दीपावली यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल | उत्तर प्रदेश | 13 Dec 2025
चर्चा में क्यों?
दीपावली, प्रकाश पर्व, को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल कर लिया गया है, जैसा कि 8 से 13 दिसंबर 2025 तक नई दिल्ली के लाल किले में आयोजित यूनेस्को की अंतरसरकारी समिति के 20वें सत्र के दौरान घोषणा की गई थी।
- संस्कृति मंत्रालय और संगीत नाटक अकादमी द्वारा आयोजित ICH समिति सत्र की मेज़बानी भारत पहली बार कर रहा है।
- यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक कूटनीति में एक महत्त्वपूर्ण क्षण को चिह्नित करता है, जो भारत द्वारा वर्ष 2003 के यूनेस्को अभिसमय की पुष्टि के 20वीं वर्षगाँठ के साथ मेल खाता है।
प्रमुख बिंदु
दीपावली
- दीपावली: कार्तिक अमावस्या (अक्तूबर-नवंबर) को मनाई जाने वाली दीपावली अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा और नवीनीकरण एवं समृद्धि का प्रतीक है।
- दीपावली को यूनेस्को द्वारा शामिल किये जाने का महत्त्व: यूनेस्को द्वारा दीपावली को एक जीवंत विरासत के रूप में मान्यता दी गई है, जो सामाजिक बंधनों को मज़बूत करती है, पारंपरिक शिल्प कौशल का समर्थन करती है और उदारता एवं खुशहाली के मूल्यों को सुदृढ़ करती है।
- दीपावली सतत् विकास के कई लक्ष्यों में सार्थक योगदान देती है, जिनमें SDG 1 (गरीबी उन्मूलन), SDG 3 (अच्छा स्वास्थ्य और कल्याण), SDG 5 (लैंगिक समानता) और SDG 11 (संधारणीय समुदाय) शामिल हैं।
अमूर्त सांस्कृतिक विरासत
- अमूर्त सांस्कृतिक विरासत: यूनेस्को अमूर्त विरासत को पीढ़ियों से चली आ रही जीवित परंपराओं के रूप में परिभाषित करता है, जिसमें मौखिक परंपरा, प्रदर्शन कला, अनुष्ठान, उत्सव कार्यक्रम, सामाजिक प्रथा, प्रकृति और ब्रह्मांड का ज्ञान एवं पारंपरिक शिल्प कौशल शामिल हैं, जिन्हें समुदाय पुनर्जीवित और संरक्षित करना जारी रखते हैं।
- नामांकन: यूनेस्को की ICH प्रतिनिधि सूची में किसी तत्व को जोड़ने के लिये, राज्यों को एक नामांकन फाइल जमा करनी होगी, जिसमें प्रत्येक दो वर्ष में एक नामांकन की अनुमति होती है।
- भारत ने वर्ष 2024-25 के दीपावली उत्सव के लिये इसे नामित किया है।
- सूची: यह सूची अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा के लिये 2003 के यूनेस्को अभिसमय के तहत तैयार की गई थी।
- इसका उद्देश्य वैश्वीकरण के युग में जीवित सांस्कृतिक परंपराओं की रक्षा करना, जागरूकता, सम्मान और सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देना तथा अनुष्ठानों, त्योहारों, मौखिक परंपराओं एवं पारंपरिक शिल्प कौशल की सामुदायिक नेतृत्व वाली सुरक्षा का समर्थन करना है।
यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की भारतीय सूची
पहला आधिकारिक माघ मेला लोगो लॉन्च | उत्तर प्रदेश | 13 Dec 2025
चर्चा में क्यों?
