ को देखा गया। चमगादड़ की यूडिसकोपस डेंटिकुलस (Eudiscopus Denticulus) प्रजाति, जिसे डिस्क-फुटेड बैट (Disk-Footed Bat) भी कहा जाता है, अँगूठे और चमकीले नारंगी रंग में प्रमुख डिस्क जैसे गद्दी (Pad) के साथ दिखने में बहुत विशिष्ट लगते हैं। इसे बाँस के तना के आंतरिक भाग में पाया गया है। यह प्रजाति दक्षिणी चीन, वियतनाम, थाईलैंड और म्याँमार के कुछ इलाकों में पाई जाती है। यह अपने नज़दीकी निवास स्थान म्याँमार से लगभग 1,000 किमी. पश्चिम में मेघालय में नोंगखिल्लेम वन्यजीव अभयारण्य के निकट लाईलाड क्षेत्र (Lailad Area) में देखी गई है।

  • 2 उस राज्य की पहचान कीजिये जहाँ 'पोलावरम सिंचाई परियोजना' अवस्थित है?

    उत्तर : आंध्र प्रदेश। पोलावरम परियोजना आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी पर पोलावरम गाँव के पास स्थित है। यह एक बहुउद्देश्यीय सिंचाई परियोजना है क्योंकि एक बार पूर्ण होने के बाद यह परियोजना सिंचाई संबंधी लाभ प्रदान करेगी तथा जल विद्युत उत्पन्न करेगी।इसके अलावा यह परियोजना पेयजल की आपूर्ति भी करेगी। इस परियोजना के दाईं ओर स्थित नहर से कृष्णा नदी बेसिन हेतु अंतर-बेसिन हस्तांतरण (Inter-Basin Transfer) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वर्ष 2014 में आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2014 की धारा-90 के तहत केंद्र सरकार द्वारा परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा दिया गया है।

  • 3 रामसर कन्वेंशन के तहत अंतर्राष्ट्रीय महत्त्व की भारत की पहली आर्द्रभूमि के रूप में नामित होने वाले जल स्रोत को चिह्नित कीजिये?

    उत्तर : चिल्का झील, ओडिशा। चिल्का एशिया का सबसे बड़ा और विश्व का दूसरा सबसे बड़ा लैगून है। शीतकाल के दौरान भारतीय उपमहाद्वीप में प्रवासी पक्षियों को आकर्षित करने वाला सबसे बड़ा मैदान होने के साथ ही यह पौधों और जानवरों की कई संकटग्रस्त प्रजातियों का निवास स्थान है। वर्ष 1981 में चिल्का झील को रामसर कन्वेंशन के तहत अंतर्राष्ट्रीय महत्त्व का पहला भारतीय आर्द्रभूमि नामित किया गया था। चिल्का में प्रमुख आकर्षण इरावदी डॉलफिन (Irrawaddy Dolphins) हैं जिन्हें अक्सर सातपाड़ा द्वीप के पास देखा जाता है। लैगून क्षेत्र में लगभग 16 वर्ग किमी. में फैला नलबाना द्वीप (फारेस्ट ऑफ रीडस) को वर्ष 1987 में पक्षी अभयारण्य घोषित किया गया था।

  • 4 नवेगाँव-नागझिरा टाइगर रिज़र्व (NNTR) किस राज्य में स्थित है?

    उत्तर : महाराष्ट्र। यह महाराष्ट्र के गोंदिया और भंडारा ज़िलों में स्थित है। रणनीतिक रूप से यह टाइगर रिज़र्व, केंद्रीय भारतीय बाघ परिदृश्य के केंद्र में स्थित हैजहाँ देश की कुल बाघ आबादी का लगभग 1/6 भाग पाया जाता है। दिसंबर 2013 में इसे भारत के 46वें टाइगर रिज़र्व के रूप में अधिसूचित किया गया था। NNTR में नवेगाँव राष्ट्रीय उद्यान, नवेगाँव वन्यजीव अभयारण्य, नागझिरा वन्यजीव अभयारण्य, नवीन नागझिरा वन्यजीव अभयारण्य और कोका वन्यजीव अभयारण्य शामिल हैं।

  • 5 भारत में उस स्थान की पहचान कीजिये जहाँ विश्व का सबसे ऊँचा रेलवे पुल बनाया गया है?

    उत्तर : जम्मू और कश्मीर। हाल ही में भारतीय रेल ने जम्मू-कश्मीर स्थित प्रतिष्ठित चिनाब पुल की मेहराब बंदी का कार्य पूरा कर लिया है। यह विश्व का सबसे ऊँचा रेलवे पुल है और ‘ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना’ (USBRL) का हिस्सा है। इसे मार्च 2002 में राष्ट्रीय महत्त्व की परियोजना घोषित किया गया था। जम्मू-कश्मीर के रियासी ज़िले में बनाया गया यह रेलवे पुल समग्र तौर पर 1,315 मीटर लंबा है और नदी तल से इसकी ऊँचाई 359 मीटर है। मेहराब के कार्य का पूरा होना, कटरा से बनिहाल तक 111 किलोमीटर लंबे वक्राकार खंड को पूरा करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण प्रगति है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2