प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 10 जून से शुरू :   संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 23 Jan 2023
  • 1 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

उत्तर प्रदेश सरकार देगी 11 लाख रुपए का उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान

चर्चा में क्यों?

22 जनवरी, 2023 को उत्तर प्रदेश शासन के अनुसचिव रघुनाथ प्रसाद वर्मा ने बताया कि प्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार के यशभारती सम्मान की तर्ज पर अब राज्य सरकार भी देश-विदेश में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली विभूतियों को ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ से नवाज़ेगी।

प्रमुख बिंदु 

  • उत्तर प्रदेश शासन के अनुसचिव रघुनाथ प्रसाद वर्मा की ओर से इस नई सम्मान योजना के लिये 50 लाख रुपए की धनराशि की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति जारी की गई।
  • इस योजना के तहत चार विभूतियों को क्रमश: 11-11 लाख रुपए की राशि के सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
  • गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार यश भारती पुरस्कार को दो साल पहले ही बंद कर चुकी है। यश भारती सम्मान के तहत 11 लाख रुपए ऐसी हस्तियों को दिये जाते थे, जिन्होंने देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन किया हो। इसकी जगह अब संस्कृति मंत्रलय ने उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान की शुरूआत की है।
  • उन्होंने बताया कि आगामी 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस के शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री इस नई पुरस्कार योजना की शुरुआत करते हुए चार विभूतियों को सम्मानित कर सकते हैं।
  • उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान योजना के लिये जारी शासनादेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश के ऐसे ख्यातिलब्ध महानुभावों, जिन्होंने विभिन्न विधाओं और कार्यक्षेत्रों जैसे- कला एवं संस्कृति, कृषि, उद्यमिता, कौशल विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, साहित्य, शिक्षा, खेल, समाजसेवा, पर्यावरण, महिला सशक्तीकरण, ग्राम्य विकास आदि में व्यक्तिगत प्रयासों से उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित किए। इसके अलावा इन नए उत्कृष्ट आयामों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरव हासिल किया गया हो, उन्हें उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
  • इस सम्मान के लिये नामित व्यक्ति को उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिये। विभिन्न विधाओं, कार्यक्षेत्र के ऐसे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त महानुभाव, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और दीर्घ साधना के आधार पर श्रेष्ठ उपलब्धि हासिल की हो, जिन्होंने देश-विदेश में उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया हो।
  • राज्य सरकार या केंद्र सरकार से पूर्व में किसी अन्य राष्ट्रीय या राज्य पुरस्कार या सम्मान प्राप्त विभूतियों को इस सम्मान योजना की पात्रता परिधि में नहीं रखा जाएगा।
  • योजना के तहत हर साल संस्कृति निदेशक द्वारा निर्धारित प्रारूप पर डीएम से नामांकन प्राप्त किये जाएंगे। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों व विधाओं से संबंधित नामांकन संबंधित विभागीय सचिव/प्रमुख सचिव के माध्यम से और मान्यता प्राप्त संगीत, नृत्य, नाटक, फिल्म व मीडिया की शिक्षण तथा प्रदर्शन संस्थानों व अन्य स्रोतों से प्राप्त नामांकन भी प्राप्त किये जा सकते हैं। प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर चयन समिति गठित कर नाम प्रस्तावित कर सकता है।
  • इन श्रेणियों में से चयनित होंगी विभूतियाँ-
    • शास्त्रीय संगीत, लोक संगीत (गायन, वादन, नृत्य)
    • ललित कला, नाट्य विधा, फिल्म व मीडिया
    • समाज सेवा, युवा कल्याण, समाज कल्याण, महिला एवं दिव्यांगजन कल्याण
    • कृषि, उद्यान, दुग्ध विकास, गौसेवा, पशुपालन, वन एवं वन्यजीव तथा पर्यावरण संरक्षण
    • उद्यमिता, कौशल विकास, रोजगार सृजन, स्वावलंबन
    • अन्य क्षेत्रों जैसे शिक्षा, साहित्य, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल आदि क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान करने वाली विभूतियों, जिन्हें स्क्रीनिंग कमेटी सुपात्र समझे।

बिहार Switch to English

पटना विश्वविद्यालय के छात्र जाबिर अंसारी ने अखिल भारतीय कराटे स्पर्धा में जीता स्वर्ण

चर्चा में क्यों?