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज में प्रत्येक वर्ष में लगने वाले सदियों पुराने माघ मेले का पहला आधिकारिक लोगो जारी किया है।

प्रमुख बिंदु
- आयोजन का संदर्भ: 45 दिनों का माघ मेला जनवरी में शुरू होता है और संगम में पवित्र स्नान करने के लिये भारत एवं विश्व भर से श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।
- सरकारी पहल: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रयागराज को पुनर्जीवित करने के व्यापक प्रयासों के तहत लोगो का अनावरण किया।
- आध्यात्मिक महत्त्व: लोगो माघ मेले की प्रमुख आध्यात्मिक प्रथाओं जैसे कि जप, तपस्या, दान, पवित्र स्नान और कल्पवास को दर्शाता है।
- खगोलीय डिजाइन: इस डिज़ाइन में सात ऊर्जा चक्र, सूर्य, चंद्रमा की 14 कला और 27 नक्षत्रों में चंद्रमा की गति के संदर्भ शामिल हैं, जो हिंदू ज्योतिषीय गणनाओं के अनुरूप हैं।
- पवित्र प्रतीक: प्रमुख तत्वों में मोक्ष का प्रतीक अक्षयवट वृक्ष, लेटे हुए हनुमान मंदिर, सनातन ध्वज और संगम पर तीर्थराज प्रयाग शामिल हैं।
- ज्योतिषीय आधार: माघ मेला तब आयोजित किया जाता है जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है और अनुष्ठान की तिथियाँ सटीक चंद्र चक्रों द्वारा निर्धारित की जाती हैं, विशेष रूप से अमावस्या से पूर्णिमा तक।
- सांस्कृतिक संदेश: लोगो पर अंकित एक संस्कृत श्लोक इस मान्यता को व्यक्त करता है कि माघ महीने में स्नान करने से सभी पाप धुल जाते हैं।
- पारिस्थितिक तत्व: लोगो में साइबेरियाई पक्षियों को दर्शाया गया है जो प्रत्येक शीतकाल में संगम क्षेत्र में प्रवास करते हैं, जिससे पर्यावरणीय सामंजस्य पर प्रकाश डाला गया है ।
- डिज़ाइन एवं स्वीकृति: प्रयागराज मेला प्राधिकरण के सलाहकारों द्वारा लोगो की अवधारणा तैयार की गई थी और मुख्यमंत्री की औपचारिक स्वीकृति के साथ इसका अनावरण किया गया।
प्रणब मुखर्जी की जयंती | राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स | 13 Dec 2025
चर्चा में क्यों?
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने 11 दिसंबर 2025 को राष्ट्रपति भवन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रमुख बिंदु
- प्रारंभिक जीवन: उनका जन्म 11 दिसंबर 1935 को पश्चिम बंगाल के मिराती में हुआ था। वे एक स्वतंत्रता सेनानी के पुत्र थे और भारत की स्वतंत्रता में अपने पिता के योगदान से प्रेरित थे।
- शिक्षा और करियर: उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से इतिहास, राजनीति विज्ञान और कानून में डिग्री प्राप्त की और वर्ष 1969 में राजनीति में प्रवेश करने से पूर्व एक कॉलेज शिक्षक तथा पत्रकार के रूप में कार्य किया।
- राजनीतिक अनुभव: उन्होंने विदेश, रक्षा, वाणिज्य और वित्तमंत्री सहित विभिन्न उच्च पदों पर कार्य किया जिसके साथ ही वे संसद के दोनों सदनों के लिये कई बार निर्वाचित भी हुए।
- प्रमुख योगदान: उन्होंने वर्ष 2004 से 2012 तक अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक सुधारों, खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, UIDAI, मेट्रो रेल और अन्य संबंधित नीतिगत निर्णयों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
- कूटनीतिक भूमिका: उन्होंने IMF, विश्व बैंक, संयुक्त राष्ट्र महासभा और राष्ट्रमंडल सम्मेलन जैसे अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया।
- राष्ट्रपति पद: पाँच दशकों से अधिक के विशिष्ट राजनीतिक करियर के बाद, वे 25 जुलाई 2012 को भारत के 13वें राष्ट्रपति बने।
- पुरस्कार: उन्हें कई पुरस्कार प्राप्त हुए, जिनमें वर्ष 2008 में पद्म विभूषण, सर्वश्रेष्ठ सांसद पुरस्कार, 1997 और कई अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से मानद डॉक्टरेट शामिल हैं।
- प्रकाशन एवं मान्यता: एक विपुल लेखक के रूप में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था और राष्ट्र निर्माण पर व्यापक रूप से लेखन किया और उन्हें वर्ष 1984 और 2010 में विश्व के सर्वश्रेष्ठ वित्त मंत्रियों में से एक के रूप में मान्यता दी गई।
भारत को जूनियर हॉकी में ऐतिहासिक कांस्य पदक | राष्ट्रीय करेंट अफेयर्स | 13 Dec 2025
चर्चा में क्यों?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 में कांस्य पदक जीतने पर भारत की पुरुष जूनियर हॉकी टीम को बधाई दी।

प्रमुख बिंदु
- ऐतिहासिक उपलब्धि: भारत ने जूनियर विश्व कप में पहला कांस्य पदक जीता, यह वर्ष 2016 में स्वर्ण पदक जीतने के बाद टूर्नामेंट में पहला पदक है।
- कांस्य पदक मैच: कांस्य पदक मैच में भारत ने अर्जेंटीना को 0-2 से पीछे छोड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 4-2 से हराया।
- टूर्नामेंट का फाइनल: जर्मनी ने निर्धारित समय में 1-1 से ड्रॉ रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट में स्पेन को 3-2 से हराकर अपना आठवाँ जूनियर विश्व कप खिताब जीता।
- राष्ट्रीय प्रेरणा: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टीम के शानदार प्रदर्शन से देश भर के अनगिनत युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।