राजस्थान का पहला नमो जैवविविधता पार्क | 06 Oct 2025
चर्चा में क्यों?
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रताप बाँध, अलवर में राजस्थान के पहले ‘नमो जैवविविधता पार्क’, जिसे ‘नमो वन’ के नाम से भी जाना जाता है, का उद्घाटन किया।
मुख्य बिंदु
- नमो वन के बारे में:
- नमो वन एक नई पर्यावरण-अनुकूल पार्क पहल है, जिसे प्रमुख भारतीय शहरों में शुरू किया गया है, जो हरित क्षेत्रों में वृद्धि और शहरी स्थिरता को बढ़ावा देने के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी प्रयासों का हिस्सा है।
- हरित अवसंरचना:
- इस पार्क को अलवर के लिये एक हरित फेफड़ा के रूप में देखा जा रहा है, जो स्थानीय हरियाली को बढ़ाएगा और वायु गुणवत्ता में सुधार करेगा।
- जन जागरूकता:
- इसका उद्देश्य पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देना और नागरिकों को पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाने के लिये प्रोत्साहित करना है।
- सामुदायिक भागीदारी:
- यह पहल संरक्षण में सार्वजनिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिये विकसित की गई है, जो भारत की जलवायु कार्रवाई और जैवविविधता लक्ष्यों के अनुरूप है।
- सतत् विकास पर केंद्रित:
- यह पहल राजस्थान के हरित विकास में एक महत्त्वपूर्ण प्रसास है और पर्यावरणीय सतत् विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का समर्थन करती है।
- महत्त्व:
- यह पार्क शहरी पारिस्थितिकी नियोजन को सार्वजनिक भागीदारी के साथ एकीकृत करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है, जो राष्ट्रीय जैवविविधता कार्य योजना और मिशन LiFE (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) पहल के तहत भारत के व्यापक प्रयासों को दर्शाता है।