दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

भारत का मैप (I) : दिसंबर 2020

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. भारत में उस विश्व धरोहर स्थल की पहचान कीजिये जहाँ विट्ठल मंदिर परिसर स्थित है?

    उत्तर : हम्पी (कर्नाटक)। भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण (Archaeological Survey of India- ASI) ने हम्पी के यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल पर विट्ठल मंदिर परिसर के अंदर पत्थर के रथ की सुरक्षा के लिये कदम उठाए हैं। हम्पी रथ भारत में पत्थर से निर्मित तीन प्रसिद्ध रथों में से एक है, अन्य दो रथ कोणार्क (ओडिशा) और महाबलीपुरम (तमिलनाडु) में हैं। इसका निर्माण 16वीं शताब्दी में विजयनगर शासक, राजा कृष्णदेवराय के आदेश पर हुआ था।

  • 2. उस केंद्रशासित प्रदेश को चिह्नित कीजिये जिसे हाल ही में भारत की भागीदारी गारंटी प्रणाली (PGS) के तहत जैविक कृषि क्षेत्र घोषित किया गया है?

    उत्तर : लक्षद्वीप द्वीपसमूह। केंद्र सरकार की भागीदारी गारंटी प्रणाली (PGS) के तहत संपूर्ण लक्षद्वीप को एक जैविक कृषि क्षेत्र घोषित किया गया है। लक्षद्वीप 100 प्रतिशत ऑर्गेनिक क्षेत्र बनने वाला देश का पहला केंद्रशासित प्रदेश है, जहाँ सभी प्रकार की कृषि गतिविधियाँ पूर्णतः सिंथेटिक उर्वरकों और कीटनाशकों के उपयोग के बिना की जाती हैं, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित खाद्य विकल्प प्राप्त होता है। साथ ही यहाँ कृषि पर्यावरण-अनुकूल गतिविधि बन गई है। इससे पूर्व वर्ष 2016 में सिक्किम भारत का पहला 100 प्रतिशत जैविक राज्य बना था।

  • 3. उस राज्य को चिह्नित कीजिये जहाँ रैट-होल खनन के लिये पिछले कुछ समय से समाचारों में रहा मूलमिलिआंग (Moolamylliang) गाँव अवस्थित है:

    उत्तर : मेघालय। मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स ज़िले में मूलमिलिआंग (Moolamylliang) गाँव ने रैट-होल खनन से प्रभावित होने के बावजूद पर्यावरणीय नुकसान को कम करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण प्रगति की है। मूलमिलिआंग भी वर्ष 2014 तक ऐसे गाँवों में से एक हुआ करता था, किंतु वर्ष 2014 में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने जयंतिया हिल्स ज़िले में रैट-होल खनन पर रोक लगा दी थी और उस समय तक खनन किये गए कोयले के परिवहन के लिये भी एक समयसीमा निर्धारित कर दी थी।

  • 4. उन राज्यों की पहचान कीजिये जहाँ राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (NFHS-5) के अनुसार क्रमशः न्यूनतम और उच्चतम कुल प्रजनन दर (TFR) दर्ज किया गया है?

    उत्तर : 4(a) सिक्किम तथा 4(b) बिहार। हाल ही में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (Ministry of Health and Family Welfare) द्वारा राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण- 5 (National Family Health Survey- NFHS-5) 2019-20 के पहले चरण के आँकड़े जारी किये गए हैं। पिछले आधे दशक की समयावधि में अधिकांश भारतीय राज्यों में TFR में गिरावट दर्ज की गई है विशेषकर शहरी महिलाओं में। इसका अर्थ है यह है कि भारत की जनसंख्या में स्थिरता आ रही है। सिक्किम में सबसे कम TFR (प्रति महिला औसतन 1.1) तथा बिहार में सबसे अधिक (प्रति महिला औसत TFR 3) दर्ज किया गया। TFR 15 से 49 वर्ष की आयु के बीच की प्रजनन आयु के दौरान एक महिला से जन्म लेने वाले अनुमानित बच्चों की औसत संख्या को दर्शाता है।

  • 5. उस स्थान की पहचान कीजिये जहाँ मिरिस्टिका स्वैम्प ट्रीफ्रॉग की उपस्थिति भारत में पहली बार दर्ज की गई है:

    उत्तर : त्रिशूर (केरल)। हाल ही में केरल के त्रिशूर ज़िले में पहली बार मिरिस्टिका स्वैम्प ट्रीफ्रॉग (Myristica Swamp Treefrog) को देखा गया। यह पश्चिमी घाट का स्थानिक है। यह दुर्लभ वानस्पतिक (Arborea) प्रजाति (पेड़ों के बीच या अंदर रहने वाली) है। ये प्रजनन के मौसम के दौरान केवल कुछ हफ्तों के लिये सक्रिय रहते हैं।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow