प्रिलिम्स फैक्ट्स (17 Apr, 2024)



विगत 20 वर्षों में बैंकों में जमा में सर्वाधिक कमी

स्रोत: लाइवमिंट

हाल ही में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, ऋण क्षेत्र में तीव्र वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे वर्ष 2023-24 में बैंकों में सबसे कम जमा प्राप्ति हुई है, जिसके परिणामस्वरूप विगत दो दशकों में ऋण-जमा अनुपात काफी असंतुलित हो गया है।

जमा प्राप्ति में कमी/ डिपाॅज़िट क्रंच क्या है?

  • परिचय:
    • भारतीय बैंकों को जमा नकदी के संकट का सामना करना पड़ रहा है।
    • वर्तमान में ऋण-जमा अनुपात 80%-20% के साथ वर्ष 2015 के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर है।
      • जमा नकदी का अनुपात यह इंगित करता है कि किसी बैंक का कितना जमा ऋण के लिये प्रयोग किया जा रहा है।
  • जमा प्राप्ति में कमी:
    • जमा नकदी का संकट तब उत्पन्न होता है जब बैंकों के पास अपने ग्राहकों को उधार देने के लिये पर्याप्त धनराशि नहीं होती है।
    • परिणामस्वरूप, व्यवसायों के सुचारु संचालन में बाधाएँ उत्पन्न होती हैं, और कर्मचारियों को वेतन प्राप्त करने में देरी होती है।
    • यह आर्थिक स्थिरता और वित्तीय व्यवस्था को बाधित कर सकता है।
  • जमा प्राप्ति में कमी का कारण:
    • बेहतरीन बाज़ार प्रदर्शन एवं बढ़ती वित्तीय जागरूकता के कारण निवेशक तेज़ी से उच्च-रिटर्न, इक्विटी-लिंक्ड उत्पादों की ओर अधिक उन्मुख हो रहे हैं, जिससे बैंकों के समक्ष जमा प्राप्त करने और ऋण वृद्धि के समर्थन की दोहरी चुनौती उत्पन्न होती है।
    • एकत्र की गई जमा राशि के एक हिस्से को नियामक आवश्यकताओं जैसे- नकद आरक्षित अनुपात (CRR) तथा वैधानिक तरलता अनुपात (SLR) ऋण देने योग्य धन को कम करने एवं जमा के लिये प्रतिस्पर्द्धा को बढ़ाने के लिये अलग रखा गया है।
    • हाल की तिमाही में बैंकों ने धीमी जमा वृद्धि के बीच ऋण को बढ़ावा देने के लिये अपने अधिशेष SLR होल्डिंग्स का उपयोग किया, लेकिन जैसे-जैसे SLR बफर्स कम होते हैं, उन्हें लाभप्रदाता के साथ जमा दर में बढ़ोतरी को संतुलित करने की चुनौती का सामना करना पड़ता है।
    • बढ़ती प्रतिस्पर्द्धा, वैकल्पिक निवेश विकल्पों तथा वास्तविक संपत्तियों की ओर बदलाव के बीच खुदरा जमा को आकर्षित करने के लिये बैंकों में पिछले वित्त वर्ष में जमा दरों में वृद्धि हुई।
    • HDFC तथा HDFC बैंक के विलय के परिणामस्वरूप HDFC के ऋण तथा जमा को बैंकिंग प्रणाली में शामिल किया गया, जिसने समग्र आँकड़ों में योगदान दिया।
  • निहितार्थ:
    • उच्च CD अनुपात से बैंक की महँगी, बड़ी जमाओं पर निर्भरता बढ़ जाती है, जिसकी पूर्ति उसके मुख्य जमाकर्त्ताओं से नहीं हो सकती है और संभावित रूप से उच्च बहिर्वाह के कारण तरलता जोखिम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
    • इससे ऋण तक सीमित पहुँच के कारण व्यवसायों को तरलता संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
    • कर्मचारियों के वेतन में देरी हो सकती है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो सकती है।
    • इसका गंभीर समग्र आर्थिक प्रभाव हो सकता है, जिसके लिये बैंकिंग क्षेत्र को स्थिर करने हेतु तत्काल उपाय किये जाने की आवश्यकता है।
  • समाधान:
    • लगभग 20 वर्षों में सबसे खराब जमा संकट पर तत्काल ध्यान देने के साथ ही रणनीतिक हस्तक्षेप किया जाना आवश्यक है।
    • जैसे-जैसे भारत इस चुनौतीपूर्ण चरण से गुज़र रहा है, हमारे बैंकों की सुरक्षा एवं वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करना सर्वोपरि उद्देश्य बन गया है।
    • इसका समाधान ढ़ूँढने के लिये RBI और बैंकों को सहयोग करना होगा।
    • अधिक जमा राशि को प्रोत्साहित करना एवं ऋण वितरण को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करना महत्त्वपूर्ण कदम हैं।
    • संकट की गंभीरता के बारे में सार्वजनिक जागरूकता हमारी बैंकिंग प्रणाली की सुरक्षा के लिये सामूहिक प्रयासों को प्रेरित कर सकती है।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2018)

