बिहार में बुनियादी ढाँचा विकास परियोजनाएँ | बिहार | 10 Apr 2026
चर्चा में क्यों?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में पटना के निकट दानापुर–बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर और बिहटा हवाई अड्डा परियोजना के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
मुख्य बिंदु:
- एलिवेटेड कॉरिडोर: यह परियोजना दानापुर और बिहटा को जोड़ने वाली चार-लेन एलिवेटेड सड़क के निर्माण से संबंधित है।
- यह कॉरिडोर लगभग 25 किमी लंबा है और पटना–बक्सर चार-लेन सड़क परियोजना का हिस्सा है।
- पूरा होने पर यह पूर्वी भारत की सबसे लंबी एलिवेटेड सड़क बनने की उम्मीद है।
- यह एलिवेटेड कॉरिडोर आगामी बिहटा हवाई अड्डे को सीधे सड़क संपर्क प्रदान करेगा।
- बिहटा हवाई अड्डा परियोजना: बिहटा में प्रस्तावित हवाई अड्डे को पटना के दूसरे हवाई अड्डे के रूप में विकसित किया जा रहा है।
- पटना का पहला हवाई अड्डा जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जिसकी स्थापना वर्ष 1973 में हुई थी।
- महत्त्व: दोनों परियोजनाओं से परिवहन संपर्क में सुधार, पटना में यातायात भीड़ में कमी और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की अपेक्षा है।
CCEA ने HPCL राजस्थान रिफाइनरी परियोजना की संशोधित लागत को स्वीकृति दी | राजस्थान | 10 Apr 2026
चर्चा में क्यों?
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने राजस्थान में HPCL राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (HRRL) परियोजना के लिये परियोजना लागत में संशोधन और अतिरिक्त इक्विटी निवेश को स्वीकृति दे दी है।
मुख्य बिंदु:
- परियोजना स्वीकृति: CCEA ने HPCL राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (HRRL) परियोजना की लागत को ₹43,129 करोड़ से बढ़ाकर ₹79,459 करोड़ करने को स्वीकृति दी है।
- हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) द्वारा अतिरिक्त ₹8,962 करोड़ के इक्विटी निवेश को भी स्वीकृति दी गई है, जिससे परियोजना में उसका कुल इक्विटी निवेश बढ़कर ₹19,600 करोड़ हो गया है।
- परियोजना का स्थान: यह रिफाइनरी परियोजना राजस्थान के बालोतरा ज़िले के पचपदरा में स्थित है।
- यह परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (74%) और राजस्थान सरकार (26%) के संयुक्त उद्यम के तहत लागू की जा रही है।
- वाणिज्यिक संचालन: रिफाइनरी के लिये निर्धारित वाणिज्यिक संचालन तिथि (SCOD) 1 जुलाई, 2026 है।
- प्रभाव: इस परियोजना से पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आयात निर्भरता कम होने, ऊर्जा सुरक्षा को मज़बूत करने और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने की अपेक्षा है।
उत्तराखंड में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप | उत्तराखंड | 10 Apr 2026
चर्चा में क्यों?
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंफयनशिप का वर्चुअल उद्घाटन किया।
मुख्य बिंदु:
- उद्घाटन: मुख्यमंत्री ने अप्रैल 2026 में इस राष्ट्रीय स्तर की वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का वर्चुअल उद्घाटन किया।
- आयोजन निकाय: इस चैंपियनशिप का आयोजन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) द्वारा किया जा रहा है।
- कुल 19 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस टीमों के 470 से अधिक खिलाड़ी इसमें भाग ले रहे हैं, जिनमें CRPF, BSF, CISF, SSB, असम राइफल्स तथा ITBP जैसे बलों के कर्मी शामिल हैं।
- उद्देश्य: इस आयोजन का उद्देश्य पुलिस कर्मियों की खेल प्रतिभा को प्रदर्शित करना, खेल भावना और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना तथा प्रतिस्पर्द्धी खेलों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना है।
- अवधि: यह चैंपियनशिप 8 अप्रैल से 12 अप्रैल, 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागियों और दर्शकों के लिये विभिन्न वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएँ होंगी।
- ITBP:
- यह गृह मंत्रालय के अधीन एक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल है।
- स्थापना: 24 अक्तूबर, 1962 (भारत-चीन युद्ध के दौरान)।