22 जनवरी, 2023 को अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कराटे प्रतियोगिता में पटना विश्वविद्यालय के छात्र जाबिर अंसारी ने इतिहास रचते हुए 75 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

प्रमुख बिंदु 

  • गौरतलब है कि भारतीय विश्वविद्यालय संघ और अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के तत्त्वावधान में 17-22 जनवरी, 2023 तक पाँच दिवसीय अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन कराटे महिला-पुरुष प्रतियोगिता बीआर यादव इंडोर स्टेडियम बहतराई में हुआ।
  • इस प्रतियोगिता में देश के लगभग 200 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय के 2500 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
  • कराटे के जाने-माने खिलाड़ी जाबिर अंसारी जमुई ज़िला के अंतर्गत झाझा प्रखंड के तुंबापहाड़ के निवासी हैं। वर्तमान में पटना विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं।
  • विदित है कि हाल ही में पटना में आयोजित बिहार स्टेट कराटे चैंपियनशिप 2023 में जाबिर अंसारी ने लगातार सातवीं बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। स्वर्ण पदक जीतने पर जाबिर का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिये हुआ है, जो कि 17 से 19 फरवरी, 2023 को देहरादून उत्तराखंड में आयोजित होना है।
  • इसके अलावा जाबिर ने ओडिसा की राजधानी भुवनेश्वर में 22 से 25 दिसंबर, 2022 तक आयोजित 12वीं ऑल इंडिया ओपन नेशनल कराटे प्रतियोगिता में भी 75 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।
  • कराटे के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बिहार सरकार 3 बार राष्ट्रीय स्तर के खेल सम्मान से भी जाबिर को सम्मानित कर चुकी हैं। 11 दिसंबर, 2022 को बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, पटना में संकट हरण सहयोग समिति के द्वारा आयोजित महात्मा बुद्ध सम्मान से जाबिर को सम्मानित किया जा चुका है।

राजस्थान Switch to English

राजस्थान टूरिज़्म पोलो कप टूर्नामेंट

चर्चा में क्यों

16 से 22 जनवरी, 2023 तक राजस्थान पर्यटन विभाग और राजस्थान पोलो क्लब द्वारा जयपुर के रामबाग पोलो क्लब मैदान में राजस्थान टूरिज़्म पोलो कप टूर्नामेंट का आयोजन किया गया जिसमें फाइनल मैच में बेदला ट्रोजंस ने रजनीगंधा अचीवर्स को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।

प्रमुख बिंदु 

  • राजस्थान टूरिज़्म पोलो कप टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी पद्मनाभ सिंह की हैट्रिक की बदौलत बेदला- ट्रोजंस ने रजनीगंधा अचीवर्स को 7-4 से मात दी। 
  • राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव गहलोत, पर्यटन विभाग की निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने विजेताओं को राजस्थान टूरिज़्म पोलो कप प्रदान किया।
  • पर्यटन निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने बताया कि राजस्थान टूरिज़्म पोलो कप का आयोजन आने वाले दिनों में प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों के लिये महत्त्वपूर्ण आयोजन साबित होगा और इसके ज़रिये प्रदेश का पर्यटन विभाग पोलो टूरिज़्म क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।
  • उल्लेखनीय है की 16 से 22 जनवरी तक चले इस टूर्नामेंट में चार टीम बेदला ट्रोजंस पोलो, रजनीगंधा अचीवर्स, कृष्णा पोलो और सामोद पोलो ने भाग लिया। वहीं, टूर्नामेंट में देश-विदेश के खिलाड़ियों ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। 

राजस्थान Switch to English

केंद्रीय कारागार अलवर में ‘आशाएँ दा फिलिंग स्टेशन’ का शिलान्यास

चर्चा में क्यों?

