नेशनल क्वांटम मिशन | 18 Mar 2026

स्रोत: द हिंदू 

नेशनल क्वांटम मिशन के तहत 23 शैक्षणिक संस्थानों को क्वांटम शिक्षण प्रयोगशालाएँ स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है और 100 से अधिक अतिरिक्त प्रस्तावों का मूल्यांकन अभी चल रहा है।

नेशनल क्वांटम मिशन

  • परिचय: नेशनल क्वांटम मिशन (NQM) विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) की एक प्रमुख पहल है, जिसका वर्ष 2023-24 से 2030-31 की अवधि के लिये कुल परिव्यय 6,003 करोड़ रुपये है।
    • इसे वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान एवं विकास के लिये एक जीवंत पारिस्थितिक तंत्र को बढ़ावा देकर क्वांटम प्रौद्योगिकियों में भारत को एक अग्रणी वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित करने के लिये डिज़ाइन किया गया है।
  • उद्देश्य: NQM का उद्देश्य क्वांटम प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान एवं विकास को पोषित करना और उसे बढ़ाना है ताकि प्रौद्योगिकी-आधारित आर्थिक विकास में तेज़ी लाई जा सके और स्वदेशी क्षमताओं का निर्माण किया जा सके।
  • चार प्रमुख डोमेन: यह मिशन चार मुख्य क्षेत्रों पर केंद्रित है:
    • क्वांटम कंप्यूटिंग: 8 वर्षों के भीतर 50 से 1,000 भौतिक क्यूबिट वाले मध्यवर्ती-पैमाने के क्वांटम कंप्यूटरों का विकास।
    • क्वांटम संचार: भारत में 2,000 किमी. से अधिक के उपग्रह-आधारित सुरक्षित संचार और लंबी दूरी के अंतःशहरीय क्वांटम कुंजी वितरण (QKD) की स्थापना।
    • क्वांटम सेंसिंग एवं मेट्रोलॉजी: नेविगेशन और संचार में अनुप्रयोगों के लिये उच्च-संवेदनशीलता वाले मैग्नेटोमीटर और सटीक परमाणु घड़ियों का निर्माण।
    • क्वांटम सामग्री एवं उपकरण: स्वदेशी हार्डवेयर विकास का समर्थन करने के लिये क्वांटम सामग्री के लिये विनिर्माण क्षमताओं में उन्नति।
  • कार्यान्वयन संरचना (हब-एंड-स्पोक मॉडल): यह मिशन संपूर्ण भारत में प्रमुख संस्थानों में आयोजित 4 थीमैटिक हब के माध्यम से क्रियान्वित किया जाता है।
  • सामरिक संरेखण: NQM डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसी व्यापक राष्ट्रीय पहलों के साथ संरेखित है, जिसमें सुरक्षा और महत्त्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे में सामरिक अनुप्रयोगों पर बल दिया गया है।

और पढ़ें: नेशनल क्वांटम मिशन