रायपुर में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान | 18 Sep 2025

चर्चा में क्यों?

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान (SNSPA)’ का शुभारंभ हुआ।

मुख्य बिंदु

  • अभियान के बारे में:
    • स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान (SNSPA) स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (MoWCD) की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य पूरे भारत में महिलाओं तथा बच्चों के लिये स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी करना है, विशेषकर पहुँच, गुणवत्तापूर्ण देखभाल एवं जागरूकता के क्षेत्र में सुधार लाना।
    • जनभागीदारी अभियान के रूप में वर्णित यह पहल समावेशी स्वास्थ्य सेवा वितरण को बढ़ावा देने के लिये निजी अस्पतालों और स्वास्थ्य पेशेवरों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करती है।
    • अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर, 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर किया, जो सशक्त समुदायों के उनके दृष्टिकोण के अनुरूप है।
  • उद्देश्य:
    • व्यापक जाँच और सेवाओं के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना
    • मातृ एवं शिशु देखभाल के माध्यम से परिवार कल्याण को बढ़ावा देना
    • शिक्षा के माध्यम से व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देना
    • सामुदायिक भागीदारी और सार्वजनिक जागरूकता को प्रोत्साहित करना
  • क्रियान्वयन रणनीति:
    • राष्ट्रव्यापी स्वास्थ्य शिविर: जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं पर एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जाएंगे, जिनकी वास्तविक समय ट्रैकिंग के लिये सशक्त पोर्टल के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
    • स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता जवाबदेही: एक स्व-सत्यापन प्रणाली स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिये स्वास्थ्य कार्यकर्त्ताओं (MO, CHO, MPW, आशा) को शामिल करेगी।
    • बहु-मंच प्रचार : सार्वजनिक जागरूकता और भागीदारी को अधिकतम करने के लिये दूरदर्शन, ऑल इंडिया रेडियो (AIR) तथा सोशल मीडिया अभियानों का उपयोग किया जाएगा।
    • स्वयंसेवक और निक्षय मित्र सहभागिता: क्षय रोग उन्मूलन और सामुदायिक स्वास्थ्य पहलों का समर्थन करने के लिये निक्षय मित्रों तथा स्वयंसेवकों को शामिल किया जाएगा।