22 जनवरी, 2023 को राजस्थान के पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह एवं कारागार विभाग मंत्री टीकाराम जूली ने राज्य में कारागार विभाग की बंदियों को रोज़गार से जोड़ने एवं आमजन को सुविधा उपलब्ध कराने की अभिनव पहल के तहत केंद्रीय कारागार परिसर अलवर में पेट्रोल पंप ‘आशाएँ दा फिलिंग स्टेशन’का शिलान्यास किया।

प्रमुख बिंदु 

  • इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह एवं कारागार विभाग मंत्री टीकाराम जूली ने बताया कि कारागार विभाग की इस पहल से खुली जेल में रहने वाले अच्छे चाल-चलन व आचरण वाले बंदियों को उनकी योग्यतानुसार रोज़गार उपलब्ध हो सकेगा। बंदी व उनके परिवार के लिये ससम्मान जीवनयापन करने के साथ, समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिये यह प्रयास अहम कड़ी साबित होगा।
  • इस पेट्रोल पंप का संचालन बंदियों द्वारा ही किया जाएगा, जिसकी मॉनिटरिंग कारागार मॉनिटरिंग समिति द्वारा की जाएगी।
  • उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विभिन्न नवाचारों के माध्यम से जेल के बंदियों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। वहीं खुली जेल में रहने वाले कैदियों को इन नवाचारों के माध्यम से समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
  • केंद्रीय कारागार के अधीक्षक प्रदीप लखावत ने बताया कि कारागार विभाग एवं इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लि. के सहयोग से केंद्रीय कारागार परिसर में ‘आशाएँ’संस्था द्वारा यह पेट्रोल पंप संचालित होगा।
  • प्रथम चरण में पेट्रोल और डीजल एवं द्वितीय चरण में सीएनजी भी यहाँ उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाएगी। करीब डेढ़ से दो माह में यह पेट्रोल पंप प्रारंभ हो जाएगा।
  • प्रदीप लखावत ने बताया कि पेट्रोल पंप के लिये चयनित भूमि पर से हटाए गए वृक्षों की जगह जेल परिसर में कई गुना अधिक वृक्ष लगाए गए हैं, जिनकी देखरेख जेल के बंदियों द्वारा की जाएगी।

राजस्थान Switch to English

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने हरमाड़ा में किया शहरी जल संवर्द्धन योजना का शिलान्यास

चर्चा में क्यों?

22 जनवरी, 2023 को राजस्थान के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. महेश जोशी ने जयपुर शहर के हरमाड़ा एवं बढारणा क्षेत्र को बीसलपुर का पानी उपलब्ध कराने के लिये शहरी जल संवर्द्धन योजना का शिलान्यास किया।

