संयुक्त राष्ट्र दिवस 2025 | 24 Oct 2025
चर्चा में क्यों?
विश्वभर में 24 अक्तूबर को संयुक्त राष्ट्र (UN) दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2025 इस अवसर को विशेष महत्त्व प्रदान करता है, क्योंकि यह वर्ष 1945 में स्थापित संयुक्त राष्ट्र की 80वीं वर्षगाँठ का प्रतीक है। यह दिवस संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रभावी होने की ऐतिहासिक घटना का स्मरण कराता है, जिसने संगठन की औपचारिक स्थापना सुनिश्चित की थी।
संयुक्त राष्ट्र से संबंधित महत्त्वपूर्ण तथ्य क्या हैं?
- परिचय: संयुक्त राष्ट्र (UN) एक अंतर-सरकारी संगठन है, जिसकी स्थापना द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की गई थी। यह लीग ऑफ नेशंस का उत्तरवर्ती है तथा अपनी विशेष एजेंसियों के माध्यम से वैश्विक शांति, सुरक्षा व सहयोग को बढ़ावा देने का कार्य करता है।
- संयुक्त राष्ट्र चार्टर पर 26 जू,न 1945 को सैन फ्रांसिस्को में संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय संगठन सम्मेलन (United Nations Conference on International Organization) के समापन पर हस्ताक्षर किये गए थे। यह 24 अक्तूबर, 1945 को प्रभावी हुआ, तब से इस दिन को प्रतिवर्ष संयुक्त राष्ट्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।
- संयुक्त राष्ट्र चार्टर को 51 देशों ने अनुमोदित किया था, जिनमें सुरक्षा परिषद के पाँच स्थायी सदस्य (अमेरिका, ब्रिटेन, सोवियत संघ/ रूस, चीन और फ्राँस) शामिल थे।
- विकास: इसकी सदस्यता 51 देशों (1945) से बढ़कर 193 देशों (2025) तक पहुँच गई है। भारत संयुक्त राष्ट्र का एक संस्थापक सदस्य है। इसका मुख्यालय अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में स्थित है।
- इसके कार्यक्षेत्र का विस्तार करते हुए स्वास्थ्य, पर्यावरण, लैंगिक समानता, मानवाधिकार तथा सतत् विकास को शामिल किया गया।
- इसने महामारी, शरणार्थी संकट तथा जलवायु परिवर्तन जैसे वैश्विक संकटों के प्रति प्रतिक्रिया भी दी है।
- प्रमुख लक्ष्य: अंतर्राष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा को बनाए रखना।
- राष्ट्रों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध विकसित करना।
- वैश्विक समस्याओं के समाधान में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग प्राप्त करना।
- समान उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु राष्ट्रों की कार्रवाइयों को समन्वित करने के केंद्र के रूप में कार्य करना।
- समान उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु राष्ट्रों के कार्यों में सामंजस्य स्थापित करने के केंद्र के रूप में कार्य करना।
संयुक्त राष्ट्र की प्रमुख उपलब्धियाँ
- शांति स्थापना और संघर्ष समाधान: संयुक्त राष्ट्र ने 1948 से कांगो, लेबनान तथा दक्षिण सूडान जैसे संघर्षरत क्षेत्रों में 70 से अधिक शांति स्थापना मिशन तैनात किये हैं।
- संयुक्त राष्ट्र शांति सेना को सशस्त्र संघर्षों को रोकने तथा वार्ता के लिये परिस्थितियाँ निर्मित करने हेतु वर्ष 1988 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया था।
- उपनिवेशवाद का उन्मूलन और राष्ट्र निर्माण: 80 से अधिक देशों की स्वतंत्रता का समर्थन किया, मुख्य रूप से एशिया और अफ्रीका में, आत्मनिर्णय तथा संप्रभुता को प्रोत्साहन दिया।
- मानवाधिकार संरक्षण: संयुक्त राष्ट्र ने मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा (1948) को अपनाया और न्याय एवं जवाबदेही को बनाए रखने हेतु मानवाधिकार परिषद (2006) तथा अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) जैसे निकायों की स्थापना की।
- वैश्विक स्वास्थ्य और मानवीय सहायता: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के माध्यम से, संयुक्त राष्ट्र ने चेचक (smallpox) के उन्मूलन का नेतृत्व किया तथा कोवैक्स के तहत वैश्विक कोविड-19 प्रतिक्रिया को समन्वित किया।
- विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) और संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त (UNHCR) जैसी संयुक्त राष्ट्र एजेंसियाँ युद्ध तथा आपदाओं से प्रभावित लाखों लोगों को भोजन, आश्रय व सुरक्षा प्रदान करती हैं।
- सतत् विकास और गरीबी में कमी: संयुक्त राष्ट्र ने गरीबी को कम करने, समानता को बढ़ावा देने तथा वैश्विक प्रगति सुनिश्चित करने के लिये सहस्राब्दी विकास लक्ष्य (MDGs) (2000-2015) और सतत् विकास लक्ष्य (SDGs) (2015-2030) प्रस्तुत किये हैं।
- जलवायु एवं पर्यावरणीय कार्रवाई: संयुक्त राष्ट्र ने पेरिस समझौते (2015) जैसे प्रमुख वैश्विक समझौतों को सुगम बनाया है तथा वर्ष 1988 में जलवायु परिवर्तन पर अंतर-सरकारी पैनल (IPCC) की स्थापना की।
- अंतर्राष्ट्रीय कानून और न्याय: संयुक्त राष्ट्र ने अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) और संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून संधि (UNCLOS) और जिनेवा समझौतों जैसे अभिसमयों के माध्यम से विधि के शासन को सशक्त किया है।
- शिक्षा और सामाजिक कल्याण: संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (UNESCO) वैश्विक शिक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा देता है, जबकि संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय बाल आपातकालीन कोष (UNICEF) बच्चों के अधिकारों एवं कल्याण की रक्षा करता है।
|
और पढ़ें: भारत ने 80वें UNGA सत्र में संयुक्त राष्ट्र सुधारों की मांग की |
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)
1. संयुक्त राष्ट्र दिवस क्या है और इसे क्यों मनाया जाता है?
संयुक्त राष्ट्र दिवस 24 अक्तूबर को मनाया जाता है, जो वर्ष 1945 में UN चार्टर के लागू होने की तिथि को दर्शाता है। यह अंतर्राष्ट्रीय शांति और सहयोग बनाए रखने के लिये UN के स्थापना उद्देश्य को सम्मानित करता है।
2. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पाँच स्थायी सदस्य कौन हैं?
संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन, रूस (पूर्व USSR), चीन और फ्राँस।
3. वर्ष 2000 के बाद से संयुक्त राष्ट्र द्वारा पेश किये गए मुख्य विकास ढाँचे क्या हैं?
मिलेनियम विकास लक्ष्य (MDG) (2000–2015) और सतत् विकास लक्ष्य (SDG) (2015–2030)।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न (PYQ)
प्रिलिम्स
प्रश्न. "संयुक्त राष्ट्र प्रत्यय समिति (युनाईटेड नेशंस क्रेडेंशियल्स कमिटी)" के संदर्भ में, निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2022)
- यह संयुक्त राष्ट्र (UN) सुरक्षा परिषद् द्वारा स्थापित समिति है और इसके पर्यवेक्षण के अधीन काम करती है।
- पारंपरिक रूप से प्रति वर्ष मार्च, जून और सितंबर में इसकी बैठक होती है।
- यह महासभा को अनुमोदन हेतु रिपोर्ट प्रस्तुत करने से पूर्व सभी UN सदस्यों के प्रत्ययों का आकलन करती है।
उपर्युक्त कथनों में कौन-सा/से सही है/हैं ?
(a) केवल 3
(b) 1 और 3
(c) 2 और 3
(d) 1 और 2
उत्तर: (a)
प्रश्न. संयुक्त राष्ट्र के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2009)
- संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ECOSOC) में 24 सदस्य देश शामिल हैं।
- यह 3 वर्ष की अवधि के लिये महासभा के दो-तिहाई बहुमत द्वारा चुनी जाती है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?
(a) केवल 1
(b) केवल 2
(c) 1 और 2 दोनों
(d) न तो 1 और न ही 2
उत्तर: (b)
मेन्स:
प्रश्न: संयुक्त राष्ट्र आर्थिक व सामाजिक परिषद (इकोसॉक) के प्रमुख प्रकार्य क्या हैं? इसके साथ संलग्न विभिन्न प्रकार्यात्मक आयोगों को स्पष्ट कीजिये। (2017)
प्रश्न: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थाई सीट की खोज में भारत के समक्ष आने वाली बाधाओं पर चर्चा कीजिये। (2015)