  1. भारतीय रिज़र्व बैंक भारत सरकार की प्रतिभूतियों का प्रबंधन और सेवाएँ प्रदान करता है, लेकिन किसी राज्य सरकार की प्रतिभूतियों का नहीं।  
  2. भारत सरकार कोष-पत्र (ट्रेज़री बिल) जारी करती है और राज्य सरकारें कोई कोष-पत्र जारी नहीं करतीं।  
  3. कोष-पत्र ऑफर अपने समतुल्य मूल्य से बट्टे पर जारी किये जाते हैं।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 3
(c) केवल 2 और 3
(d) 1, 2 और 3

उत्तर: (c)


इरेज़ क्रॉसिंग

स्रोत: रिउटर्स  

इज़रायल ने गाज़ा को अधिक सहायता प्रदान करने के लिये 7 अक्तूबर को हुए हमास के हमलों के बाद पहली बार इज़रायल और उत्तरी गाज़ा के बीच इरेज़ क्रॉसिंग को फिर से खोल दिया है।

  • इरेज़ (या बेइत हनून) गाज़ा पट्टी (Gaza Strip) के उत्तर में स्थित है। यह इज़राइल और गाज़ा के बीच लोगों की आवाजाही का मुख्य मार्ग (Crossing) था।
  • यह मुख्य रूप से एक पैदल यात्री क्रॉसिंग है लेकिन इसका उपयोग सड़क के रूप में भी किया जा सकता है।
  • युद्ध से पहले ही गाज़ा के साथ इज़रायल के सभी क्रॉसिंगों के माध्यम से आवाजाही पर अत्यधिक प्रतिबंध लगा दिया गया था क्योंकि इज़रायल ने 17 वर्ष पूर्व मिस्र के साथ क्षेत्र में नाकाबंदी लगा दी थी।
  • वर्तमान में परिचालित एकमात्र क्रॉसिंग मिस्र के साथ राफा क्रॉसिंग और इज़रायल के साथ केरेम शालोम हैं।
  • हमास एक फिलिस्तीनी राजनीतिक सशस्त्र समूह है जिसकी स्थापना 1987 में हुई थी। यह एक उग्रवादी समूह है जो इज़राइली कब्ज़े के खिलाफ एक प्रतिरोध आंदोलन के रूप में उभरा।

Erez Crossing

और पढ़ें: गाज़ा पट्टी, इज़रायल-हमास संघर्ष और इसका वैश्विक प्रभाव,इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष


नोस्ट्रो तथा वोस्ट्रो खाते

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

हाल ही में सरकार द्वारा म्याँमार से दाल आयात करने वाले व्यापारियों के लिये भुगतान व्यवस्था को सरल बनाया गया है।

  • आयातकों को पंजाब नेशनल बैंक के माध्यम से एक विशेष रुपए वोस्ट्रो खाते (SRVA) का उपयोग करके रुपए अथवा क्याट प्रत्यक्ष भुगतान प्रणाली का उपयोग करने के लिये कहा गया है।

नोस्ट्रो/वोस्ट्रो खाते:

  • नोस्ट्रो खाता एक बैंक द्वारा दूसरे बैंक में रखा गया खाता है। यह ग्राहकों को दूसरे बैंक के खाते में पैसा जमा करने की अनुमति देता है।
    • इसका उपयोग प्राय: तब किया जाता है जब किसी बैंक की किसी अन्य देश में कोई शाखा न हो।
    • नोस्ट्रो एक लैटिन शब्द है जिसका अर्थ है "हमारा"।
  • वोस्ट्रो खाता वह खाता है जो एक संपर्की बैंकों, दूसरे बैंक की ओर से रखता है।
    • वोस्ट्रो एक लैटिन शब्द है जिसका अर्थ है "आपका"
  • नोस्ट्रो तथा वोस्ट्रो खाते विदेशी मूल्यवर्ग में खोले जाते हैं।
  • वोस्ट्रो खाते घरेलू बैंकों को वैश्विक बैंकिंग आवश्यकताओं वाले ग्राहकों को अंतर्राष्ट्रीय बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करने में सक्षम बनाते हैं।
  • वोस्ट्रो खाता सेवाओं में वायर ट्राँसफर निष्पादित करना, विदेशी मुद्रा लेन-देन करना, जमा एवं निकासी को सक्षम करने के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में तेज़ी लाना शामिल है।