प्रमुख बिंदु 

  • जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. महेश जोशी ने बताया कि शहरी जल संवर्द्धन योजना के तहत 1500 किलो लीटर एवं 700 किलो लीटर क्षमता के दो उच्च जलाशय एवं 1800 किलो लीटर व 1400 किलोलीटर क्षमता के दो स्वच्छ जलाशयों के निर्माण के साथ ही 143 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डाली जाएगी।
  • इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने जयपुर के हवामहल विधानसभा क्षेत्र की भट्टा बस्ती में पर्याप्त दबाव से पेयजल आपूर्ति के लिये बन रहे 2 हज़ार किलो लीटर क्षमता के उच्च जलाशय एवं 10.6 किलोमीटर डीआई पाइप लाइन बिछाने के कार्यों का भी शिलान्यास किया। इन कार्यों की लागत 8 करोड़ 17 लाख रुपए है।
  • उल्लेखनीय है कि हरमाड़ा-बढारणा को बीसलपुर से पेयजल उपलब्ध कराने के लिये शहरी जल संवर्द्धन योजना मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बजट घोषणा में शामिल है।
  • इस पेयजल योजना का लाभ हरमाड़ा एवं बढारणा क्षेत्र की गायत्री नगर, सुदामापुरी, गंगा विहार, विजय नगर, कृष्णा नगर, श्याम नगर, ओमपुरी, न्यू करणी कॉलोनी, भगवान नगर, गौतम एन्क्लेव आदि कॉलोनियों की करीब 60 हज़ार की आबादी को लाभ मिलेगा।
  • इस पेयजल संवर्द्धन योजना से हवामहल विधानसभा क्षेत्र के पाँच वार्डों की पेयजल समस्या का दीर्घकालीन समाधान होगा और साथ ही भट्टा बस्ती के ए, बी, सी एवं डी ब्लॉक, शिवाजी नगर, राजीव नगर, न्यू संजय नगर, बजरंग नगर, शहीद इंद्रा ज्योति नगर, विजय नगर आदि में पर्याप्त दबाव से शुद्ध पेयजल आपूर्ति हो सकेगी।

राजस्थान Switch to English

विधानसभा अध्यक्ष ने बनास नदी पर किया एनिकट का शिलान्यास

चर्चा में क्यों?

21 जनवरी, 2023 को राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी.जोशी ने प्रदेश के राजसमंद ज़िले के नाथद्वारा क्षेत्र के नमाना ग्राम में उत्तम सिंचाई व जल प्रबंधन व्यवस्था के लिये लगभग 26 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले एनिकट का शिलान्यास किया।

प्रमुख बिंदु 

  • इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने बताया कि एनिकट निर्माण से क्षेत्र का जलस्तर बढ़ेगा तथा गाँव के किसानों को सिंचाई के लिये पानी की कमी नहीं आएगी।
  • सहकारिता मंत्री उदय लाल आंजना ने बताया कि राजस्थान सरकार की योजनाओं ने देश में राजस्थान को एक मॉडल स्टेट के रूप में पहचान दिलाई है।
  • कार्यक्रम में एनिकट के अलावा जल संसाधन विभाग द्वारा मरम्मत एवं जीर्णोंद्धार कार्य फतेहपुरिया तालाब व अन्य कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
  • इसके अलावा नंदसमंद बांध की दाई मुख्य नहर की फुलपुरा माइनर का भी लोकार्पण किया गया।  

मध्य प्रदेश Switch to English

चित्रकूट में गुप्त गोदावरी में नजर आई तीसरी गुफा

चर्चा में क्यों?

22 जनवरी, 2023 को मध्य प्रदेश के सतना के मझगवां के एसडीएम पीएस त्रिपाठी ने बताया कि भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट के मध्य प्रदेश क्षेत्र में गुप्त गोदावरी के समीप तीसरी गुफा नज़र आई है। जल्द ही पुरातत्त्व विभाग की टीम को बुलाकर जानकारी कराई जाएगी।

प्रमुख बिंदु 

  • एसडीएम पीएस त्रिपाठी ने बताया कि गुफा की लंबाई लगभग 25 फीट व चौड़ाई डेढ़ मीटर है। अँधेरा होने के चलते मझगवां के एसडीएम व कई अधिकारियों की टीम महज 12 फीट अंदर ही जा सकी। अँधेरे की वजह से अधिकारी आधी दूरी तक ही पहुँचे है।
  • विदित है कि पौराणिक काल से चित्रकूट धर्मनगरी खुद के ऐतिहासिक महत्त्व को संजोए हुए है। धर्मनगरी की प्राकृतिक पहाड़ियों की कंदराओं व गुफाओं में साधु-संत तपस्या में लीन हैं, जिनके दर्शन बेहद दुर्लभ होते हैं। धर्मनगरी के तमाम ऐसे रहस्य हैं, जो अब तक पहुँच से दूर हैं।   

