पुष्कर मेले में घोड़ों की बिक्री पर GST | राजस्थान | 31 Oct 2025
            चर्चा में क्यों?
राजस्थान राज्य GST विभाग ने व्यापार को औपचारिक बनाने और राजस्व संग्रह बढ़ाने के उद्देश्य से पहली बार पुष्कर मेले में घोड़ों की बिक्री पर 5% GST लगाया किया है।

मुख्य बिंदु
- कार्यान्वयन:
- पशुपालन विभाग प्रत्येक लेनदेन के लिये रसीद जारी करेगा, जो GST संग्रह का आधार बनेगी।
- अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु, घोड़ों के परिवहन की निगरानी और दस्तावेज़ों के सत्यापन के लिये प्रमुख मार्गों पर जाँच चौकियाँ स्थापित की गई हैं।
 
- पुष्कर मेले के बारे में: 
- पुष्कर मेला, जिसे पुष्कर ऊँट मेला के नाम से भी जाना जाता है, राजस्थान के पुष्कर में आयोजित होने वाला एक वार्षिक पाँच दिवसीय पशु और सांस्कृतिक उत्सव है, जो आमतौर पर अक्तूबर तथा नवंबर के बीच आयोजित होता है।
- इसे विश्व के सबसे बड़े पशु मेलों में से एक माना जाता है, जो भारत और विदेश से व्यापारियों तथा आगंतुकों को आकर्षित करता है।
- पशुधन व्यापार के अलावा, यह मेला एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण के रूप में विकसित हो गया है, जिसमें मटका फोड़, सबसे लंबी मूँछें और दुल्हन प्रतियोगिता जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताएँ शामिल हैं।
- हाल के वर्षों में मेले में आधुनिक आकर्षण जोड़े गए हैं, जिनमें स्थानीय पुष्कर क्लब और विदेशी पर्यटकों की टीमों के बीच प्रदर्शनी फुटबॉल मैच शामिल है।
- पुष्कर मेला आज भी एक जीवंत सांस्कृतिक और आर्थिक केंद्र बना हुआ है, जो राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश तथा गुजरात से क्रेताओं एवं किसानों को आकर्षित करता है, साथ ही राजस्थान की समृद्ध घुड़सवारी विरासत व मनुष्यों और घोड़ों के बीच स्थायी बंधन का उत्सव मनाता है।
 
 
    
    
                                                           राष्ट्रीय एकता दिवस | राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स | 31 Oct 2025
            चर्चा में क्यों? 
राष्ट्रीय एकता दिवस प्रतिवर्ष 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल के भारत के एकीकरण में योगदान के सम्मान में मनाया जाता है।
- वर्ष 2025 में यह दिवस विशेष महत्त्व रखता है, क्योंकि यह सरदार पटेल की 150वीं जयंती का प्रतीक है।
मुख्य बिंदु
- राष्ट्रीय एकता दिवस: 
- यह दिवस सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा प्रतिपादित एकता, अखंडता और समावेशिता के मूल्यों का प्रतीक है।
- इसे पहली बार वर्ष 2014 में मनाया गया था, जब सरकार ने राष्ट्र-निर्माण में पटेल के ऐतिहासिक योगदान को सम्मानित करने का निर्णय लिया।
- वर्ष 2015 के आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य विभिन्न राज्यों के लोगों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और परस्पर जुड़ाव को सशक्त करना था।
 
- कार्यक्रम:
- केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा माई भारत मंच के माध्यम से आयोजित सरदार @150 एकता यात्रा का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति तथा नागरिक दायित्व की भावना को बढ़ावा देना था, जो ‘एक भारत, आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
- इसके अतिरिक्त, 31 अक्तूबर, 2025 को देश के प्रमुख शहरों में “रन फॉर यूनिटी” नामक राष्ट्रव्यापी दौड़ का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ नई दिल्ली से हुआ।
 
- स्टैच्यू ऑफ यूनिटी:
 
 
- 31 अक्तूबर 2018 को सरदार पटेल की स्मृति में 182 मीटर (600 फीट) ऊँची विश्व की सबसे विशाल प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का उद्घाटन गुजरात के केवडिया में किया गया।
- यह प्रतिमा नर्मदा नदी के तट पर, सरदार सरोवर बाँध (जो कंक्रीट की मात्रा के आधार पर विश्व का दूसरा सबसे बड़ा गुरुत्व बांध है) के समीप साधु बेट पहाड़ी पर स्थित है।
- वर्ष 2020 में इसे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के “आठ अजूबों” की सूची में भी शामिल किया गया था।

     
    
    
      न्यायमूर्ति सूर्यकांत 53वें मुख्य न्यायाधीश नियुक्त | राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स | 31 Oct 2025
            चर्चा में क्यों?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने न्यायमूर्ति सूर्यकांत को भारत का 53वाँ मुख्य न्यायाधीश (CJI) नियुक्त किया है।
मुख्य बिंदु
- परिचय:
- वे 24 नवंबर, 2025 को न्यायमूर्ति बी. आर. गवई के उत्तराधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे और 10 फरवरी, 2027 तक लगभग 15 माह का कार्यकाल पूरा करेंगे।
- वह हरियाणा से भारत के पहले मुख्य न्यायाधीश होंगे।
- वह पहली पीढ़ी के वकील हैं, जो अपनी स्पष्ट टिप्पणियों, संतुलित निर्णयों और संवैधानिक नैतिकता पर ज़ोर देने के लिये जाने जाते हैं।
- उनके कार्यकाल में न्यायिक सुलभता, प्रशासनिक सुधार और संवैधानिक व्याख्या में स्थिरता पर विशेष ध्यान दिये जाने की संभावना है। 
 
- महत्त्वपूर्ण निर्णय:
- अनुच्छेद 370: पाँच-सदस्यीय पीठ के सदस्य रहे, जिसने अनुच्छेद 370 के निरसन को वैध ठहराया।
 
- अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का अल्पसंख्यक दर्जा: इस संबंध में महत्त्वपूर्ण निर्णय देने वाली पीठ का हिस्सा रहे।
- चुनाव आयोग की निगरानी: वर्तमान में बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की देखरेख करने वाली पीठ की अध्यक्षता कर रहे हैं।
 
भारत के मुख्य न्यायाधीश: 
- अनुच्छेद 124 (2) के तहत मुख्य न्यायाधीश सहित सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाती है।
- वरिष्ठतम न्यायाधीश को सेवा की अवधि के आधार पर मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया जाता है ( यह परंपरा है, कोई कानूनी बाध्यता नहीं)।
- अर्हता: मुख्य न्यायाधीश के रूप में अर्हता प्राप्त करने के लिये व्यक्ति को
- भारत का नागरिक होना चाहिये,
- कम-से-कम 5 वर्ष उच्च न्यायालय के न्यायाधीश या
- 10 वर्ष अधिवक्ता के रूप में कार्य किया होना चाहिये,
- अथवा राष्ट्रपति की राय में एक प्रतिष्ठित विधिवेत्ता होना चाहिये।
 
- मुख्य न्यायाधीश को केवल संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत से पारित प्रस्ताव के पश्चात् ही राष्ट्रपति द्वारा हटाया जा सकता है।