 

और पढ़ें…  वोस्ट्रो खाते


सैन्य अभ्यास: दुस्तलिक

स्रोत: पी. आई. बी

भारत-उज़्बेकिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास दुस्तलिक का 5वाँ संस्करण 15 से 28 अप्रैल, 2024 तक उज़्बेकिस्तान के टर्मेज़ ज़िले में आयोजित किया जायेगा।

  • भारत और उज़्बेकिस्तान में बारी - बारी से यह सैन्य अभ्यास दुस्तलिक प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है।
    • इस अभ्यास का उद्देश्य सैन्य सहयोग व संयुक्त क्षमताओं को बढ़ावा देना, पहाड़ी और अर्द्ध-शहरी इलाकों में संयुक्त अभियानों पर ध्यान केंद्रित करना, अंतःक्रियाशीलता विकसित करना तथा द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाना है।
    • सैन्य अभ्यास दुस्तलिक के इस संस्करण में दो महिला अधिकारियों सहित युद्ध समर्थन हथियार और सेना के कर्मी शामिल हैं।
  • भारत और उज़्बेकिस्तानके बीच पहला अभ्यास "दुस्तलिक" वर्ष 2019 में हुआ था, जो आतंकवाद-निरोध पर केंद्रित था।

DUSTLIK

और पढ़ें: सैन्य अभ्यास: दुस्तलिक


मर्सेनरी स्पाईवेयर हमला

Apple ने हाल ही में भारत और 91 अन्य देशों में iPhone उपयोगकर्त्ताओं के लिये तत्काल सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। अधिसूचनाओं में चेतावनी दी गई है कि उनके उपकरणों को मर्सेनरी स्पाईवेयर हमले (mercenary spyware attack) में दूर से निशाना बनाया गया है।

  • नियमित साइबर आपराधिक गतिविधि या उपभोक्ता मैलवेयर की तुलना में मर्सेनरी स्पाइवेयर हमले असाधारण रूप से दुर्लभ और अत्यधिक परिष्कृत होते हैं।
  • आम साइबर खतरों के विपरीत, मर्सेनरी स्पाईवेयर हमले का उद्देश्य उपयोगकर्त्ता के डिवाइस तक अनधिकृत पहुँच प्राप्त करना है।
    • यदि किसी डिवाइस पर लक्षित मर्सेनरी स्पाईवेयर हमले से छेड़छाड़ की जाती है, तो हमलावर संवेदनशील डेटा, संचार या यहाँ तक ​​कि कैमरा और माइक्रोफ़ोन तक दूरस्थ रूप से पहुँचने में सक्षम हो सकता है।
    • ये रणनीतिक रूप से लक्षित, उच्च लागत वाले हमले हैं, जो ऐतिहासिक रूप से राज्यों से जुड़े हुए हैं, पत्रकारों, कार्यकर्ताओं, राजनेताओं और राजनयिकों जैसे चुनिंदा व्यक्तियों को लक्षित करते हैं।
    • NSO ग्रुप द्वारा विकसित पेगासस, मर्सिनरी स्पाइवेयर के उदाहरणों में से एक है।

Cyber_security

और पढ़ें: पेगासस स्पाईवेयर


त्रिशूर पूरम

स्रोत: द हिंदू 

हाल के एक फैसले में केरल उच्च न्यायालय ने त्रिशूर पूरम उत्सव के दौरान हाथियों एवं कलाकारों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिये निर्देश जारी किये हैं।