हरियाणा Switch to English

इंडो-इजराइल कृषि परियोजना के तहत गिगनाऊ में बागवानी उत्कृष्टता केंद्र का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

22 जनवरी, 2023 को भारत में आए इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन ने हरियाणा के भिवानी ज़िले के लोहारू विधानसभा क्षेत्र के गाँव गिगनाऊ में साढ़े 12 करोड़ रुपए की लागत से तैयार करीब 50 एकड़ भूमि में बने अर्द्ध शुष्क बागवानी उत्कृष्टता केंद्र का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु 

  • इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन ने बताया कि गाँव गिगनाऊ में इंडो-इजराइल कृषि परियोजना के तहत स्थापित बागवानी का उत्कृष्टता केंद्र दोनों देशों के राजनीतिक संबंधों के बीच लोकतांत्रिकों संबंधों को भी मज़बूती देगा।
  • अर्द्ध शुष्क बागवानी उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना करने का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नए संसाधनों को विकसित करना है, जिससे किसान खुशहाल हो।
  • उन्होंने बताया कि अब इजराइल की तकनीक व जानकारी भारत में स्थानांतरित व निर्मित की जा रही है, जिससे मेक इन इंडिया पहल को और अधिक बढावा मिल रहा है। इस केंद्र के माध्यम से भारत में उत्पादित इजराइल आधारित कृषि तकनीक जैसे ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, ग्रीन हाऊस आदि का प्रदर्शन किया जाएगा।
  • नाओर गिलोन ने बताया कि भारत में इंडो-इजराइल तकनीक पर निर्मित बागवानी उत्कृष्टता केंद्रों में गुणवत्ता वाली सब्जी की चार करोड़ से अधिक पौध व गुणवत्ता वाले फलों के पाँच लाख पौधे तैयार किये जा रहे हैं। इन केंद्रों पर हर साल एक लाख 20 हज़ार से अधिक किसानों को प्रशिक्षण भी मिल रहा है।
  • हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री जे.पी दलाल ने बताया कि इजराइल एक छोटा सा देश होते हुए भी कृषि व सुरक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में अग्रणी है। आज इस देश की तकनीक को दूसरे देश भी अपना रहे हैं। इजराइल ने बंजर भूमि को उपजाऊ बनाकर अपने देश को स्वर्ग बनाया है तथा पूरी दुनिया को बूँद-बूँद से खेती करने की तकनीक दी है।
  • उन्होंने बताया कि हरियाणा में बागवानी के बजट को 100 गुणा बढ़ाकर 8 करोड़ से 800 करोड़ रुपए कर दिया गया है। प्रदेश में 500 एफपीओ स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
  • जे.पी दलाल ने बताया कि कि वर्ष 2030 तक 17 लाख एकड़ भूमि पर बागवानी का लक्ष्य रखा गया है। सोनीपत के गन्नौर में दुनिया की सबसे बड़ी सब्जी मंडी स्थापित की जा रही है, जो 500 एकड़ में होगी, जिस पर ढाई हज़ार करोड़ की लागत आएगी और इससे हज़ारों लोगों को रोज़गार मिलेगा।
  • उन्होंने बताया कि बागवानी में जोखिम को कम करने के लिये ‘मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना’ लागू की गई है, इस योजना के तहत 46 फसलों को कवर किया गया है। इसके अलावा ‘भावांतर भरपाई योजना’ के तहत 21 बागवानी फसलों को शामिल किया गया है।
  • मंत्री जे.पी दलाल ने बताया कि देश में किसानों के लिये सबसे अधिक योजना हरियाणा में लागू की गई है। गिगनाऊ में बना उत्कृष्ट केंद्र किसानों के साथ-साथ युवाओं के भविष्य के लिये मील का पत्थर साबित होगा।
  • इस सेंटर में अमरूद, बादाम, खजूर, अनार, नाशपाती, नींबू वर्गीय फल, बेर, ड्रैगन फ्रूट, रेड बल्ड माल्टा, स्ट्रॉबेरी, अवोकाडो आदि की उत्तम क्वालिटी की किस्म तैयार की जाएगी। इस केंद्र से किसानों को उच्च गुणवत्ता की सब्जियों की पौध सस्ती दरों पर उपलब्ध होगी।
  • इस हाइटेक ग्रीन हाउस में सब्जियों की 30 से 40 लाख तक पौध को तैयार किया जाएगा। इसके अलावा फलों की पौध हेतु मदर ब्लॉक तैयार किये जा रहे हैं। 

