दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें - 9654-770-770
ध्यान दें:

भारत का मैप (I): अक्तूबर 2020

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. भारत में उस राज्य की पहचान करें जहाँ बैक्टीरियल बीमारी स्क्रब टाइफस का प्रसार हुआ था?

    उत्तर : नगालैंड (नोक्लाक ज़िला)। बैक्टीरियल बीमारी स्क्रब टाइफस (Scrub Typhus) के प्रकोप से म्याँमार की सीमा से लगे नगालैंड के नोक्लाक (Noklak) ज़िले में 5 लोगों की मृत्यु हो गई और 600 लोग संक्रमित हुए। स्क्रब टाइफस, जिसे बुश टाइफस (Bush Typhus) के नाम से भी जाना जाता है, ओरिएंटिया त्सूत्सूगामुशी (Orientia Tsutsugamushi) बैक्टीरिया के कारण होता है। यह संक्रमण ट्रॉम्बिकुलिड (Trombiculid) परिवार के लारवल माइट्स (Larval Mites) के काटने के कारण फैलता है, जिसे चीगर्स (Chiggers) भी कहा जाता है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द और कभी-कभी शरीर पर दाने निकलना भी शामिल है।

  • 2. भारत में उस झील की पहचान कीजिये जहाँ सरकार ने हाल ही में प्रवासी पक्षियों के लिये अस्थायी आश्रयों का निर्माण करने का निर्णय लिया है?

    उत्तर : सांभर झील (राजस्थान)। हाल ही में राजस्थान सरकार ने सांभर झील के निकट वर्ष 2020 की सर्दियों से पहले प्रवासी पक्षियों के लिये अस्थायी आश्रयों का निर्माण कराने का निर्णय लिया है। सांभर झील देश में खारे पानी की सबसे बड़ी झील है और नमक का बड़ा स्रोत है। यह चारों ओर से अरावली पहाड़ियों से घिरी हुई है। सांभर झील एक विश्वविख्यात रामसर साइट है। यहाँ नवंबर से फरवरी तक उत्तरी एशिया और साइबेरिया से हज़ारों की संख्या में फ्लेमिंगो एवं अन्य प्रवासी पक्षी आते हैं।

  • 3. उस राज्य की पहचान कीजिये जहाँ सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य स्थित है:

    उत्तर : राजस्थान (उदयपुर ज़िला)। राजस्थान के उदयपुर ज़िले के प्रसिद्ध सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य (Sajjangarh Wildlife Sanctuary) में आक्रामक लैंटाना झाड़ियों (Lantana Bushes) को उखाड़ने के लिये एक विशेष अभियान ने घास के मैदानों की पारिस्थितिक पुनर्स्थापन एवं जैव विविधता को बचाने में मदद की है। दक्षिणी अरावली पहाड़ियों में यह छोटा अभयारण्य जो 5.19 वर्ग किमी. क्षेत्र में फैला हुआ है, बड़ी संख्या में शाकाहारी जीव-जंतुओं का निवास स्थल हैं। यहाँ एक कृत्रिम झील है जिसे ‘जियान सागर’ (Jiyan Sagar) के नाम से जाना जाता है, इसे ‘टाइगर लेक’ के नाम से भी जाना जाता है। इसे वर्ष 1987 में संरक्षित क्षेत्र घोषित किया गया था।

  • 4. हाल ही में किस राज्य में विश्व की सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग का उद्घाटन किया गया है?

    उत्तर : हिमाचल प्रदेश। प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में अटल सुरंग का उद्घाटन किया है, जो हिमाचल प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति ज़िले में मनाली के पास सोलंग घाटी (Solang Valley) को सिस्सू (Sissu) से जोड़ती है।। 9.02 किलोमीटर लंबी यह सुरंग 3,000 मीटर की ऊँचाई पर दुनिया की सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग है।

  • 5. उस स्थान की पहचान कीजिये जहाँ हाल ही में कांगो बुखार के संभावित प्रसार के कारण अलर्ट जारी किया गया था?

    उत्तर : महाराष्ट्र (पालघर)। महाराष्ट्र के पालघर प्रशासन ने ज़िला स्तर के अधिकारियों को पालघर ज़िले में कांगो फीवर (Congo Fever) के संभावित प्रसार के खिलाफ सतर्क रहने के निर्देश दिये हैं। वर्ष 2013 में ईरान, रूस, तुर्की एवं उज्बेकिस्तान में इस वायरस से कई लोग संक्रमित हुए थे किंतु पहली बार इस वायरस का पता 1940 के दशक में लगाया गया था। मनुष्यों में यह ह्यालोम्मा टिक (Hyalomma Tick) के माध्यम से फैलता है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2