  • त्रिशूर पूरम केरल के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सार का एक भव्य उत्सव है।
  • मलयालम महीने मेडम (अप्रैल-मई) में मनाया जाने वाला पूरम, त्रिशूर के थेक्किंकडु मैदानम में आयोजित किया जाता है और इसे सभी पूरम (वार्षिक त्योहार) की जननी माना जाता है।
  • इसकी शुरुआत कोचीन के महाराजा (1790-1805) सक्थन थंपुरन के नाम से मशहूर राजा राम वर्मा ने 10 अलग-अलग मंदिरों की भागीदारी के साथ की थी।
  • पारंपरिक पोशाक और पारंपरिक ऑर्केस्ट्रा संगीत से सज़े राजसी हाथी उत्सव का हिस्सा हैं।
  • त्रिशूर पूरम से पहले अराट्टुपुझा पूरम केरल का सबसे बड़ा त्योहार था।

Thrissur Pooram

और पढ़ें: त्रिशूर पूरम


बाल्टीमोर ब्रिज (फ्राँसिस स्कॉट की ब्रिज)

स्रोत: द हिंदू

हाल ही में एक कंटेनर जहाज़ बाल्टीमोर ब्रिज से टकरा गया, जिससे उसके कई हिस्से टूटकर पटाप्सको नदी (Patapsco River) में गिर गए।

  • इसका नाम अमेरिकी राष्ट्रगान (द स्टार-स्पैंगल्ड बैनर) के लेखक फ्राँसिस स्कॉट की के नाम पर रखा गया है।
  • बंदरगाह छोड़ने वाले बड़े जहाज़ों के विपरीत, जहाज़ ब्रिज के नीचे मानक मार्ग से भटक गया।
  • ब्रिज में अतिरेक का अभाव था और यह "फ्रैक्चर क्रिटिकल" था, जिसका अर्थ है कि किसी भी हिस्से की विफलता आंशिक या पूर्ण पतन का कारण बन सकती है।
    • वर्ष 2021 में बाल्टीमोर संयुक्त राज्य अमेरिका का 17वाँ सबसे बड़ा बंदरगाह था।
    • यह कारों और भारी कृषि उपकरणों सहित देश का सबसे बड़ा वाहन-हैंडलिंग बंदरगाह है।

पटाप्सको नदी:

  • निचली पटाप्सको नदी बाल्टीमोर बंदरगाह को चेसापीक खाड़ी और अटलांटिक महासागर से जोड़ती है।
  • पटाप्सको नदी की मुख्य धारा मध्य मैरीलैंड में 39 मील की नदी है जो चेसापीक खाड़ी में बहती है।
  • नदी का ज्वारीय भाग बाल्टीमोर शहर के लिये बंदरगाह बनाता है।

Francis_Scott_Key_Bridge

और पढ़ें: भारत में प्रमुख बंदरगाह


जीरोसाइंस

स्रोत: द हिंदू 

शोधकर्त्ताओं ने DNA मिथाइलेशन का अध्ययन करके उम्र बढ़ने की गति को मापने हेतु एक रक्त परीक्षण विकसित किया है।

  • यह रक्त परीक्षण इस बात की जाँच करता है, कि कैसे एक एंज़ाइम वृद्ध वयस्कों के DNA में मिथाइल समूह जोड़ता है, जिससे इस प्रक्रिया और उम्र बढ़ने के बीच संबंध का पता चलता है।

जीरोसाइंस:

  • यह उम्र बढ़ने और उम्र से संबंधित बीमारियों के जैविक तंत्र को समझने पर केंद्रित अंतःविषयक क्षेत्र को संदर्भित करता है।
  • इसमें DNA मिथाइलेशन, एंज़ाइम गतिविधि (जैसे गेरोज़ाइम (उम्र बढ़ने से जुड़े एंज़ाइम), सामाजिक-आर्थिक प्रभाव और पोषण, व्यायाम व संगीत आधारित चिकित्सा जैसे जीवनशैली हस्तक्षेप सहित विभिन्न कारकों का अध्ययन शामिल है।
    • DNA मिथाइलेशन एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें DNA अणु में मिथाइल समूह (CH3) को जोड़ा जाता है। यह जीन अभिव्यक्ति को विनियमित करने और जीनोम स्थिरता बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
  • इसका उद्देश्य उम्र बढ़ने और मनोभ्रंश (dementia) जैसे- उम्र से संबंधित स्थितियों से निपटने के लिये उम्र बढ़ने से संबंधित विशिष्ट प्रक्रियाओं को लक्षित करने वाली औषधि जैसी रणनीतियाँ विकसित करना है।

Geroscience

और पढ़ें: जीनोम इंडिया प्रोजेक्ट, इंडिया एजिंग रिपोर्ट 2023