हरियाणा Switch to English

गणतंत्र दिवस समारोह के लिये हरियाणा की झाँकी का थीम होगा ‘अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव’

चर्चा में क्यों?

22 जनवरी, 2023 को हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर प्रदर्शन के लिये लगातार दूसरी बार हरियाणा की झाँकी का चयन रक्षा मंत्रालय की विषेशज्ञ कमेटी द्वारा किया गया है, जिसका थीम है- ‘अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव’।

प्रमुख बिंदु 

  • डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा गठित विशेषज्ञ कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों व मंत्रालयों की झांकियों के चयन की प्रक्रिया नवंबर माह में शुरू की जाती है, जिसमें सभी राज्य, केंद्र शासित प्रदेश व मंत्रालय अपने-अपने थीम की प्रस्तुति देते हैं।
  • विशेषज्ञ कमेटी द्वारा थीम की प्रासंगिकता व उपादेयता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से झांकियों का चयन किया जाता है। पिछले वर्ष भी ‘खेलों में नंबर वन हरियाणा’की थीम पर आधारित झाँकी के माध्यम से हरियाणा की खेल उपलब्धियों को सशक्त तरीके से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया गया था।
  • उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र को दुनिया के सबसे प्राचीन तीर्थ स्थलों में से एक के रूप में जाना जाता है। यहाँ पवित्र नदी सरस्वती के तट पर वेदों और पुराणों की रचना हुई। लगभग 5159 वर्ष पहले महाभारत युद्ध के पहले दिन भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र के युद्ध के मैदान में अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का शाश्वत संदेश दिया, इसलिये कुरुक्षेत्र की पहचान गीता के जन्म स्थल के रूप में होती है।
  • डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि गीता के अमर संदेश की जयंती की वर्षगांठ को कुरुक्षेत्र में हर साल अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। 18 दिनों तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का उद्देश्य श्रीमद्भगवद्गीता के वैश्विक व प्रेरणादायक संदेश का प्रसार करना और दुनिया को शांति, सद्भाव तथा सार्वभौमिक भाईचारे के संदेश से आलोकित करना है।
  • उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में हरियाणा सरकार ने दुनिया के अन्य हिस्सों में गीता के सनातन संदेश को फैलाने के उद्देश्य से अन्य देशों में भी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाने का निर्णय लिया और वर्ष 2019 में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव मॉरीशस व लंदन में आयोजित किया गया। वर्ष 2022 में कनाडा में भी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाया गया।
  • सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में हरियाणा की झाँकी पर प्रस्तुत गीता का संदेश मानवजाति के लिये सबसे बड़ी बौद्धिक देन है। कर्म का यह शाश्वत संदेश पूरी मानवता के लिये अनुकरणीय है।
  • उन्होंने बताया कि झाँकी में भगवान श्रीकृष्ण को अर्जुन के सारथी के रूप में सेवा करते हुये और उन्हें गीता का ज्ञान देते हुए दिखाया गया है। झाँकी की पहली झलक आध्यात्मिकता, कला और इतिहास के दर्शन कराती है।
  • ट्रैक्टर खंड की शुरुआत में भगवान श्रीकृष्ण के ‘विराट स्वरूप’ के दर्शन होते हैं, जैसा कि युद्ध भूमि पर उन्होंने अर्जुन के सामने प्रदर्शित किया था। विराट स्वरूप की प्रदर्शित प्रतिमा में श्री विष्णु के 9 सिर क्रमश: अग्नि, नृसिंह, गणेश, शिव, विष्णु, ब्रह्मा, अश्विनी कुमार, हनुमान और परशुराम दिखाए गए हैं। दिव्य सर्प सिर ढके हुए हैं। श्री विष्णु दाहिने हाथ में तलवार, त्रिशूल, कमल, सुदर्शन चक्र और बाएँ हाथ में शंख, बरछा, धनुष, नाग, गदा आदि लिये हुए हैं। नीचे का पूरा भाग शेषनाग व लहरों को गोलाकार आकार दिया गया है।
  • ट्रेलर अनुभाग में पीछे की ओर कुरुक्षेत्र युद्ध क्षेत्र में चार घोड़ों के साथ एक भव्य रथ बनाया गया है। रथ, घोड़ों और सभी तत्त्वों को गहन विवरण के साथ दर्शाया गया है। अर्जुन और श्रीकृष्ण के रथ पर सवार मूर्तियों को रंगीन बनाया गया है, जबकि ट्रेलर के बाकी हिस्से को एक ही पार्थिव छाया में बनाया गया है। झाँकी में घोड़ों से लेकर रथ तक और यहाँ तक कि जमीन की धूल भी, हर एक विवरण स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। ट्रेलर के किनारों पर बना पैटर्न महाभारत युद्ध के विभिन्न दृश्यों को दर्शाता है।

हरियाणा Switch to English

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई एचपीपीसी की बैठक

चर्चा में क्यों?

21 जनवरी, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (एचपीपीसी) की बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा की जाने वाली कुल 92 करोड़ रुपए से अधिक की वस्तुओं की खरीद को मंजूरी प्रदान की गई।

प्रमुख बिंदु 

  • एचपीपीसी की बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि बैठक में सिंचाई, पुलिस, परिवहन, हारट्रॉन, हरियाणा पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कुल 8 एजेंडा रखे गए थे, जिसमें से 5 एजेंडे को मंजूरी दी गई।
  • उन्होंने बताया कि विभिन्न कंपनियों से नेगोशिएशन के बाद दरें तय करके लगभग 3 करोड़ रुपए को बचत की गई है।
  • मुख्यमंत्री ने बताया कि थर्मल पावर प्लांट में प्रदूषण को कम करने के लिये डी-नॉक्स कंब्यूशन कॉडिफिकेशन सिस्टम लगाने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी गई है। इसके अलावा हरियाणा में विभिन्न विभागों, बोर्डों व निगमों में इंटरनेट कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिये भी आज मंज़ूरी प्रदान की गई है।
  • उन्होंने बताया कि सरकारी परियोजनाओं के लिये भूमि की आवश्यकता हेतू ई-भूमि पोर्टल बनाया गया है, जो बेहद कारगर साबित हो रहा है। इस पोर्टल पर सरकार की ओर से परियोजनाओं के लिये ज़मीन की आवश्यकता की जानकारी भरी जाती है और किसान तथा एग्रीगेटर्स अपनी ज़मीन का ऑफर देते हैं।
  • भू-मालिकों से बातचीत कर उनकी सहमति से ज़मीन खरीदी जा रही है। अब तक लगभग 1000 एकड़ भूमि की खरीद इस पोर्टल के माध्यम से की गई है।

छत्तीसगढ़ Switch to English

ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी सॉफ्ट टेनिस टूर्नामेंट में रविवि की महिला टीम बनी चैंपियन

चर्चा में क्यों?

20 जनवरी, 2023 को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी सॉफ्ट टेनिस टूर्नामेंट में रविवि की महिला टीम ने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ की टीम को फाइनल में हराकर विजेता का खिताब हासिल किया।

प्रमुख बिंदु 

  • डबल्स में रविवि की उर्वशी एवं निधि ने चंडीगड़ की रिया और राधिका को 5-1 से हराकर टीम को फाइनल विजेता का खिताब दिलाया। तीसरे स्थान पर अन्ना यूनिवर्सिटी चेन्नई रही, जिसने एमडीयू रोहतक को 2-0 से हराया।
  • पुरुष वर्ग में गुजरात यूनिवर्सिटी ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को 2-0 से हराकर विजेता का खिताब जीता। तीसरे स्थान पर अन्ना यूनिवर्सिटी चेन्नई रही, जिसने गुजरात टेक यूनिवर्सिटी को 2-1 से हराकर यह स्थान प्राप्त किया।
  • छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
  • गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय द्वारा ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी सॉफ्ट टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन 17 से 20 जनवरी तक किया गया।  

उत्तराखंड Switch to English

एक अप्रैल से कबाड़ हो जाएंगे प्रदेश के 5500 सरकारी वाहन

चर्चा में क्यों?

21 जनवरी, 2023 को उत्तराखंड के संयुक्त परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने बताया कि राज्य में सरकारी विभागों, निगमों, निकायों, परिवहन निगम, विभाग, स्वायत्त संस्थाओं के 5500 वाहन 01 अप्रैल से कबाड़ बन जाएंगे। इन वाहनों की आरसी का नवीनीकरण नहीं होगा।

प्रमुख बिंदु 

  • उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने केंद्रीय मोटर यान (प्रथम संशोधन) नियम 2023 की अधिसूचना जारी कर दी है, जो कि एक अप्रैल 2023 से प्रभावी हो जाएगी।
  • इसके दायरे में आने वाले वाहनों की जगह नए वाहन खरीदने या किराए पर वाहन लेने के लिये सरकार को 300 से 550 करोड़ खर्च करने पड़ेंगे।
  • संयुक्त परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने बताया कि दिसंबर माह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने स्क्रैप पॉलिसी के तहत मोटर यान अधिनियम में संशोधन का ड्राफ्ट जारी करते हुए सभी राज्यों से सुझाव मांगे थे।
  • उत्तराखंड ने जो सुझाव दिया था, उसमें बताया था कि 5500 वाहनों के कबाड़ में जाने के बजाय अगर उन्हें नीलाम किया जाए तो अपेक्षाकृत कम 11 करोड़ का नुकसान होगा। इसके अलावा दस लाख प्रति वाहन के हिसाब से देखें तो नए वाहन खरीदने को उत्तराखंड को 550 करोड़ की आवश्यकता होगी।
  • इसके बाद राज्य में 15 साल से पुराने किसी भी सरकारी वाहन का नवीनीकरण नहीं होगा, बल्कि उसे कबाड़ में देना होगा, जिसके लिये हर जिले में तीन कबाड़ केंद्र बनाए जा रहे हैं।
  • संयुक्त परिवहन आयुक्त ने बताया कि नई नीति के तहत एक अप्रैल से 15 साल से अधिक पुराने वाहनों का रिन्यूअल नहीं होगा। वह स्क्रैप में ही जाएंगे। 5500 वाहनों के कबाड़ बनने के बाद सभी विभागों को नए वाहन खरीदने होंगे। एक वाहन की औसत कीमत 10 लाख मानें तो राज्य को 550 करोड़ की जरूरत होगी।
  • सनत कुमार सिंह ने बताया कि स्क्रैप पॉलिसी के तहत 1 अप्रैल, 2023 से सभी तरह के भारी व्यावसायिक वाहनों को अनिवार्य तौर पर फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा, जबकि प्राइवेट वाहनों के लिये यह व्यवस्था जून 2024 से लागू होगी।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2